शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

संसदीय प्रश्न: ब्रिक्स नेटवर्क यूनिवर्सिटी की आईजीबी बैठक

प्रविष्टि तिथि: 12 AUG 2026 6:38PM by PIB Delhi

भारत की 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान, शिक्षा मंत्रालय ने 20 जुलाई 2026 को वर्चुअल माध्यम से ब्रिक्स नेटवर्क यूनिवर्सिटी (ब्रिक्स एनयू) सम्मेलन का आयोजन किया। बैठक का विषय था "डिजिटल युग में पारंपरिक और स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों के संरक्षण की आवश्यकता एवं चुनौतियां"। सम्मेलन को तीन सत्रों में विभाजित किया गया था - (i) ब्रिक्स देशों में पारंपरिक और स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों का मानचित्रण, पहचान एवं व्यवस्थित दस्तावेजीकरण, (ii) पारंपरिक और स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों का संरक्षण एवं सुरक्षा तथा (iii) पारंपरिक और स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों के संरक्षण में डिजिटल प्रौद्योगिकियों की भूमिका।

इन सत्रों के दौरान भारत और ब्रिक्स सदस्य देशों के विषय विशेषज्ञों ने पारंपरिक एवं स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों के मानचित्रण, पहचान, व्यवस्थित दस्तावेजीकरण, संरक्षण, सुरक्षा तथा इनके संरक्षण में डिजिटल प्रौद्योगिकियों के उपयोग पर विचार-विमर्श किया। भारत ने ब्रिक्स के सदस्य देशों के साथ "पारंपरिक और स्वदेशी ज्ञान प्रणाली पर सहयोग को सुदृढ़ करने के मार्गदर्शक सिद्धांत" साझा किए।

ब्रिक्स एनयू के अंतरराष्ट्रीय शासी बोर्ड (आईजीबी) की बैठक 21 जुलाई 2026 को वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। बैठक के दौरान आईजीबी के सदस्यों ने ब्रिक्स एनयू में 11 अंतरराष्ट्रीय विषयगत समूहों (आईटीजी) के अंतर्गत भाग लेने वाले 178 विश्वविद्यालयों के बीच सहयोगात्मक गतिविधियों से संबंधित प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

ब्रिक्स एनयू के अंतर्गत प्रत्येक ब्रिक्स सदस्य देश को 11 अंतरराष्ट्रीय विषयगत समूहों (आईटीजी) में केंद्रित विषयों पर कार्य करने वाले दो उच्चतर शिक्षा संस्थानों को नामित करने का विकल्प है। ब्रिक्स एनयू में भारत के 22 संस्थान हैं। भारत ने ब्रिक्स एनयू और आईजीबी की बैठकों के दौरान "पारंपरिक और स्वदेशी ज्ञान प्रणाली" को 12वें आईटीजी के रूप में प्रस्तावित किया है और 7 अगस्त 2026 को आयोजित 13वीं ब्रिक्स शिक्षा मंत्रियों की बैठक में अपनाई गई घोषणा में भी इसका उल्लेख किया गया है।

यह जानकारी शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने आज राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में दी।

*****

पीके/केसी/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2298578) आगंतुक पटल : 127
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu