संचार मंत्रालय
कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा, भोपाल द्वारा GMTD कार्यालय,
ग्वालियर में पेंशन अदालत का आयोजन
प्रविष्टि तिथि:
07 SEP 2026 5:40PM by PIB Bhopal
कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा (CCA), मध्य प्रदेश दूरसंचार परिमंडल, भोपाल द्वारा पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण हेतु प्रत्येक तिमाही में पेंशन अदालत का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 की द्वितीय तिमाही के अंतर्गत दिनांक 07.09.2026 को प्रात: 11:00 बजे GMTD कार्यालय, सिटी सेंटर, ग्वालियर में श्री हरिगोविन्द सिंह धाकड़, नियंत्रक संचार लेखा के नेतृत्व में पेंशन अदालत का सफल आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पेंशनभोगियों की पेंशन संबंधी समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों की सुनवाई कर उनका त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना था। इसके साथ ही, पेंशन सेवाओं में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व को बढ़ावा देते हुए पेंशनभोगियों को सरल, सुगम एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पेंशनभोगियों ने अपनी पेंशन से संबंधित विभिन्न समस्याएं एवं प्रकरण अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। उपस्थित अधिकारियों द्वारा प्रकरणों की सुनवाई करते हुए यथासंभव त्वरित समाधान प्रदान किया गया तथा आवश्यक मामलों में उचित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
पेंशन अदालत के दौरान पेंशनभोगियों द्वारा अपना जीवन प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों द्वारा जीवन प्रमाण मोबाइल ऐप के माध्यम से जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया में आवश्य सहयोग प्रदान किया गया, जिससे पेंशनभोगियों को डिजिटल माध्यम से सुविधा एवं सुगमता प्राप्त हुई। कार्यक्रम के आयोजन से पेंशनभोगियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध हुआ। पेंशन अदालत सौहार्दपूर्ण, पारदर्शी एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई।
***
(रिलीज़ आईडी: 2307550)
आगंतुक पटल : 12