प्रधानमंत्री कार्यालय
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए 20वें रोज़गार मेले के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का मूल पाठ
प्रविष्टि तिथि:
19 SEP 2026 1:59PM by PIB Delhi
मेरे प्यारे युवा साथियों,
देश में त्योहारों का समय शुरू हो चुका है। इन खुशियों के बीच, आज का दिन हजारों परिवारों के जीवन में एक नई खुशी लेकर आया है। आज देश के 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा के लिए नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं। आज आप जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसके पीछे आपकी मेहनत तो है ही, साथ ही,आपके माता-पिता और आपके परिवारजनों की भी तपस्या है। मैं आप सभी युवा साथियों को और आपके परिवारजनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। जीवन की इस नई शुरुआत के लिए आप सभी को शुभकामनाएं देता हूं।
साथियों,
आज आप सभी एक ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़े हैं, जब देश एक बहुत बड़े लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है, और ये लक्ष्य है- 2047 तक विकसित भारत बनाने का। इसमें आप जैसे युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है। सरकार में रहते हुए आपको हर वो निर्णय लेना है, जो विकसित भारत के अभियान को, आत्मनिर्भर भारत के अभियान को निरंतर सशक्त करे। युवा होने के नाते विशेषतौर पर अन्य युवाओं के प्रति आपकी विशेष जिम्मेदारी है। आज आप देख रहे हैं, हमारे युवाओं के टैलेंट और स्किल्स ने पूरी दुनिया का भरोसा जीता है। दुनिया को हमारे innovators, हमारे entrepreneurs और हमारी युवा शक्ति से बहुत उम्मीदें है। अभी कुछ दिन पहले ही ब्रिक्स समिट संपन्न हुई। भारत का प्रयास रहा है कि BRICS cooperation केवल सरकारों तक सीमित न रहे, हमारे entrepreneurs, हमारे किसान, हमारी महिलाएं, हमारे युवा, हर कोई इस partnership का सक्रिय भागीदार बने। इसी सोच के साथ BRICS CONNECT और BRICS MSME Cooperation Portal की भी पहल की गई है।
साथियों,
भारत ने बीते कुछ वर्षों में करीब 40 देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट भी किए हैं। ये फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स, FTA, हमारे युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार बना रहे हैं। इस तरह के ट्रेड एग्रीमेंट्स से हमारे entrepreneurs के लिए नई partnerships के रास्ते खुलते हैं, नए markets के रास्ते खुलते हैं। और हमारे युवाओं के लिए करियर में नई possibilities बनती हैं।
साथियों,
बीते वर्षों में भारत सरकार का निरंतर जोर युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करने पर रहा है। National Education Policy, Skill India Mission, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना या अप्रेंटिसशिप को बढ़ावा देने के प्रयास। हमारी कोशिश है कि युवाओं की पढ़ाई और उनकी skills, बदलती economy की जरूरतों के साथ चलें। जैसे एक उदाहरण है, PM-SETU। इस योजना के माध्यम से 60 हजार करोड़ रुपए के निवेश से एक हजार सरकारी ITIs को आधुनिक बनाया जा रहा है। इसमें इंडस्ट्री की सीधी भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
साथियों,
भारत के युवाओं के सामर्थ्य की एक और तस्वीर हमारे startup ecosystem में दिखाई देती है। भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा startup ecosystem है। और भारत की startup story अब केवल बड़े शहरों की कहानी नहीं है। आज करीब आधे recognised startups टीयर-टू और टीयर-थ्री शहरों में हैं। यानी आज गांव, कस्बे और छोटे शहर का युवा भी भारत की नई economy में अपनी भूमिका बड़ी बना रहा है। छोटे शहरों के हमारे युवा अपने ideas पर काम कर रहे हैं, नई companies बना रहे हैं, और अपने साथ दूसरे युवाओं के लिए भी रोजगार के नए अवसर तैयार कर रहे हैं।
साथियों,
हमारा प्रयास है कि private sector में भी रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ें। इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना शुरू की गई है। इस योजना पर करीब एक लाख करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इस योजना की मदद से करीब दो करोड़ युवाओं को पहली बार workforce का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा। सरकार द्वारा इस योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को15 हजार रुपए तक का incentive भी दिया जा रहा है। नए रोजगार पैदा करने वाले employers को भी सरकार प्रोत्साहन दे रही है। यानि देश में रोजगार बढ़ाने के लिए सरकार हर मोर्चे पर काम कर रही है।
