स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

आईसीएमआर–राष्ट्रीय स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान, जोधपुर द्वारा सीकर जिले के विद्यालयों में शाइन गतिविधियों का आयोजन

प्रविष्टि तिथि: 12 AUG 2026 7:14PM by PIB Jaipur

आईसीएमआर–राष्ट्रीय स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान, जोधपुर द्वारा आईसीएमआर-शाइन पहल के अंतर्गत सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ एवं पिपराली ब्लॉक के विद्यालयों में 11 एवं 12 अगस्त 2026 को वैज्ञानिक जागरूकता एवं संवादात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। शाइन का उद्देश्य अगली पीढ़ी के विद्यार्थियों में विज्ञान, स्वास्थ्य एवं नवाचार के प्रति रुचि विकसित करना है।

यह कार्यक्रम आईसीएमआर-एनआईएचआर, जोधपुर के निदेशक डॉ. पंकज भारद्वाज के मार्गदर्शन तथा डॉ. रमेश कुमार सांगवान के नेतृत्व में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के माध्यम से किशोर स्वास्थ्य सेवाओं के अनुकूलन परियोजना दल द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, नवाचार की भावना तथा स्वास्थ्य एवं जैव-चिकित्सा अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करना था। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान, स्वास्थ्य अनुसंधान तथा जैव-चिकित्सा के क्षेत्र में उपलब्ध शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अवसरों से भी अवगत कराया गया।

11 अगस्त को लक्ष्मणगढ़ ब्लॉक में खड़ी बड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से संबद्ध गस्सू स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र के अंतर्गत एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

12 अगस्त को पिपराली ब्लॉक में बाजोर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से संबद्ध गोकुलपुरा स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र के अंतर्गत दो विद्यालयों में शाइन गतिविधियाँ आयोजित की गईं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोकुलपुरा तथा पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, गोकुलपुरा के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत कुल तीन विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के विभिन्न पहलुओं, वैज्ञानिक सोच, नवाचार, जैव-चिकित्सा अनुसंधान तथा समाज एवं स्वास्थ्य सेवाओं में अनुसंधान की भूमिका के बारे में जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा वैज्ञानिक विषयों से संबंधित अपनी जिज्ञासाएँ भी साझा कीं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अनुसंधान दल की डॉ. रितु चौधरी, सुश्री पारुल कुमावत, सुश्री दीक्षा चौधरी, सुश्री कामायनी माहावर, श्री सोहन प्रकाश तथा श्री पवन कुमार की सक्रिय सहभागिता रही।


(रिलीज़ आईडी: 2298840) आगंतुक पटल : 54