युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

27 अगस्त, 2026 को देश भर में राष्ट्रीय खेल दिवस खेलो इंडिया डायलॉग - खेल की बात, पीएम मोदी के साथ आयोजित होगा


प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी उभरते युवा खिलाड़ियों के साथ खेल, युवा नेतृत्व और विकसित भारत पर संवाद करेंगे

संवाद में 1500 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के युवा, खिलाड़ी और नीति निर्माता जुडेंगे

प्रविष्टि तिथि: 24 AUG 2026 4:07PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय खेल दिवस पूरे देश में 27 अगस्त, 2026 को व्‍यापक युवा सहभागिता पहल, खेलो इंडिया डायलॉग - खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ आयोजित कर मनाया जाएगा। इसमें देश भर में 1,500 से अधिक स्थानों पर युवा, खिलाड़ी और शैक्षणिक संस्थान एक साथ जुडेंगे।

इस राष्ट्रव्यापी पहल द्वारा उभरते युवा खिलाड़ियों को भारत के खेल और युवा पारितंत्र के भविष्य पर अपने विचार, सुझाव और नवीन सोच साझा करने का सीधा मंच मिलेगा। कार्यक्रम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-आईआईटी, भारतीय प्रबंध संस्‍थान-आईआईएम, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान -एनआईटी, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्‍स, प्रमुख मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थान भाग लेंगे।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी आभासी माध्‍यम से कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन के उपरांत, सभी प्रतिभागी केंद्रों पर एक साथ कार्यक्रम आरंभ होगा।

इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं की आकांक्षाओं और जमीनी अनुभवों तथा नीति-निर्माण के बीच समन्‍वय सुदृढ़ बनाना है। युवा प्रतिभागी चार प्रमुख विषयों: खेल पारितंत्र मजबूत बनाने और जमीनी स्तर पर सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसरों का विस्तार; वैज्ञानिक प्रतिभा पहचान और एथलीट विकास द्वारा 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं के पोषण; शासन में युवा नेतृत्व और भागीदारी बढ़ाने और युवाओं को भविष्य उपयोगी कौशल, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण हेतु सशक्त बनाने के विषयों पर भाग लेंगे।

इस पहल की प्रमुख विशेषता खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं का भारत के अग्रणी खिलाड़ियों और पदक विजेताओं के साथ परस्‍पर संवाद होगा। दीपा कर्माकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और पीटी उषा जैसे प्रमुख खिलाड़ी और जाने-माने क्रिकेटर, युवाओं से जुड़ेंगे और अपने खेल सफर, चुनौतियों और अनुभव साझा करेंगे।

कार्यक्रम में खिलाडियों के अलावा सांसद, विधायक, केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री और राज्यों के  खेल मंत्री भी शामिल होंगे, जो युवाओं से संवाद करेंगे और चार निर्धारित विषयों पर उनके विचार और सुझाव सुनेंगे।

इस पहल में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज-प्रश्‍नोत्‍तरी कार्यक्रम भी शामिल होगा और युवा प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे एक दिवसीय कार्यक्रम के बाद भी युवाओं को निरंतर भागीदारी का अवसर मिलेगा।

खेलो इंडिया डायलॉग – खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ इस विचार को बल प्रदान करता है कि भारत के खेल जगत में बदलाव की मूल शक्ति युवाओं में निहित है। यह पहल, युवाओं की आकांक्षाओं, खेल अनुभवों और नीतिगत नजरिए को साझा मंच प्रदान कर देश में खेल और युवा विकास के भविष्य को आकार देने में युवाओं को सार्थक भूमिका प्रदान करना है।

***

पीके/केसी/एकेवी/एमपी


(रिलीज़ आईडी: 2302797) आगंतुक पटल : 259
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Bengali , Assamese , Gujarati , Odia , Tamil , Telugu , Kannada , Malayalam