रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए लाल किले पर तैयारियां पूरी


प्रधानमंत्री ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ और ‘विकसित भारत@2047 के लिए युवा शक्ति’ के अवसर पर आयोजित भव्य समारोहों का नेतृत्व करेंगे

इस उत्सव के हिस्से के रूप में पहली बार ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा

प्रविष्टि तिथि: 13 AUG 2026 4:46PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 15 अगस्त 2026 को दिल्ली के लाल किले से 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। इस भव्य आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150 वर्ष पुरानी विरासत को याद किया जाएगा। साथ ही, 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में देश की यात्रा में ‘युवा शक्ति’ की ऊर्जा, आकांक्षाओं और महत्वपूर्ण योगदान का उत्सव मनाया जाएगा। खास बात यह है कि पहली बार लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन किया जाएगा।

समारोह

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह लाल किले प्रांगण में पहुंचने  पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र का स्वागत करेंगे। इसके बाद रक्षा सचिव, दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल राजेश सेठी का परिचय प्रधानमंत्री से कराएंगे। इसके पश्चात दिल्ली क्षेत्र के जीओसी प्रधानमंत्री को सलामी मंच तक ले जाएंगे, जहां पर तीनों सेनाओं और दिल्ली पुलिस के संयुक्त दल द्वारा प्रधानमंत्री को ‘जनरल सैल्यूट’ दिया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का निरीक्षण करेंगे।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के लिए ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ की टुकड़ी में सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस में से प्रत्येक के एक अधिकारी और 24 जवान शामिल होंगे। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए भारतीय सेना को समन्वयक सेवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ की कमान लेफ्टिनेंट कर्नल अर्जुन सिंह संभालेंगे। प्रधानमंत्री के गार्ड में सेना की टुकड़ी का नेतृत्व मेजर आदित्य शर्मा, नौसेना की टुकड़ी का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कमांडर नीलम राणा और वायु सेना की टुकड़ी का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर विपिन कुमार करेंगे। दिल्ली पुलिस की टुकड़ी की कमान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) श्री विनीत कुमार संभालेंगे।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का निरीक्षण करने के बाद लाल किले की प्राचीर की ओर बढ़ेंगे। वहां रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन और थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद दिल्ली क्षेत्र के जीओसी प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्राचीर पर बने मंच तक ले जाएंगे।

कैप्टन सोनिया सिंह चौहान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रीय ध्वज फहराने में सहायता करेंगी। ध्वजारोहण के साथ ही 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) के बहादुर गनर्स द्वारा 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। स्वदेशी 105 मिमी लाइट फील्ड गन से सुसज्जित इस सेरेमोनियल बैटरी की कमान मेजर पवन सिंह शेखावत संभालेंगे। गन पोजीशन ऑफिसर की जिम्मेदारी नायब सूबेदार (गनरी में सहायक प्रशिक्षक) अनुतोष सरकार निभाएंगे।

नेशनल फ्लैग गार्ड में सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस से एक-एक अधिकारी और 32-32 जवान शामिल होंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के समय यह इंटर-सर्विसेज गार्ड और पुलिस गार्ड ‘राष्ट्रीय सलामी’ देंगे।

इस संयुक्त गार्ड की कमान मेजर लोकेंद्र सिंह शेखावत संभालेंगे। नेशनल फ्लैग गार्ड में सेना की टुकड़ी का नेतृत्व मेजर विकास यादव, नौसेना की टुकड़ी का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कमांडर अभिलाष और वायु सेना की टुकड़ी का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर उमेश जी करेंगे। दिल्ली पुलिस की टुकड़ी की कमान अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) श्री विकास मीणा संभालेंगे।

तिरंगा फहराए जाने के बाद उसे ‘राष्ट्रीय सलामी’ दी जाएगी। इस दौरान सेना का बैंड, जिसमें एक जेसीओ और 25 अन्य रैंक के जवान शामिल होंगे, ‘वंदे मातरम’ की धुन बजाएगा। लाल किले पर मौजूद सभी लोग इसके साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन करेंगे और फिर उसके बाद राष्ट्रगान का गायन होगा। सेना के बैंड का संचालन सूबेदार ईश्वर सिंह करेंगे।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001DFZA.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002RCE5.jpg

 

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जिस समय राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, लागग उसी समय भारतीय वायु सेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर कार्यक्रम स्थल पर पुष्पवर्षा करेंगे। इनमें से एक हेलीकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज, जबकि दूसरा ‘वंदे मातरम’ अंकित ध्वज लेकर उड़ान भरेगा। इन हेलीकॉप्टरों की कमान विंग कमांडर रजत और स्क्वाड्रन लीडर अंकित वार्ष्णेय संभालेंगे।

पुष्पवर्षा के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्र को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन के समापन पर राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट और ‘मेरा भारत’ के स्वयंसेवक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन करेंगे। इसके बाद राष्ट्रगान का गायन होगा। इस समारोह में सेना, नौसेना और वायु सेना के कैडेटों तथा ‘मेरा भारत’ के स्वयंसेवकों सहित कुल 2,500 लड़के और लड़कियां हिस्सा लेंगे। ये सभी ज्ञानपथ पर लाल किले की प्राचीर के सामने बैठेंगे और ‘वंदे मातरम’ की आकृति बनाएंगे। समारोह की थीम ‘विकसित भारत @2047’ को प्रदर्शित करने के लिए ज्ञानपथ पर विशेष दृश्य अवरोधक भी लगाए जाएंगे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0031ELC.jpg

