राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
एनएचआरसी का अगस्त 2026 का ऑनलाइन अल्पकालिक इंटर्नशिप कार्यक्रम संपन्न
एनएचआरसी सदस्य श्रीमती विजया भारती सयानी ने समापन समारोह में इंटर्न से समाज के व्यापक हित में अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग करने को कहा
2,036 आवेदकों में से चयनित विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमि के 96 विश्वविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम पूरा किया
प्रविष्टि तिथि:
14 AUG 2026 6:00PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का दो सप्ताह का ऑनलाइन अल्पकालिक इंटर्नशिप कार्यक्रम आज संपन्न हुआ। इसे 96 विश्वविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक पूरा किया। कार्यक्रम 3 अगस्त 2026 को शुरू हुआ था। देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से प्राप्त 2,036 आवेदनों में से इन इंटर्न का चयन किया गया था।

समापन सत्र में एनएचआरसी सदस्य श्रीमती विजया भारती सयानी ने इंटर्न को कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी। उन्होंने देश के सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों में सेवा के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सेवा केवल दान या सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के व्यापक हित के लिए समर्पण की भावना है। उन्होंने इंटर्न से कहा कि मानवाधिकार अंततः लोगों से जुड़े हैं। प्रत्येक फाइल और मानवाधिकार उल्लंघन की हर घटना के पीछे एक मानवीय कहानी होती है, जिसे सुना और समझा जाना जरूरी है।

श्रीमती सयानी ने इंटर्न से जिम्मेदार नागरिक बनने और अपने पेशे की परवाह किए बिना समाज के व्यापक हित में अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों का पालन करना हर पीढ़ी की जिम्मेदारी है। भगवद्गीता, स्वामी विवेकानंद और डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने इंटर्न से अपने ज्ञान के माध्यम से दूसरों को शिक्षित करने और उनके लिए अवसर सृजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। विकास का अर्थ केवल आर्थिक वृद्धि और बेहतर बुनियादी ढांचा नहीं, बल्कि मानव गरिमा, न्याय, समानता और समावेशिता को बनाए रखना भी है।

इससे पहले एनएचआरसी की संयुक्त सचिव श्रीमती सैडिंगपुई छकचुआक ने इंटर्नशिप कार्यक्रम का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इंटर्न को एनएचआरसी के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ प्रतिष्ठित विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, कोर ग्रुप के सदस्यों और नागरिक समाज संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत का अवसर मिला। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कार्यक्रम से इंटर्न की मानवाधिकारों की समझ और अधिक व्यापक हुई होगी। उन्होंने पुस्तक समीक्षा, समूह शोध परियोजना प्रस्तुति और भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की भी घोषणा की। इस अवसर पर एनएचआरसी के संयुक्त सचिव श्री समीर कुमार, उप सचिव श्रीमती विनीता ओट्टापुरक्कल कल्लाडा और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
***
पीके/केसी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2299552)
आगंतुक पटल : 48