इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय
मध्य प्रदेश में आधार सेवाओं के विस्तार को मिली नई गति
पिछले एक माह में 11 नए UIDAI आधार सेवा केंद्र प्रारंभ, अगले एक माह में 10 और केंद्र होंगे प्रारंभ
प्रविष्टि तिथि:
15 SEP 2026 10:41AM by PIB Bhopal
मध्य प्रदेश में नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाएं अधिक सुगम, सुलभ एवं सुविधाजनक रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा आधार सेवा केंद्रों (Aadhaar Seva Kendras – ASKs) के नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में पिछले एक माह में मध्य प्रदेश के 11 जिलों—बैतूल, सतना, अलीराजपुर, देवास, धार, कटनी, खंडवा, खरगोन, मंदसौर, नरसिंहपुर एवं रतलाम में नए UIDAI आधार सेवा केंद्र प्रारंभ किए गए हैं।
इन 11 नए केंद्रों के प्रारंभ होने के साथ ही मध्य प्रदेश में UIDAI के कुल 26 आधार सेवा केंद्र संचालित हो रहे हैं। वर्तमान में UIDAI आधार सेवा केंद्र निम्न जिलों में उपलब्ध हैं: भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रायसेन, राजगढ़, उज्जैन, विदिशा, ग्वालियर, मुरैना, सागर, बैतूल, भिंड, सतना, शिवपुरी, अलीराजपुर, देवास, धार, कटनी, खंडवा, खरगोन, मंदसौर, नरसिंहपुर, रतलाम, सीहोर, सिवनी एवं सिंगरौली अगले एक माह में मध्य प्रदेश के 10 और जिलों में UIDAI आधार सेवा केंद्र प्रारंभ किए जाने हैं :- बड़वानी, छतरपुर, छिंदवाड़ा, झाबुआ, मंडला, रीवा, शहडोल, सीधी, टीकमगढ़ एवं बालाघाट इन केंद्रों के प्रारंभ होने के बाद मध्य प्रदेश में UIDAI आधार सेवा केंद्रों की संख्या 36 तक पहुंच जाएगी।
आधार सेवा केंद्रों में नागरिकों की सुविधा एवं बेहतर सेवा अनुभव को विशेष प्राथमिकता दी गई है। केंद्र सप्ताह के सातों दिन संचालित किए जाएंगे। दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए विशेष सेवा काउंटर की व्यवस्था की गई है। नागरिकों को अनावश्यक प्रतीक्षा से बचाने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा भी उपलब्ध है। नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार समय का स्लॉट पूर्व में बुक कर सकते हैं और निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचकर कम प्रतीक्षा समय में आधार संबंधी कार्य करा सकते हैं।
UIDAI द्वारा आधार सेवा केंद्रों के विस्तार का उद्देश्य नागरिकों को आधार संबंधी सेवाओं के लिए बेहतर एवं समर्पित सुविधा उपलब्ध कराना तथा विशेष रूप से जिला स्तर पर आधार सेवाओं की उपलब्धता को मजबूत करना है। UIDAI के नए आधार सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को आधार नामांकन एवं अपडेट सेवाओं के लिए अधिक सुलभ विकल्प प्राप्त होंगे। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को आधार संबंधी सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता भी कम होगी। मध्य प्रदेश में आधार सेवा केंद्रों का यह विस्तार सुगम, सुलभ, समावेशी एवं नागरिक-केंद्रित आधार सेवा व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
**
(रिलीज़ आईडी: 2310309)
आगंतुक पटल : 89