विशिष्ट मेहमान

इस वर्ष लाल किले पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें समाज के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करने वाले लोग शामिल होंगे।

* अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के स्वयंसेवक

* प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत महिला उद्यमी

* नमस्ते, पीएम-अजय और सीड योजनाओं के लाभार्थी

* उत्कृष्ट कार्य करने वाले ‘मेरा भारत’ स्वयंसेवक

* प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के उत्कृष्ट लाभार्थी

* पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर

* स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरी सफाई कर्मचारी

* उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिल्ली मेट्रो कर्मचारी

* कर्तव्य पथ और सेंट्रल विस्टा परियोजना से जुड़े उत्कृष्ट कर्मचारी

* राष्ट्रीय नवाचार कार्यक्रम के तहत युवा नवोन्मेषक

* विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नवोन्मेषक और वैज्ञानिक

* दिल्ली में भारत टैक्सी के सारथी, कैब चालक और टैक्सी चालक

* प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत उत्कृष्ट इंटर्न

* विभिन्न योजनाओं के तहत समर्थित उत्कृष्ट स्टार्टअप

* प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षित उत्कृष्ट युवा

* स्टार्टअप इंडिया सीड फंड के तहत समर्थित उत्कृष्ट स्टार्टअप

* दिल्ली के सरकारी अस्पतालों के नर्सिंग अर्दली (वार्ड अटेंडेंट) और अन्य कर्मचारी

* पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थी

* पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत कारीगर

* प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन (पीएम-एसवाईएम) योजना के उत्कृष्ट लाभार्थी

* प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना (पीएम-एमकेएसएसवाई) के उत्कृष्ट किसान

* दिल्ली के सरकारी स्कूलों में आयोजित विभिन्न प्रश्नोत्तरी और प्रतियोगिताओं के विद्यार्थी

इस भव्य समारोह को देखने के लिए विभिन्न राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से पारंपरिक वेशभूषा पहने 1,500 से अधिक लोगों को भी आमंत्रित किया गया है।

आमंत्रित लोगों के लिए विशेष सुविधाएं

  • क्लोकरूम की सुविधा: गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान आगंतुकों ने क्लोकरूम की सुविधा की सराहना की थी। इसी को ध्यान में रखते हुए आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए छह स्थानों पर कुल 25 क्लोकरूम बनाए गए हैं।
  • हेल्पडेस्क पर स्वयंसेवक: कुल 200 स्वयंसेवक—एनसीसी के 100 और ‘मेरा भारत’ के 100—पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर आगंतुकों को उनके निर्धारित घेरे तक पहुंचने में सहायता करेंगे। लाल किले की ओर जाने वाले मार्ग पर इन स्वयंसेवकों की आसानी से पहचान की जा सकेगी।
  • व्हीलचेयर की सुविधा: व्हीलचेयर की आवश्यकता वाले आगंतुकों की सहायता के लिए एनसीसी कैडेट मेट्रो स्टेशनों और पार्किंग क्षेत्रों में तैनात रहेंगे।
  • मेट्रो सेवाएं: कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए 15 अगस्त को सुबह 4 बजे से मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। सभी आमंत्रित लोगों के लिए मेट्रो यात्रा निःशुल्क होगी। ई-निमंत्रण पत्र के साथ मेट्रो का क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
  • परेड ग्राउंड में पार्किंग: वैध पार्किंग पास या लेबल वाले आगंतुकों के लिए परेड ग्राउंड में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
  • पैदल यात्रियों के लिए रैंप: ऊपरी सुभाष मार्ग से निचले सुभाष मार्ग तक पैदल यात्रियों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए अधिक मजबूत रैंप और सीढ़ियों का निर्माण किया गया है।
  • गूगल और मैपल्स मैप्स का उपयोग: मुख्य समारोह के दिन यातायात संबंधी प्रतिबंधों और मार्गों से जुड़ी जानकारी लोगों की सुविधा के लिए गूगल और मैपल्स मैप्स पर उपलब्ध कराई जाएगी।
  • निमंत्रण पत्र: इस वर्ष के निमंत्रण पत्र पर ‘सेवा तीर्थ’ और ‘धर्म चक्र’ की झलक प्रस्तुत की गई है।
  • रेन पोंचो: मुख्य समारोह के दिन मौसम की अनिश्चित परिस्थितियों को देखते हुए प्राचीर पर मौजूद विशेष अतिथियों को छोड़कर माधव दास पार्क और 15 अगस्त पार्क में सभी आमंत्रित लोगों को रेन पोंचो उपलब्ध कराए जाएंगे।

बैठने की जगहों के नाम

वीआईपी संस्कृति को समाप्त करने और जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से 2026 के गणतंत्र दिवस समारोह में बैठने की जगहों के नाम नदियों के नाम पर रखे गए थे। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में बैठने की जगहों के नाम भारत की प्रमुख झीलों के नाम पर रखे गए हैं। इनमें बड़खल, भीमताल, चंद्रताल, चिल्का, दलपत सागर, डिमना, दूधसागर, हाफलोंग, हरिके, हुसैन सागर, कंवर, कांकरिया, कोलेरू, लोकतक, लोनार, पैंगोंग त्सो, पुलिकट, पुष्कर, रवींद्र सरोवर, रामगढ़ ताल, रुद्रसागर, साख्य सागर, शांति सागर, वेम्बनाड और वुलर झील शामिल हैं।

स्वच्छता अभियान

इस वर्ष लाल किले पर राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट और ‘मेरा भारत’ के स्वयंसेवक कार्यक्रम के बाद विशेष स्वच्छता अभियान चलाएंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समारोह समाप्त होने और दर्शकों के लौटने के बाद लाल किले परिसर में व्यवस्थित तरीके से ‘प्लॉगिंग’ (कचरा उठाते हुए पैदल चलना) की जाए और एकत्रित कचरे को तुरंत हटाया जाए।

जल निकासी प्रबंधन

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान संभावित बारिश को ध्यान में रखते हुए जलभराव और पानी के अतिप्रवाह को रोकने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। लाल किले और आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी तथा सीवेज व्यवस्था की पूरी तरह सफाई और आवश्यक रखरखाव किया जा रहा है।

प्रतियोगिताएं

स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले रक्षा मंत्रालय ने ‘माईगॉव’ के सहयोग से विभिन्न प्रश्नोत्तरी और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं और नागरिकों को देश के विकास, स्वतंत्रता आंदोलन, संविधान, विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे विषयों से जोड़ना था।

आयोजित प्रमुख प्रतियोगिताएं इस प्रकार हैं:

‘2047 तक विकसित भारत बनाने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता।

‘भारत 1947 बनाम भारत 2047’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता।

निम्नलिखित विषयों पर ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिताएं:

‘भारत का संविधान – मौलिक अधिकार, कर्तव्य, प्रमुख अनुच्छेद और संविधान निर्माता’

‘भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं की भूमिका – रानी लक्ष्मीबाई से सरोजिनी नायडू और उनके बाद की महिलाएं’

‘आधुनिक भारत के प्रमुख पड़ाव – तकनीकी प्रगति और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में उपलब्धियां’

‘परमाणु प्रौद्योगिकी में भारत की सफलता की कहानी’

इन प्रतियोगिताओं के लगभग 600 विजेता भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे।

इसके अलावा, अन्य मंत्रालयों और विभागों, दिल्ली सरकार (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) तथा दिल्ली पुलिस ने भी विभिन्न ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी और गतिविधियों का आयोजन किया है, जिनका विवरण आगे दिया गया है।

 

दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस की प्रतियोगिताएं एवं गतिविधियां

शिक्षा विभाग, दिल्ली सरकार द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें शामिल हैं:

‘मेरा भारत’ कॉलेज प्रतियोगिता

‘हीरोज को सलाम’ – वॉल डिस्प्ले गतिविधि

सांस्कृतिक मिलन पर आधारित प्रस्तुतियां और प्रतियोगिताएं

प्रश्नोत्तरी रिले

पुनर्चक्रित सामग्री से तिरंगा बनाने की गतिविधि

तिरंगा साइक्लोथॉन

तिरंगा दौड़

तिरंगा वॉकथॉन

‘हर घर तिरंगा’ अभियान

 

दिल्ली पुलिस द्वारा भी देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इनमें शामिल हैं:

 

सच्ची देशभक्ति विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता

देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता

स्वतंत्रता सेनानियों पर निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता

राष्ट्रीय एकता पर स्लोगन लेखन और रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता

‘आत्मनिर्भर भारत’ विषय पर पोस्टर निर्माण और चित्रकला प्रतियोगिता

राष्ट्रीय एकता पर नुक्कड़ नाटक

नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम

महिलाओं की सुरक्षा और आत्मरक्षा कार्यक्रम

साइबर जागरूकता और साइबर सुरक्षा कार्यक्रम

‘विविधता में एकता’ विषय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम

 

बैंड प्रस्तुतियां

नागरिकों में देशभक्ति की भावना को प्रबल करने और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशभर में 343 प्रमुख स्थानों पर विभिन्न बैंड प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रस्तुतियों में भारतीय सेना, भारतीय नौसेना, भारतीय वायु सेना, भारतीय तटरक्षक बल, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), एकीकृत रक्षा स्टाफ (आईडीएस), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और असम राइफल्स के बैंड हिस्सा ले रहे हैं। इन बैंड प्रस्तुतियों वाले सभी स्थानों पर आम जनता के लिए प्रवेश खुला रहेगा।

देश के द्वीपों पर झंडा फहराना

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप में भारतीय नौसेना व स्थानीय प्रशासन द्वारा झंडा फहराया जाएगा।

****

पीके/केसी/एनके/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2299325) आगंतुक पटल : 123
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Marathi , Malayalam , English , Urdu , Manipuri , Tamil