स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
आईसीएमआर-एनआईएचआर, जोधपुर में शाइन 2026 के तहत विद्यार्थियों ने प्राप्त किया वैज्ञानिक अनुसंधान का व्यावहारिक अनुभव
प्रविष्टि तिथि:
12 AUG 2026 7:05PM by PIB Jaipur
स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग–भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (डीएचआर–आईसीएमआर) द्वारा आईसीएमआर-एनआईएचआर, जोधपुर में साइंस एंड हेल्थ इनोवेशन फॉर द नेक्स्टजेन एक्सप्लोरर (SHINE) 2026 कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पीएम श्री केवीएस बीएसएफ, जोधपुर तथा पीएम श्री केवीएस क्रमांक 2, जोधपुर के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
शाइन 2026 विद्यालयी विद्यार्थियों के लिए डीएचआर–आईसीएमआर की विज्ञान-जनजागरूकता पहल है, जिसका उद्देश्य वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करना तथा स्वास्थ्य अनुसंधान, नवाचार, जैव-चिकित्सा विज्ञान और जन-स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आईसीएमआर-एनआईएचआर, जोधपुर के निदेशक डॉ. पंकज भारद्वाज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जन-स्वास्थ्य अनुसंधान, रोग-निवारण, स्वास्थ्य नवाचार और साक्ष्य-आधारित निर्णयों में आईसीएमआर की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ महानिदेशक के संदेश और कोवैक्सिन की विकास-यात्रा पर आधारित ऑडियो-विजुअल सत्र से हुआ। इसके बाद केंद्रीय प्रयोगशाला के भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरणीय स्वास्थ्य निगरानी, सूक्ष्मजीवविज्ञान, आणविक जीवविज्ञान, जैव-प्रौद्योगिकी, नैदानिक अनुसंधान तथा वेक्टर-जनित रोग अनुसंधान से संबंधित गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।
विद्यार्थियों को एसटीएस-पेज तकनीक, एयरोसोल मॉनिटर, एयर सैंपलर, गैस मॉनिटर तथा आईसीपी-एमएस के माध्यम से वायु प्रदूषण, पीएम 2.5 एवं पीएम 10, भारी धातुओं और सूक्ष्म तत्वों के विश्लेषण की जानकारी दी गई। आलू आधारित पीएच प्रयोग, रक्त प्रसंस्करण, सेंट्रीफ्यूगेशन एवं प्लाज्मा पृथक्करण की प्रक्रियाओं का भी प्रदर्शन किया गया।
आणविक जीवविज्ञान सत्र में विद्यार्थियों ने डीएनए से आरएनए और प्रोटीन बनने की प्रक्रिया, डीएनए प्रतिकृति, बैक्टीरियल कल्चर से डीएनए पृथक्करण तथा प्लास्मिड डीएनए पृथक्करण के बारे में जाना। उन्होंने केमिडॉक, जेल डॉक्यूमेंटेशन, रियल-टाइम पीसीआर तथा प्रमुख जैव-प्रौद्योगिकी उपकरणों का परिचय एवं प्रदर्शन भी देखा। वेक्टर जीवविज्ञान सत्र में मच्छरों के जीवन-चक्र, गैम्बूसिया मछली तथा फॉरेंसिक एंटोमोलॉजी के बारे में जानकारी दी गई।
आईसीएमआर-एनआईएचआर, जोधपुर द्वारा आयोजित शाइन 2026 के दो दिवसीय कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस पहल का आयोजन जोधपुर के साथ-साथ जयपुर और सीकर में भी किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत जोधपुर के 4 विद्यालयों, जयपुर के 2 विद्यालयों तथा सीकर के 3 विद्यालयों के लगभग 608 विद्यार्थियों के साथ आईसीएमआर वैज्ञानिकों ने संवाद किया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक आधारित ज्ञान को प्रत्यक्ष प्रयोगशाला अनुभव से जोड़ने का अवसर प्रदान किया। समापन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा आईसीएमआर-एनआईएचआर, जोधपुर के वैज्ञानिक, तकनीकी एवं सहयोगी दल के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।

(रिलीज़ आईडी: 2298836)
आगंतुक पटल : 53