सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक परिषद की पांचवीं बैठक की अध्यक्षता की; बुजुर्गों के कल्याण, उनके स्वास्थ्य देखभाल और सशक्तिकरण से संबंधित प्रमुख पहलों व नीतिगत मुद्दों की समीक्षा की


ई-बुक "स्नेह - स्टोरीज ऑफ नर्चरिंग, एंगेजमेंट, हैप्पीनेस एंड एक्टिव एजिंग" का विमोचन किया

प्रविष्टि तिथि: 14 AUG 2026 7:52PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक परिषद (एनसीएसआरसी) की पांचवीं बैठक आज राष्ट्रीय राजधानी के डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई।

वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, स्वास्थ्य देखभाल और सशक्तिकरण से जुड़े प्रमुख नीतिगत मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव श्री सुधांश पंत, वरिष्ठ नागरिक प्रभाग की संयुक्त सचिव श्रीमती मोनाली पी. धकाते, परिषद के सदस्यों, केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों, राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों, गैर-सरकारी संगठनों और वरिष्ठ नागरिक संगठनों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए, डॉ. वीरेंद्र कुमार ने दोहराया कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक गरिमा, सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और समाज में सक्रिय भागीदारी के साथ अपना जीवन जिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सशक्तिकरण, विकसित भारत @2047 के दृष्टिकोण का एक अभिन्न अंग है और सभी हितधारकों से एक समावेशी, बुजुर्ग-अनुकूल और संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में मिलकर काम करने का आह्वान किया।

परिषद ने अटल वयो अभ्युदय योजना (एवीवाईएवाई) के कार्यान्वयन की व्यापक समीक्षा की, जिसमें इसकी पहुंच, प्रभावशीलता और प्रभाव का आकलन किया गया। परिषद ने सरकार की ऐतिहासिक पहल के कार्यान्वयन पर विचार-विमर्श किया, जिसके अंतर्गत 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के तहत स्वास्थ्य बीमा कवरेज प्रदान किया जाएगा। परिषद ने केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) रेट कार्ड में जेरियाट्रिक केयरगिवर्स सर्विस को शामिल करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया।

परिषद ने राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक परिषद की चौथी बैठक के निर्णयों पर उठाए गए कदमों की भी समीक्षा की। माननीय मंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों तक कल्याणकारी सेवाओं और लाभों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए संबंधित मंत्रालयों/विभागों और राज्यों/केंद्र-शासित प्रदेशों के बीच बेहतर तालमेल के साथ सिफारिशों को शीघ्र लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

परिषद ने वरिष्ठ नागरिकों के जीवन स्तर को उन्नत करने के लिए सामाजिक सुरक्षा, संस्थागत देखभाल, वृद्धावस्था में स्वस्थ जीवन, क्षमता निर्माण और सामुदायिक भागीदारी से संबंधित मुद्दों पर गैर-सरकारी सदस्यों, राज्यों और संबंधित मंत्रालयों/विभागों से प्राप्त विभिन्न सुझावों और सिफारिशों पर भी विचार किया।

इस अवसर पर, माननीय मंत्री ने "स्नेह– स्टोरीज ऑफ नर्चरिंग, एंगेजमेंट, हैप्पीनेस एंड एक्टिव एजिंग" नामक एक ई-बुक का विमोचन किया। यह ई-बुक अक्टूबर 2024 से जून 2026 तक वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए विभाग के प्रमुख कार्यक्रमों, पहलों और उपलब्धियों को दर्शाती है। ई-बुक एजिंग विद डिग्निटी  की थीम के साथ, स्वस्थ जीवन को बढ़ावा देने, राष्ट्र-निर्माण की गतिविधियों में वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने और लोगों तक पहुंचने के लिए मंत्रालय के 21 महीनों के प्रयासों की यात्रा को प्रदर्शित करती है।

परिषद ने वरिष्ठ नागरिकों के संबंध में प्रौद्योगिकी- आधारित शासन को सुदृढ़ करने के लिए दो प्रमुख डिजिटल पहलों को शुरू करने के विभाग के प्रयासों की भी सराहना की।

जीवन (जॉइंट एल्डरली एम्पावरमेंट एंड वर्चुअल असिस्टेंस नेटवर्क) ऐप को वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिवारों को एक यूजर्स-अनुकूल मोबाइल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं तक निर्बाध और एकीकृत पहुंच प्रदान करने के लिए बनाया गया है। शतायु (सीनियर होलिस्टिक केयर असिस्टेंस एंड ट्रेनिंग फॉर योर यूटिलिटी) को प्रशिक्षित जेरियाट्रिक केयरगिवर्स की सेवाएं प्रदान करने के लिए एक समर्पित डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है, जो घर पर ही वृद्धावस्था देखभाल के सिद्धांत पर जोर देता है।

बैठक में अंतर-मंत्रालयी समन्वय को सुदृढ़ करने, शासन और सेवा वितरण में सुधार के लिए डिजिटल तकनीकों का लाभ उठाने तथा देश भर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वस्थ, सक्रिय और गरिमामय वृद्धावस्था को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

****

पीके/केसी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2299728) आगंतुक पटल : 55
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil