शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना के लिए पात्र छात्र 31 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं

प्रविष्टि तिथि: 06 AUG 2026 8:44PM by PIB Delhi

शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) के अंतर्गत नए और नवीनीकरण आवेदनों की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 है। छात्र राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) पर आवेदन कर सकते हैं।

एनएमएमएसएस के अंतर्गत आवेदनों का सत्यापन दो स्तरों पर किया जाता है:

         स्तर-1 (एल1) सत्यापन: संस्थान नोडल अधिकारी (आईएनओ) द्वारा अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026

        स्तर-2 (एल2) सत्यापन: जिला नोडल अधिकारी (डीएनओ) द्वारा अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026

इसके अलावा शैक्षणिक वर्ष 2026-27 से छात्र संबंधित योजनाओं में निर्धारित पात्रता पूरी करने पर एक मेरिट आधारित छात्रवृत्ति योजना और एक या अधिक कल्याण आधारित छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए एक साथ आवेदन कर सकते हैं।

केंद्र प्रायोजित यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रो को छात्रवृत्ति प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य कक्षा 8 के बाद विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना और माध्यमिक स्तर पर पढ़ाई छोड़ने की दर को कम करना है।

इस योजना के अंतर्गत हर वर्ष कक्षा 9 में पढ़ने वाले पात्र छात्रो को एक लाख नई छात्रवृत्तियां दी जाती हैं। निर्धारित शर्तों के अनुसार कक्षा 10 से 12 तक छात्रवृत्ति का नवीनीकरण किया जाता है। यह छात्रवृत्ति राज्य सरकार के स्कूलों, सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों और स्थानीय निकायों के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रो के लिए है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने सभी पात्र छात्रो  से अंतिम तिथि से पहले आवेदन करने की अपील की है, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके। साथ ही संस्थान और जिला नोडल अधिकारियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदनों का सत्यापन पूरा करने का अनुरोध किया गया है, ताकि छात्रवृत्ति की प्रक्रिया और राशि का वितरण समय पर किया जा सके।

*****

पीके/केसी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2298952) आगंतुक पटल : 12
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati , Telugu , Malayalam