महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कोलकाता में पश्चिम बंगाल में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की
केंद्रीय मंत्री ने केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल का आह्वान किया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि पश्चिम बंगाल में हर पात्र महिला और बच्चे को केंद्र की योजनाओं का लाभ मिले
समीक्षा को कार्रवाई में, कार्रवाई को परिणाम में और परिणाम को परिवर्तन में बदलना चाहिए: श्रीमती अन्नपूर्णा देवी
प्रविष्टि तिथि:
20 AUG 2026 8:10PM by PIB Delhi
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री, श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने आज कोलकाता में पश्चिम बंगाल में कार्यान्वित की जा रही महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, पश्चिम बंगाल सरकार की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती मालती रावा रॉय और भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव श्री अनिल मलिक भी उपस्थित रहे। बैठक में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा पश्चिम बंगाल सरकार के महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री, श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिला-नेतृत्व के विकास और 'विकसित भारत' के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समीक्षा को कार्रवाई में, कार्रवाई को परिणाम में और परिणाम को परिवर्तन में बदलना चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि जमीनी स्तर पर योजनाओं का समयबद्ध कार्यान्वयन, पारदर्शिता और वास्तविक समय में निगरानी होनी चाहिए ताकि योजनाएं लक्षित लाभार्थियों तक पहुंच सकें।

केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार के अधिकारियों को उनकी भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया और भरोसा जताया कि बेहतर तालमेल और साझा प्रतिबद्धता के साथ, पश्चिम बंगाल महिलाओं और बच्चों तक इन योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचाने में सक्षम होगा।
बैठक में पश्चिम बंगाल में मिशन शक्ति, मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 और मिशन वात्सल्य के तहत योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। पोषण ट्रैकर, पीएमएमवीवाई पोर्टल आदि जैसे डिजिटल प्लेटफार्मों के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा की गई।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समिति की बैठक कल कोलकाता में होनी है। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी करेंगी और राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर के साथ-साथ अन्य सांसद भी बैठक में शामिल होंगे।
****
पीके/केसी/एसके/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2301738)
आगंतुक पटल : 93