श्रम और रोजगार मंत्रालय
‘डिजिटल श्रम संकल्प’ आइडिएशन हैकाथॉन के लिए प्रविष्टियाँ जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 18 सितंबर 2026 की गई
भारत के श्रम पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए एआई-आधारित समाधान प्रस्तुत करने हेतु नवोन्मेषकों, स्टार्ट-अप्स, छात्रों, शोधकर्ताओं और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों के लिए एक अतिरिक्त अवसर
प्रविष्टि तिथि:
01 SEP 2026 9:16PM by PIB Delhi
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने भारत के डिजिटल श्रम पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए अभिनव और तकनीक-आधारित विचारों को आमंत्रित करते हुए 5 अगस्त 2026 को देशव्यापी आइडिएशन हैकथॉन, “डिजिटल श्रम संकल्प: एआई के साथ भारत के श्रम पारिस्थितिकी तंत्र की पुनर्कल्पना” की शुरुआत की थी। मिल रही उत्साहजनक प्रतिक्रिया को देखते हुए और इच्छुक प्रतिभागियों को और अवसर प्रदान करने के लिए, प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि अब 18 सितंबर 2026 तक बढ़ा दी गई है। MyGov के 'इनोवेट इंडिया' प्लेटफॉर्म पर आयोजित यह हैकथॉन मंत्रालय के प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स—जैसे ई-श्रम, राष्ट्रीय करियर सेवा(एनसीएस) और श्रम सुविधा पोर्टल 2.0—को मजबूत करने के लिए अभिनव, लागू करने योग्य और बड़े पैमाने पर विस्तार योग्य विचारों को आमंत्रित करता है।
प्रतिभागी कृत्रिम बुद्धिमत्ता(एआई), डेटा एनालिटिक्स, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और परस्पर संचालित डिजिटल प्रणालियों जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों का उपयोग करके समाधान प्रस्तुत कर सकता है। इन समाधानों से रोजगार सेवाओं, श्रमिक कल्याण, अनुपालन में सुगमता, प्लेटफॉर्म की सुलभता, उपयोगकर्ता अनुभव, डेटा की गुणवत्ता, प्रणाली के एकीकरण और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण में सुधार की अपेक्षा है। हैकाथॉन में मंत्रालय के डिजिटल श्रम पारिस्थितिकी तंत्र के विभिन्न पहलुओं से संबंधित 12 समस्या विवरण शामिल हैं। अब तक इसे उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। लगभग 1,000 उपयोगकर्ताओं ने विभिन्न समस्या विवरणों के अंतर्गत 1,368 विचार प्रस्तुत किए हैं।
यह हैकथॉन छात्रों, स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स, उद्यमियों, संस्थानों, शोधकर्ताओं और तकनीक विशेषज्ञों को अपनी विशेषज्ञता उन राष्ट्रीय स्तर के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लागू करने का अवसर प्रदान करता है, जो देशभर के श्रमिकों, नौकरी चाहने वालों, नियोक्ताओं और संस्थानों की सेवा कर रहे हैं।
प्रत्येक समस्या विवरण के अंतर्गत शीर्ष पांच विचारों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी पात्र प्रतिभागियों को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा डिजिटल प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। विजेता प्रतिभागियों को अपने प्रस्ताव मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भी आमंत्रित किया जा सकता है। आशाजनक विचारों को पायलट स्तर पर लागू करने और आगे विकसित करने के लिए विचार किया जा सकता है तथा इसके लिए उचित मान्यता और श्रेय प्रदान किया जाएगा।
बढ़ाई गई समय-सीमा से प्रतिभागियों को अपने विचारों को और बेहतर बनाने तथा उन्हें प्रस्तुत करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। जिन पंजीकृत उपयोगकर्ताओं ने अभी तक अपनी प्रविष्टियाँ जमा नहीं की हैं, साथ ही अन्य पात्र व्यक्तियों को भी इस अवसर का लाभ उठाने और 18 सितंबर 2026 तक अपने विचार यहां https://innovateindia.mygov.in/digital-shram-sankalp जमा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
***
पीके/केसी/पीकेपी
(रिलीज़ आईडी: 2305788)
आगंतुक पटल : 151