प्रधानमंत्री कार्यालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर युगांडा के उपराष्ट्रपति से मुलाकात की

प्रविष्टि तिथि: 13 SEP 2026 5:13PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर युगांडा गणराज्य की उपराष्ट्रपति महामहिम सुश्री जेसिका रोज एपेल अलुपो के साथ सौहार्दपूर्ण और सार्थक द्विपक्षीय बैठक की।

दोनों नेताओं ने भारत और युगांडा के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। उन्होंने प्रौद्योगिकी साझेदारी, क्षमता निर्माण, ज्ञान साझाकरण, निवेश सुगमता और दोनों देशों के बीच निजी क्षेत्र के सहयोग के माध्यम से प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि भारत और युगांडा के बीच विकास साझेदारी दोनों देशों के लिए शक्ति का स्रोत है। प्रधानमंत्री ने एक रूपांतरित और समृद्ध युगांडा के लिए युगांडा के ‘विजन 2040’ को भारत के समर्थन की पुनः पुष्टि की। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि लोगों के बीच घनिष्ठ संबंध साझेदारी को निरंतर मजबूती प्रदान करते हैं।

दोनों नेताओं ने ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए घनिष्ठ द्विपक्षीय सहयोग का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने शिखर सम्मेलन में उनकी भागीदारी के लिए उपराष्ट्रपति को धन्यवाद दिया।

*********

पीके/केसी/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2309791) आगंतुक पटल : 88
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Bengali , Manipuri , Punjabi , Gujarati , Tamil , Malayalam