वस्‍त्र मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रमुख निवेश और वस्त्र मूल्य-श्रृंखला  

प्रविष्टि तिथि: 11 AUG 2026 1:33PM by PIB Delhi

केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री श्री पबित्रा मार्गेरिटा ने आज लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि पीएम मित्र पार्क एक सरकारी पहल है, जिसका योजना परिव्यय 4,445 करोड़ रुपये है, जो वर्ष 2021-22 से 2027-28 की अवधि के लिए है, ताकि निवेश, रोजगार और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए भारत के सात राज्यों में विश्‍वस्‍तरीय, एकीकृत वस्‍त्र विनिर्माण केंद्र बनाए जा सकें। ये पार्क '5एफ' विजन (फार्म टू फाइबर टू फैक्ट्री टू फैशन टू फॉरेन) से प्रेरित हैं और आधुनिक अवसंरचना और सुविधाओं के साथ स्पिनिंग से लेकर अपैरल तक एक संपूर्ण वस्‍त्र मूल्य श्रृंखला विकसित करने का लक्ष्‍य रखते हैं। सात चयनित साइटें तमिलनाडु, तेलंगाना, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में हैं।

पीएम मित्र पार्क योजना में विकसित कारखानों की साइटों, प्‍लग एंड प्‍ले सुविधाओं, इन्क्यूबेशन केंद्रों, सड़कों, बिजली, पानी और अपशिष्ट जल प्रणालियों सहित सीईटीपी, कामगारों के छात्रावासों और आवास, लॉजिस्टिक्स पार्कों, गोदामों, चिकित्सा सुविधाओं और प्रशिक्षण तथा कौशल विकास सुविधाओं सहित सहायक अवसंरचना के साथ-साथ मुख्य अवसंरचना का विकास किया जाएगा। इसके अतिरिक्‍त, पार्क क्षेत्र का 10 प्रतिशत तक व्यावसायिक विकास के लिए उपयोग किया जा सकता है, जिसमें दुकानें और कार्यालय, शॉपिंग मॉल, होटल और कन्वेंशन सेंटर शामिल हैं।

वर्तमान में, सभी राज्यों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं और सभी साइटों के लिए 100% भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है। सभी पीएम मित्र पार्कों के लिए पर्यावरण मंजूरी प्राप्त कर ली गई है। सभी 5 ग्रीनफील्ड साइटों के लिए संयुक्त उद्यम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं और एसपीवी को शामिल किया गया है। सभी 7 राज्यों के लिए 13,537 करोड़ रुपये की डीपीआर को अंतिम रूप दिया गया है। पीएम मित्र राज्यों द्वारा अब तक 68,590 करोड़ रुपये की निवेश अभिरुचि प्राप्त की गई है। 2,736 करोड़ रुपये की लागत का बाह्य अवसंरचना का विकास कार्य प्रगति पर है, जिसमें से अब तक 797.30 करोड़ रुपये व्‍यय किए जा चुके हैं। मूल अवसंरचना के विकास के लिए आंतरिक अवसंरचना का कार्य सभी राज्यों में 1,720 करोड़ रुपये की लागत से प्रारंभ हो चुका है, जिसमें से अब तक 524 करोड़ रुपये व्‍यय किए जा चुके हैं।

योजना के तहत, मंत्रालय को पार्कों की स्थापना के लिए 13 राज्यों से 18 प्रस्ताव प्राप्त हुए। 7 साइटों का चयन किया गया जिनमें से 5 ग्रीनफील्ड श्रेणी और 2 ब्राउनफील्ड श्रेणी के अंतर्गत हैं। बजट 2026-27 में मेगा टेक्सटाइल पार्कों की स्थापना के लिए नई योजना की घोषणा की गई है। सरकार, सभी राज्य सरकारों से समय पर प्रस्ताव प्रस्तुत करने का अनुरोध करेगी।

*****

 

पीके/केसी/एसएस/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2297575) आगंतुक पटल : 82
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil