पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एमसी²+ कल गुवाहाटी स्थित एनआरएल सेंटर में समर्पित सह-कार्य स्‍थल और नवाचार केन्‍द्र का शुभारंभ करेगा

उत्‍तर-पूर्व में स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के लिए नई सुविधा में 50  से अधिक कार्यस्‍थल, 16 केबिन, निवेशक और तकनीकी परामर्शदाता कक्ष उपलब्ध कराए जाएंगे

प्रविष्टि तिथि: 09 SEP 2026 2:02PM by PIB Delhi

एमसी²+ द्वारा कल गुवाहाटी स्थित एनआरएल सेंटर की छठी मंजिल पर एक समर्पित नोड और सह-कार्य स्‍थल का शुभारंभ किया जाएगा। यह पहल भारत के स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्‍टम को सुदृढ़ करने, विशेष रूप से उत्‍तर-पूर्व क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित करने की दिशा में उसके प्रयासों का एक महत्वपूर्ण कदम है।

गुवाहाटी के केंद्र में स्थित इस नई सुविधा की परिकल्‍पना स्टार्टअप, उद्यमियों और नवोन्मेषकों के लिए एक जीवंत, सहयोगात्मक और पेशेवर रूप से सुसज्जित वातावरण के रूप में की गई है। उभरते उद्यमों की बदलती आवश्‍यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित की यह सुविधा एक ही छत के नीचे उत्‍कृरूट श्रेणी का बुनियादी ढांचा, पेशेवर सहयोग, तकनीकी विशेषज्ञता, निवेशकों तक पहुंच और उद्योग जगत से सम्‍पर्क उपलब्ध कराएगी।

इस सुविधा में 50 से अधिक समर्पित कार्यस्‍थल, 16 केबिन, 4 निवेशक बैठक कक्ष और 2 तकनीकी परामर्शदाता कक्ष , साथ ही 2 बैठक कक्ष, पूर्ण रूप से सुसज्जित कैफेटेरिया और साझा उपयोग के लिए कॉमन एरिया उपलब्‍ध होंगे। इस बुनियादी ढांचे को देश के अग्रणी स्टार्टअप और नवाचार केंद्रों के अनुरूप उत्‍कृष्‍ट श्रेणी की सुविधा के रूप में तैयार और विकसित किया गया है। इससे स्टार्टअप को कार्य करने, सहयोग करने और आगे बढ़ने के लिए पेशेवर तथा आधुनिक वातावरण मिलेगा।

निवेशक बैठक कक्ष संस्थापकों को अपने विचार प्रस्तुत करने, संभावित निवेशकों के साथ संवाद करने तथा वित्तपोषण और रणनीतिक साझेदारी के अवसर तलाशने के लिए समर्पित स्थान उपलब्ध कराएंगे। वहीं, तकनीकी परामर्शदाता कक्ष विशेषज्ञों के साथ केंद्रित संवाद की सुविधा प्रदान करेंगे, जिससे स्टार्टअप, प्रौद्योगिकी विकास, उत्पाद परिष्‍करण और तकनीकी चुनौतियों के समाधान के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।

इस सुविधा का महत्व केवल इसके भौतिक बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं है। एमसी²+ स्टार्टअप को एक व्यापक सहयोगी इकोसिस्‍टम तक पहुंच प्रदान करेगा, जिसमें क्षेत्र विशेषज्ञ, तकनीकी परामर्शदाता, विधिक सलाहकार तथा विशेषीकृत वित्त और लेखा-परीक्षा परामर्शदाता शामिल होंगे। इसके माध्‍यम से उद्यमी प्रौद्योगिकी एवं उत्पाद विकास, बौद्धिक संपदा, अनुबंध एवं विनियामकीय आवश्यकताओं, वित्तीय नियोजन, लेखांकन,  लेखा-परीक्षा की तैयारी, अनुपालन और व्‍यवसाय कारोबारी संरचना जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पेशेवर मार्गदर्शन प्राप्‍त कर सकेंगे।

औपचारिक कार्यस्थलों के अतिरिक्‍त अनौपचारिक संवाद और सम्‍पर्क-विस्‍तार (नेटवर्किंग) को प्रोत्‍साहित करने के लिए पूर्ण रूप से सुसज्जित कैफेटेरिया और कैफे पैंट्री की व्‍यवस्‍था की गई है। इससे उद्यमियों को विश्राम करने, विचारों का आदान-प्रदान करने और ऐसे संपर्क विकसित करने के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा, जो आगे चलकर सार्थक सहयोग में परिवर्तित हो सकते हैं।

इस पहल का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां स्टार्टअप को केवल कार्य करने का स्‍थान ही नहीं, बल्कि एक ऐसा प्‍लेटफॉर्म भी उपलब्‍ध हो, जहां वे अपनी उद्यमशील यात्रा के विभिन्न चरणों में आवश्यक बुनियादी ढांचा, विशेषज्ञता, मार्गदर्शन, पेशेवर सलाह और संपर्क प्राप्‍त कर सकते है।

गुवाहाटी स्थित एनआरएल सेंटर में एमसी²+ नोड की स्थापना गुवाहाटी और उत्‍तर-पूर्व क्षेत्र में स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्‍टम को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य उद्यमियों, विशेषज्ञों, निवेशकों और उद्योग जगत के हितधारकों को एक प्‍लेटफॉर्म पर लाना है, जिससे ऐसा माहौल तैयार किया जा सके, जहां विचारों को अवधारणा से विकास, सत्यापन और विस्तार के चरण तक ले जाया जा सके।

इसका औपचारिक उद्घाटन कल (10 सितंबर, 2026गुवाहाटी स्थित एनआरएल सेंटर में होगा।

****

पीके/केसी/आईएम/जीआरएस


(रिलीज़ आईडी: 2308293) आगंतुक पटल : 84
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Tamil , English , Urdu , Assamese , Bengali-TR , Telugu , Kannada