संचार मंत्रालय
केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी में भारत के 7वें डाक प्रशिक्षण केंद्र की आधारशिला रखी
आधुनिक, प्रौद्योगिकी-सक्षम और नागरिक-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देने के क्रम में श्री सिंधिया ने आधुनिक शिवपुरी प्रधान डाकघर का उद्घाटन किया
प्रविष्टि तिथि:
02 SEP 2026 5:26PM by PIB Delhi
केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने आज मध्य प्रदेश के शिवपुरी में देश के सातवें डाक प्रशिक्षण केंद्र की आधारशिला रखी। यह माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के विजन के अनुरूप डाक विभाग के प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह नया केंद्र मध्य प्रदेश और पड़ोसी राज्यों के डाक कर्मचारियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण सुविधा के रूप में कार्य करेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य कार्यबल को आधुनिक कौशलों से लैस करना और उभरती प्रौद्योगिकियों में प्रशिक्षण प्रदान करना है।


श्री सिंधिया ने शिवपुरी के काकरवाया में देश के 7वें डाक प्रशिक्षण केंद्र का भूमि पूजन किया और कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों को संबोधित किया।
इस अवसर पर बोलते हुए श्री सिंधिया ने कहा कि नए डाक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना से मध्य प्रदेश के डाक कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए अब लगभग 600 किलोमीटर दूर नहीं जाना पडेगा। ‘गुरु-शिष्य परंपरा’ के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यह नया केंद्र सीखने और क्षमता - निर्माण को मजबूत करने के लिए डाक विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि इस केंद्र को एक आधुनिक प्रशिक्षण सुविधा के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो बदलते समय के साथ विकसित होगा और नए जमाने की प्रौद्योगिकियों से सुसज्जित होगा, जिससे डाक कर्मचारियों को आधुनिक डाक संचालन और सेवा वितरण के लिए आवश्यक कौशल प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री और शिवपुरी के प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर; शिवपुरी के विधायक श्री देवेंद्र जैन; कोलारस के विधायक श्री महेंद्र रामसिंह यादव; पिछोर के विधायक श्री प्रीतम सिंह लोधी; शिवपुरी जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती नेहा-अमित यादव; शिवपुरी नगर परिषद की अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा; डाक सेवा बोर्ड के मानव संसाधन विकास विभाग के सदस्य श्री एसएफएच रिजवी; मध्य प्रदेश सर्कल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्री विनीत माथुर और डाक विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जन प्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
यह नया केंद्र डाक विभाग के सहारनपुर, वडोदरा, मैसूरु, गुवाहाटी, मदुरै और दरभंगा में स्थित छह डाक प्रशिक्षण केंद्रों के नेटवर्क का विस्तार करेगा, जो मिलकर प्रतिवर्ष लगभग 2,000 कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान करते हैं। मध्य प्रदेश में स्थित शिवपुरी, जो क्षेत्रफल के हिसाब से दूसरा सबसे बड़ा राज्य है, अपनी केंद्रीय स्थिति और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्र के रूप में चुना गया है। यह केंद्र विशेषीकृत, प्रौद्योगिकी-सक्षम और नए जमाने के प्रशिक्षण तक पहुंच को मजबूत करेगा, जिससे डाक कर्मियों को आधुनिक, नागरिक-केंद्रित डाक संचालन और सेवा प्रदायिगी की बदलती मांगों के अनुरूप कौशल प्राप्त हो सकेगा।


केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी स्थित नवीनीकृत प्रधान डाकघर का उद्घाटन किया
इस अवसर पर श्री सिंधिया ने नवीनीकृत शिवपुरी प्रधान डाकघर का भी उद्घाटन किया। इसका आधुनिकीकरण नई दिल्ली के स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) के डिजाइन दिशानिर्देशों के अनुरूप किया गया। इस उन्नत सुविधा में नागरिकों की सहूलियत, सुगमता और बेहतर सेवा अनुभव पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसमें जन सेवा कनेक्ट नामक एक बहुउद्देशीय नागरिक सुविधा केंद्र है, जो डाक विभाग की कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराता है। इसके साथ ही आधुनिक सेवा काउंटर, बेहतर ग्राहक सुविधाएं और बाधा रहित पहुंच की सुविधा भी उपलब्ध है।
आधुनिक शिवपुरी प्रधान डाकघर में जन सेवा कनेक्ट नामक एक बहुउद्देशीय नागरिक सुविधा केंद्र स्थापित किया गया है, जो एक ही स्थान पर डाक विभाग की अनेक सेवाएं प्रदान करता है। यह पहल एक सप्ताह पहले केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया द्वारा देश भर में 14 जन सेवा कनेक्ट डाकघरों के उद्घाटन के तुरंत बाद शुरू की गई है, जिससे सुलभ, आधुनिक और नागरिक-केंद्रित डाक सेवाओं के प्रति विभाग के विजन को और बढ़ावा मिला है। उन्नत शिवपुरी डाकघर में बेहतर ग्राहक सुविधाएं, सुगम पहुंच और बेहतर सेवा संबंधी वातावरण उपलब्ध है, जिसमें स्पीड पोस्ट, बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, आधार कार्ड, पार्सल और अन्य डाक एवं वित्तीय सेवाएं शामिल हैं।
****
पीके/केसी/आईएम/केके
(रिलीज़ आईडी: 2306100)
आगंतुक पटल : 80