रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय : उर्वरक विभाग
azadi ka amrit mahotsav

माननीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जे.पी. नड्डा के संदेश के साथ उर्वरक विभाग में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 की शुरुआत


श्री रजत कुमार मिश्र (सचिव) के नेतृत्व में विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ली स्वच्छता की शपथ

विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति लिया संकल्प

प्रविष्टि तिथि: 01 SEP 2026 6:03PM by PIB Delhi

उर्वरक विभाग, भारत सरकार में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 की शुरुआत माननीय केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री, श्री जगत प्रकाश नड्डा के संदेश के साथ हुई। अपने संदेश में माननीय मंत्री ने स्वच्छता पखवाड़ा को स्वच्छ, हरित और सतत भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण राष्ट्रव्यापी पहल बताया।

श्री नड्डा ने अपने संदेश में कहा किस्वच्छता पखवाड़ा एक राष्ट्रव्यापी पहल है, जो स्वच्छ, हरित और सतत भारत के हमारे दृष्टिकोण को दर्शाती है और स्वच्छ भारत के उद्देश्यों के अनुरूप स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्यस्थलों और आसपास के वातावरण को सुन्दर  बनाए रखने के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।


उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील करते हुए इसके सफल और सार्थक आयोजन में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता पखवाड़ा-2026 की सफलता के लिए उर्वरक विभाग को अपनी शुभकामनाएं भी दीं।

माननीय मंत्री के संदेश के बाद श्री रजत कुमार मिश्र, सचिव, उर्वरक विभाग, भारत सरकार के नेतृत्व में उर्वरक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली।

इस अवसर पर सचिव महोदय ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वच्छता के प्रति सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारा नैतिक दायित्व है और इसे निभाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अपने कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक कार्य-संस्कृति का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

स्वच्छता शपथ कार्यक्रम में उर्वरक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्यालय वातावरण के निर्माण, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अपने कार्यस्थल को साफ-सुथरा रखने की प्रतिबद्धता जाहिर की।  


उर्वरक विभाग 1 से 15 सितंबर, 2026 तक स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का आयोजन कर रहा है। इस दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल स्वच्छता और स्वच्छ कार्य-संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

***

नीरज भट्ट/अमित कुमार / शत्रुघन प्रसाद

cmc.fertilizers[at]gmail[dot]com


(रिलीज़ आईडी: 2305604) आगंतुक पटल : 71
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English