कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
एनसीवीईटी और जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड ने मान्यता प्रदान करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए
प्रविष्टि तिथि:
18 SEP 2026 6:30PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण परिषद् (एनसीवीईटी) और जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड ने 18.09.2026 को एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड को अखिल भारतीय स्तर पर एनसीवीईटी मान्यता प्रदान करने वाली संस्था के रूप में मान्यता दी गई। इस मान्यता के माध्यम से, जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड अपने स्वयं के परिसरों या अपने स्वामित्व वाले या पूर्णतः प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्रों में सीधे प्रशिक्षण प्रदान किए जाने वाले शिक्षार्थियों को अनुमोदित या अपनाई गई योग्यताओं के लिए मान्यता प्रदान करने, मूल्यांकन करने और उन्हें प्रमाणित करने के लिए पात्र होगी।

कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) की सचिव और एनसीवीईटी की अध्यक्ष श्रीमती देबाश्री मुखर्जी की उपस्थिति में इस समझौते पर हस्ताक्षर किये गए । इस अवसर पर एमएसडीई/एनसीवीईटी के वरिष्ठ अधिकारी एमएसडीई के अपर सचिव और एनसीवीईटी के कार्यकारी सदस्य श्री निरंजन कुमार सुधांशु, एनसीवीईटी के कार्यकारी सदस्य प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार गाबा, एनसीवीईटी के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल विक्रम सिंह भाटी और एनसीवीईटी के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल सौरभ एस बिष्ट, जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड के प्रतिनिधिमंडल में कॉर्पोरेट मामलों के निदेशक श्री विजय शर्मा, स्टेनलेस अकादमी की प्रमुख सुश्री भावना चोपड़ा श्रीकृष्णा और जेएसएल के श्री हैप्पी लांबा उपस्थित थे।
राष्ट्रीय कौशल योग्यता समिति (एनएसक्यूसी) ने पूंजीगत वस्तु क्षेत्र में स्टेनलेस स्टील सजावटी पाइप और ट्यूब निर्माण ऑपरेटर के रूप में पहली योग्यता को एनएसक्यूएफ स्तर 4 पर मंजूरी दे दी है । इस भूमिका में सजावटी स्टेनलेस स्टील पाइप और ट्यूब के उत्पादन में उपयोग होने वाले उपकरणों का संचालन निगरानी तथा कच्चे माल का रखरखाव मशीन सेटअप, फॉर्मिंग, वेल्डिंग, पॉलिशिंग/फिनिशिंग, निरीक्षण और पैकेजिंग शामिल हैं। ऑपरेटर उत्पादकता लक्ष्यों को पूरा करते हुए सुरक्षा, गुणवत्ता और पर्यावरण मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए भी जिम्मेदार है।
यह पहल जिंदल स्टेनलेस की शिक्षा और कौशल विकास पहल, स्टेनलेस अकादमी में संचालित की जाएगी , जो उद्योग-अनुरूप प्रशिक्षण, पाठ्यक्रम विकास, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों के लिए विशेष पाठ्यक्रम और एमएसएमई क्लस्टर विकास के माध्यम से स्टेनलेस स्टील इकोसिस्टम के लिए कुशल ब्लू-कॉलर और व्हाइट-कॉलर कार्यबल के विकास पर केंद्रित है।
इस मान्यता से जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड को स्टेनलेस स्टील के निर्माण, प्रसंस्करण, फैब्रिकेशन और अन्य अनुप्रयोगों में एनएसक्यूसी द्वारा अनुमोदित, उद्योग-नेतृत्व वाले योग्यता और प्रमाणन कार्यक्रम विकसित करने में भी मदद मिलेगी।
***
पीके/केसी/जेके/एचबी
(रिलीज़ आईडी: 2312931)
आगंतुक पटल : 28