स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
आईसीएमआर–शाइन कार्यक्रम के अंतर्गत दो दिवसीय वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन
प्रविष्टि तिथि:
12 AUG 2026 7:11PM by PIB Jaipur
आईसीएमआर-एनआईएचआर, जोधपुर के निदेशक डॉ. पंकज भारद्वाज के निर्देशन में मॉडल रूरल हेल्थ रिसर्च यूनिट (एमआरएचआरयू), भानपुर कलां, जयपुर द्वारा आईसीएमआर–शाइन (साइंस एंड हेल्थ इनोवेशन फॉर द नेक्स्टजेन एक्सप्लोरर) कार्यक्रम के अंतर्गत 11 एवं 12 अगस्त 2026 को दो दिवसीय वैज्ञानिक जागरूकता एवं संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम भानपुर कलां स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, वैज्ञानिक जिज्ञासा एवं अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें स्वास्थ्य अनुसंधान, आधुनिक विज्ञान और वैज्ञानिक तकनीकों के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम के प्रारंभ में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल का रिकॉर्डेड वीडियो संदेश प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अनुसंधान के महत्व, वैज्ञानिक सोच विकसित करने तथा देश में स्वास्थ्य अनुसंधान के क्षेत्र में हो रहे कार्यों के बारे में प्रेरणादायी जानकारी प्रदान की गई।
दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आईसीएमआर एवं एमआरएचआरयू की गतिविधियों, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अनुसंधान, वैज्ञानिक सोच, नवाचार तथा विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उपलब्ध शैक्षणिक एवं करियर अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। शैक्षणिक वीडियो, संवादात्मक गतिविधियों एवं जागरूकता सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. हेमराज पी. जांगिड़, डॉ. रजनीश गुप्ता एवं डॉ. आशीष साहू ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने वर्तमान वैज्ञानिक तकनीकों में हो रहे विकास, स्वास्थ्य अनुसंधान की नवीनतम दिशाओं तथा वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में करियर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उन्हें प्रश्न पूछने, वैज्ञानिक तथ्यों को समझने और समस्याओं के समाधान के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विज्ञान, स्वास्थ्य अनुसंधान और वैज्ञानिक तकनीकों से संबंधित विषयों पर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर प्रदान किया कि वैज्ञानिक अनुसंधान समाज और स्वास्थ्य सेवाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

(रिलीज़ आईडी: 2298839)
आगंतुक पटल : 53