कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान व श्री प्रल्हाद जोशी 14 अगस्त को पंजाब-हरियाणा दौरे पर
चंडीगढ़ में CBDC–आधारित DBT लॉन्च करेंगे केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह, PDS में पारदर्शिता को नई दिशा
अजीजपुर गांव में किसानों से सीधा संवाद करेंगे केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान
धांड के FCI साइलो का निरीक्षण एवं अनाज भंडारण व सप्लाई चेन की समीक्षा भी करेंगे श्री शिवराज सिंह- श्री प्रल्हाद जोशी
प्रविष्टि तिथि:
13 AUG 2026 6:25PM by PIB Delhi
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय शिक्षा तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय एवं नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी 14 अगस्त को पंजाब दौरे पर रहेंगे। यह दौरा सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी पारदर्शिता और खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था की मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 14 अगस्त को सुबह दिल्ली से चंडीगढ़ के लिए रवाना होकर चंडीगढ़ स्थित टैगोर थिएटर में, सुबह 11 बजे पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाबचंद कटारिया की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में, मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) व्यवस्था की शुरुआत करेंगे जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अनाज व अन्य लाभों का भुगतान और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से लाभार्थियों तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी विशिष्ट अतिथि होंगे। वहीं, केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री श्रीमती निमुबेन जयंतीभाई बंभणिया भी उपस्थित रहेंगी।
चंडीगढ़ के कार्यक्रम के बाद मंत्रीगण दोपहर 2 बजे अजीजपुर गांव में किसानों से सीधा संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का उद्देश्य जमीन पर काम कर रहे किसानों से सीधे फीडबैक लेकर नीतियों को और व्यावहारिक एवं किसान–केंद्रित बनाना है। इस दिशा में केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान हर राज्य में प्रवास के दौरान किसानों से सीधा संवाद करते हैं। तत्पश्चात, 4:30 में केंद्रीय मंत्री हरियाणा के कैथल जिले के धांड स्थित भारतीय खाद्य निगम (FCI) के साइलो का निरीक्षण करेंगे। यहां वे खाद्यान्न भंडारण क्षमता, गुणवत्ता प्रबंधन, आधुनिक साइलो प्रणाली और राज्यों में सप्लाई चेन की स्थिति की समीक्षा करेंगे ताकि PDS के तहत अनाज वितरण और अधिक सुव्यवस्थित व वैज्ञानिक बनाया जा सके।
*****
आरसी/एमएस
(रिलीज़ आईडी: 2299089)
आगंतुक पटल : 173