महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने लाइबेरिया गणराज्य के संसदीय प्रतिनिधिमंडल और लाइबेरिया की महिला विधायी समिति से मुलाकात की।

प्रविष्टि तिथि: 11 AUG 2026 4:37PM by PIB Delhi

भारत सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने आज नई दिल्ली के ब्लॉक 3 स्थित जीपीओए में लाइबेरिया गणराज्य के संसदीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में लाइबेरिया की सीनेट और प्रतिनिधि सभा के सदस्य तथा लाइबेरिया की महिला विधायी समिति के सदस्य शामिल थे। सुश्री एलेन-अट्टोह व्रेह प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही थीं। इस मुलाकात में संयुक्त राष्ट्र महिला संघ के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।  ये प्रतिनिधिमंडल 10 से 15 अगस्त 2026 तक दक्षिण-दक्षिण सहकर्मी शिक्षण मिशन के अंतर्गत भारत का दौरा कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र महिला संघ के सहयोग से आयोजित यह मिशन  भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका की सरकारों द्वारा भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका (आईबीएसए) कोष के माध्यम से वित्त पोषित है। इसका प्रबंधन संयुक्त राष्ट्र दक्षिण-दक्षिण सहयोग कार्यालय द्वारा किया जाता है।

प्रतिनिधिमंडल को भारत की महिला-नेतृत्व वाली विकास पहलों के बारे में जानकारी दी गई।  श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने राष्ट्रीय विकास में महिलाओं को सक्रिय भागीदार के रूप में देखने के भारत के दृष्टिकोण पर बल दिया और महिला सशक्तिकरण के प्रति भारत की विधायी, कार्यक्रमगत और संस्थागत प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। इसमें महिलाओं का राजनीतिक प्रतिनिधित्व, लैंगिक रूप से संवेदनशील शासन और बजट, महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के संस्थागत समाधान, देखभाल अर्थव्यवस्था और स्थानीय शासन में महिलाओं का नेतृत्व शामिल है। दोनों पक्षों ने साझा हितों के क्षेत्रों पर सार्थक विचार-विमर्श किया और दक्षिण-दक्षिण सहयोग के ढांचे के भीतर दोनों देशों के बीच सहयोग को और गहरा करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक का समापन लाइबेरियाई प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख को स्मृति चिन्ह भेंट करने और एक समूह तस्वीर के साथ हुआ।

***

पीके/केसी/एनकेएस/
 


(रिलीज़ आईडी: 2297762) आगंतुक पटल : 105
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati , Malayalam