कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

विशेष अभियान 6.0 के दौरान स्वच्छता और लंबित मामलों को कम करने के लिए डीएआरई/आईसीएआर प्रतिबद्ध

प्रविष्टि तिथि: 16 SEP 2026 4:22PM by PIB Delhi

कृषि अनुसंधान और शिक्षा विभाग (डीएआरई) तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् (आईसीएआर) 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक भारत सरकार द्वारा आयोजित विशेष अभियान 6.0 चलाएंगे, जिसमें सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता और लंबित मामलों की संख्‍या कम करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पिछले विशेष अभियान 5.0 के दौरान, डीएआरई/आईसीएआर ने लंबित संदर्भों के मासिक आधार पर निपटान के लिए निरंतर प्रयास किए और जन शिकायतों के समयबद्ध निवारण पर अपना ध्यान और मजबूत किया। अभियान के दौरान, मंत्रालय ने सबसे अधिक संख्या में जन शिकायतों और जन शिकायत अपीलों का निपटान किया, जो लंबित मामलों को कम करने और शिकायत निवारण में सुधार के लिए उसके निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।

विशेष अभियान 5.0 के तहत, पूरे देश में डीएआरई/आईसीएआर की विभिन्न शाखाओं में अभियान के बारे में जागरूकता पैदा की गई। स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, अपशिष्ट से संपदा पहल, स्वच्छता और साफ-सफाई, वृक्षारोपण, कार्यालय परिसरों के उन्नयन, पर्यावरण-अनुकूल कार्य-प्रणालियों, सौंदर्यीकरण, स्थान प्रबंधन और संरक्षण उपायों पर जोर देते हुए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

डीएआरई/आईसीएआर ने ई-फाइल प्रणाली के माध्यम से कागज रहित कार्यप्रणाली की दिशा में भी अपने प्रयास जारी रखे। अभियान के दौरान, अभिलेख प्रबंधन संबंधी कार्य-प्रणालियों के तहत भौतिक फाइलों के निपटान तथा ई-फाइलों की समीक्षा और उनके समाधान से संबंधित लक्ष्यों को प्राप्त किया गया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप कार्यालय में काफी जगह खाली हुई और एकत्रित कबाड़ तथा अपशिष्ट का निपटान किया गया।

विशेष अभियान 5.0 के अनुभव और परिणामों के आधार पर, डीएआरई/आईसीएआर विशेष अभियान 6.0 के दौरान अपने प्रयासों को और सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें स्वच्छता, कुशल अभिलेख प्रबंधन, लंबित मामलों की संख्‍या में कमी, कागज रहित कार्य-प्रणाली और कार्यालय में जगह के बेहतर उपयोग पर निरंतर जोर दिया जाएगा।

 

*****

पीके/केसी/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2310919) आगंतुक पटल : 70
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu