उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा नव-लाइसेंसधारी निर्माताओं हेतु "मानक संवाद" का आयोजन


बीआईएस प्रमाणन, अनुपालन आवश्यकताओं एवं प्रक्रियाओं पर नव-लाइसेंसधारियों को किया गया जागरूक

प्रविष्टि तिथि: 25 SEP 2026 5:30PM by PIB Bhopal

भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), भोपाल शाखा कार्यालय (BPBO) द्वारा 25 सितंबर, 2026 को नव-लाइसेंसधारी निर्माताओं के लिए "मानक संवाद" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न नव-लाइसेंसधारी विनिर्माण इकाइयों के लगभग 25 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य नव-लाइसेंसधारियों को बीआईएस प्रमाणन से संबंधित प्रक्रियाओं, विनियमों एवं अनुपालन आवश्यकताओं के प्रति जागरूक करना तथा भारतीय मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उत्पादन हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री मोहम्मद रिज़वान, वैज्ञानिक-ई/निदेशक एवं प्रमुख, बीआईएस, भोपाल शाखा कार्यालय के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बीआईएस प्रमाणन के महत्व, उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने तथा बीआईएस के प्रावधानों एवं भारतीय मानकों के अनुरूप सतत अनुपालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने नव-लाइसेंसधारियों को बीआईएस के साथ सक्रिय सहभागिता बनाए रखने तथा गुणवत्ता के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध रहने के लिए प्रेरित किया।

इसके उपरांत श्री आशुतोष राय, वैज्ञानिक-सी/उप निदेशक, बीआईएस, भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा तकनीकी सत्र आयोजित किया गया। उन्होंने बीआईएस प्रमाणन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं एवं लाइसेंसधारियों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। सत्र के दौरान बीआईएस की डिजिटल सेवाओं, लाइसेंस प्रबंधन, उत्पाद की गुणवत्ता एवं अनुरूपता बनाए रखने, फैक्ट्री सर्विलांस, लाइसेंस के नवीनीकरण एवं अन्य संबंधित प्रक्रियाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को बीआईएस केयर मोबाइल ऐप सहित बीआईएस की ऑनलाइन सुविधाओं एवं उपलब्ध डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान संबंधित नव-लाइसेंसधारियों को उनके बीआईएस लाइसेंस दस्तावेज औपचारिक रूप से प्रदान किए गए। साथ ही, प्रतिभागियों को पेन ड्राइव भी वितरित की गई, जिसमें बीआईएस प्रमाणन एवं संबंधित प्रक्रियाओं से जुड़ी उपयोगी संदर्भ सामग्री उपलब्ध कराई गई। यह सामग्री लाइसेंसधारियों को बीआईएस प्रावधानों को समझने तथा प्रमाणन के प्रभावी संचालन एवं अनुरक्षण में सहायक होगी।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने बीआईएस प्रमाणन, लाइसेंस प्रबंधन, अनुपालन आवश्यकताओं एवं अन्य संबंधित विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। बीआईएस अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों के प्रश्नों का विस्तृत उत्तर देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नव-लाइसेंसधारियों को बीआईएस प्रमाणन प्रणाली की बेहतर समझ प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें गुणवत्ता, सुरक्षा एवं भारतीय मानकों के अनुरूप सतत अनुपालन के प्रति जागरूक करना था। तिभागियों ने इस उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम के आयोजन के लिए बीआईएस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें बीआईएस लाइसेंसधारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझने, भारतीय मानकों के अनुरूप सतत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा देश में एक सुदृढ़ गुणवत्ता पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में योगदान देने में सहायता मिलेगी।

***


(रिलीज़ आईडी: 2314949) आगंतुक पटल : 23