साथियों,
युवाओं के लिए नए अवसर तभी बनते हैं, जब देश की इकोनॉमी आगे बढ़ती है, जब investment बढ़ता है, नए उद्योग लगते हैं, और नए सेक्टर्स का विस्तार होता है। आज भारत तेजी से ग्रो करने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था है। इस financial year की पहली तिमाही में भारत की growth rate 7.8 प्रतिशत रही है। Investment में करीब 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। रेटिंग एजेंसियां, भारत की रेटिंग्स सुधार रही हैं। और ये प्रगति ऐसे समय में हो रही है, जब दुनिया अनेक अनिश्चितताओं से गुजर रही है। भारत की इस growth के पीछे बीते वर्षों के reforms का बड़ा योगदान है। आपको अपने कार्यकाल में निरंतर reforms को और गति देनी है। Tax और compliance को सरल बनाना हो, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ाना हो, एजुकेशन और स्किलिंग में reform हों, या नए सेक्टर्स को इनोवेशन के लिए खोलना हो या ईज ऑफ लिविंग की बात हो, हर स्तर पर देश में Reform Express का लगातार फुल स्पीड में चलना जरूरी है। और सरकारी कर्मचारी होने के नाते वर्तमान और आने वाले वर्षों में इसमें आप सभी की बहुत बड़ी भूमिका रहेगी।
साथियों,
मैंने कुछ दिन पहले कहा था, सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो। सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो। नाव हमारी हो, नाव हमारी हो, नाविक भी हमारा हो। लहरों पर विजय लिखें, लहरों पर विजय लिखें, वो हौसला हमारा हो। आज भारत का युवा इसी हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है। अब आप सभी की भारत सरकार में रहते हुए ये जिम्मेदारी है कि देश के युवाओं की आकांक्षाओं को समझते हुए आप अपने काम को बखूबी निभाएं। मेरा फिर आग्रह होगा, आपका हर निर्णय, हर फाइल पर किया गया सिग्नेचर, युवा Aspirations को आगे बढ़ाने वाला होना चाहिए। आपको अपने कार्यकाल में देखना होगा, युवाओं के रास्ते की बाधाएं हटें, उनके ideas को आगे बढ़ाने का अवसर मिले, innovation से investment बढ़े और investment से employment के नए अवसर बनें।
साथियों,
अब आप स्वयं सरकारी व्यवस्था का हिस्सा बनने जा रहे हैं। इसलिए आपका प्रयास हो कि जिन परेशानियों से आप गुजरे हैं या जिन परेशानियों से आपके माता-पिता को गुजरना पड़ा है, उनसे दूसरे युवाओं को न गुजरना पड़े। जो तकलीफें आपके मां-बाप ने सही है, जो तकलीफें कभी आपको सहनी पड़ी हैं, वो अब हमारे देश के किसी नागरिक को सहनी ना पड़े, ये काम आपको सरकारी व्यवस्था में आते ही करना चाहिए।
साथियों,
आज देश में, हर क्षेत्र में तेजी से परिवर्तन हो रहा है। आप लगातार सीखते हुए, यहां तक पहुंचे हैं, अब यहां से निरंतर सीखते रहने की एक नई यात्रा शुरू हो रही है। आपको लगातार अपनी skills को बेहतर करना है। नई Technology और नए systems को समझना है। मिशन कर्मयोगी इसी उद्देश्य को पूरा करने में आपकी मदद करता है। iGOT Karmayogi Platform पर आज एक करोड़ 70 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी जुड़ चुके हैं। और आप जैसे नए साथियों के लिए कर्मयोगी प्रारंभ को विशेष रूप से तैयार किया गया है। आप जितना खुद को बेहतर बनाएंगे, उतना ही बेहतर देश के नागरिकों की सेवा कर पाएंगे।
साथियों,
आपको एक और बात हमेशा याद रखनी है। सरकार की असली ताकत देश के नागरिकों का विश्वास होता है। आप किसी भी मंत्रालय में हों, किसी भी विभाग में हों, आपका काम किसी न किसी रूप में देश के सामान्य नागरिक के जीवन को छुएगा। किसी बुजुर्ग की पेंशन आपके काम से आगे बढ़ेगी। किसी विद्यार्थी की स्कॉलरशिप आपकी जिम्मेदारी से जुड़ी होगी। किसी किसान को मिलने वाली सुविधा आपके डिपार्टमेंट में से हो जाती होगी। हो सकता है, किसी नागरिक के लिए आप ही सरकार का चेहरा हो। आपका व्यवहार, आपकी संवेदनशीलता, आपकी efficiency, आपकी ईमानदारी, इन सबसे तय होगा कि उस नागरिक का सरकार के साथ अनुभव कैसा रहता है।
इसलिए साथियों,
सरकारी सेवा में हमारा मंत्र होना चाहिए- नागरिक देवो भव, नागरिक देवो भव। नागरिक की सेवा, राष्ट्र की सेवा है। आपकी सफलता तब और बड़ी होगी, जब आपके काम से किसी नागरिक का जीवन आसान होगा। मुझे विश्वास है, आप जहां भी रहेंगे, जिस भी विभाग में रहेंगे, कर्तव्य और सेवा भाव से अपने दायित्व को निभाते रहेंगे। मैं एक बार फिर आप सभी को बधाई देता हूं।
बहुत-बहुत धन्यवाद।
*****
MJPS/SS/SS/RK
(रिलीज़ आईडी: 2312355)
आगंतुक पटल : 170