गृह मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में पूंछे गए प्रश्नों की अधिसूचना जारी

प्रविष्टि तिथि: 14 AUG 2026 5:15PM by PIB Bhopal

भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात् जनसंख्या की गणना के संबंध में भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त का कार्यालय द्वारा दिनांक 14.08.2026 को जनसंख्या की गणना के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों की अधिसूचना जारी की गई है। इस अधिसूचना के अनुसार जनगणना पदाधिकारियों द्वारा परिवार अनुसूची के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित विषयों के संबंध में जानकारी प्राप्त की जाएगी।

भारत सरकार द्वारा जारी उक्त अधिसूचना के अनुसार जनगणना पदाधिकारी अपने निर्धारित स्थानीय सीमाओं के अंतर्गत निवासरत व्यक्तियों से परिवार अनुसूची के माध्यम से कुल 40 प्रश्नों पर क्षेत्र की सीमाओं जानकारी एकत्र करेंगे।

जनसंख्या की गणना के दौरान व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि एवं आयु वर्तमान वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु, पति/पत्नी का नाम तथा घोषित राष्ट्रीयता इत्यादि की जानकारी ली जाएगी। इसके साथ ही धर्म, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/जाति, माता-पिता का विवरण तथा निःशक्तता से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी।

अधिसूचना के अनुसार मातृभाषा एवं अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता एवं डिजिटल साक्षरता, शैक्षणिक संस्थान में शिक्षा ग्रहण करने की स्थिति, उच्चतम शैक्षणिक स्तर एवं विषय/संकाय से संबंधित जानकारी भी एकत्र की जाएगी। रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों से जुड़े प्रश्नों में पिछले वर्ष काम करने की स्थिति, आर्थिक कार्यकलाप की श्रेणी, व्यवसाय, उद्योग/व्यापार/सेवा का स्वरूप तथा कर्मी की श्रेणी आदि शामिल हैं। इसके साथ ही गैर-आर्थिक कार्यकलाप, काम की खोज अथवा काम के लिए उपलब्ध होने की स्थिति तथा कार्यस्थल तक की यात्रा से संबंधित जानकारी भी एकत्र की जाएगी।

प्रवास एवं निवास से संबंधित जानकारी के अंतर्गत जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान, स्थान परिवर्तन का कारण, वर्तमान गांव/नगर में निवास की अवधि तथा स्थायी निवास का पता भी पूछा जाएगा। निर्धारित अनुसूची में महिलाओं के सम्बन्ध में वर्तमान में जीवित एवं कभी भी जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या (केवल वर्तमान में विवाहित, तलाकशुदा, विधवा और विच्छेदित महिला के लिए) तथा पिछले एक वर्ष में जीवित जन्मे बच्चों की संख्या (केवल वर्तमान विवाहित महिला के लिए) से संबंधित प्रश्न भी शामिल हैं।

अधिसूचना में कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की कुल संख्या तथा उपलब्ध होने पर मोबाइल नंबर, आधार नंबर, वोटर आईडी नंबर, पासपोर्ट नंबर (यदि भारतीय पासपोर्ट धारक हैं) और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से संबंधित जानकारी भी ली जाएगी।

भारत की जनगणना-2027 देश की सामाजिक-आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े उपलब्ध कराने वाली एक व्यापक प्रक्रिया है। इससे प्राप्त आंकड़े सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं विकास कार्यक्रमों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। राष्ट्रीय महत्त्व के इस कार्य के सफल संचालन के लिए देश के प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग अपेक्षित है।

***

अधिक जानकारी के लिए: यहाँ क्लिक करे


(रिलीज़ आईडी: 2299474) आगंतुक पटल : 142