वस्त्र मंत्रालय
एनआईएफटी के छात्रों ने वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में दो रजत पदक और उत्कृष्टता पदक जीतकर शानदार उपलब्धि दर्ज की
एनआईएफटी के प्रतिभागी फैशन टेक्नोलॉजी, डिजिटल इंटरेक्टिव मीडिया डिजाइन, रिटेल सेल्स और विजुअल मर्चेंडाइजिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया
वर्ल्डस्किल्स 2026 के साथ एनआईएफटी की सहभागिता वैश्विक मानकों और उद्योग की तैयारियों को सुदृढ़ बनाती है
प्रविष्टि तिथि:
29 SEP 2026 12:11PM by PIB Delhi
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (एनआईएफटी) ने शंघाई 2026 में आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, जिसमें एनआईएफटी के छात्रों और विशेषज्ञों ने फैशन टेक्नोलॉजी, डिजिटल इंटरेक्टिव मीडिया डिजाइन, रिटेल सेल्स और विजुअल मर्चेंडाइजिंग सहित प्रमुख फैशन और रचनात्मक कौशल क्षेत्रों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026, जो 23 से 26 सितंबर 2026 तक चीन के शंघाई में आयोजित हुआ, में लगभग 68 देशों और क्षेत्रों के 1,400 से अधिक युवा प्रतियोगियों ने 64 कौशल श्रेणियों में भाग लिया । भारत ने 63 कौशल श्रेणियों में 70 प्रतियोगियों के साथ अब तक का अपना सबसे बड़ा दल भेजा और 6 रजत पदक और 20 उत्कृष्टता पदक जीतकर 10वां स्थान प्राप्त किया ।
इस आयोजन में, एनआईएफटी ने चार कौशल क्षेत्रों- फैशन प्रौद्योगिकी, दृश्य विपणन, खुदरा बिक्री और डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया डिजाइन- में प्रतिनिधित्व किया । यह भागीदारी रचनात्मक, डिजिटल और खुदरा-उन्मुख कौशल क्षेत्रों में फैशन शिक्षा की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। एनआईएफटी की भागीदारी ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसके प्रतिभागियों ने तीन कौशल श्रेणियों में 2 रजत पदक और उत्कृष्टता पदक प्राप्त किए ।
फैशन टेक्नोलॉजी वर्ल्डस्किल्स में एनआईएफटी की भागीदारी का एक दीर्घकालिक क्षेत्र रहा है, संस्थान 2011 से इस कौशल में भाग ले रहा है। शंघाई 2026 में, एनआईएफटी गांधीनगर से फैशन डिजाइन में स्नातक सुश्री विधि नीरवकुमार सुथार ने फैशन टेक्नोलॉजी में भारत का प्रतिनिधित्व किया और उत्कृष्टता के लिए पदक प्राप्त किया।
सुश्री विधि ने एनआईएफटी, नई दिल्ली में भारतीय विशेषज्ञ प्रोफेसर (डॉ.) मोनिका गुप्ता और एनआईएफटी प्रशिक्षण दल के मार्गदर्शन में चार महीने का गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा किया । फैशन डिजाइन और वर्ल्डस्किल्स में व्यापक अनुभव रखने वाली प्रोफेसर गुप्ता ने प्रशिक्षण अवधि के दौरान गहन तैयारी, मार्गदर्शन और सलाह प्रदान की। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य तकनीकी दक्षता, सटीकता, अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन और वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता की परिस्थितियों में प्रदर्शन करने की क्षमता को मजबूत करना था।
डिजिटल इंटरेक्टिव मीडिया डिज़ाइन में,एनआईएफटी मुंबई के श्री कोविड अजय गंगराडे ने रजत पदक जीता , जबकि एनआईएफटी पंचकुला की सुश्री सानिया जोशी ने खुदरा बिक्री में रजत पदक जीता । उनकी उपलब्धियां विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं क्योंकि खुदरा बिक्री और डिजिटल इंटरेक्टिव मीडिया डिज़ाइन वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में उजागर की गई नई और उभरती कौशल श्रेणियों में से हैं, जो फैशन और रचनात्मक उद्योगों की बदलती प्रकृति और इस क्षेत्र में प्रौद्योगिकी, डिजिटल प्लेटफॉर्म और ग्राहक अनुभव के बढ़ते एकीकरण को दर्शाती हैं।
एनआईएफटी की भागीदारी विजुअल मर्चेंडाइजिंग तक भी फैली हुई थी, जिसमें एनआईएफटी बेंगलुरु की सुश्री अनुजा अजय वारे ने इस कौशल में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
एनआईएफटी के लिए, वर्ल्डस्किल्स का सफर सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने से कहीं अधिक है। यह छात्रों को वैश्विक व्यावसायिक मानकों, उभरती प्रौद्योगिकियों, अंतरराष्ट्रीय मानदंडों और उद्योग की अपेक्षाओं से परिचित कराता है । यह अनुभव एनआईएफटी को अपनी प्रशिक्षण पद्धतियों को लगातार मजबूत करने और वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को अपने शैक्षणिक और कौशल विकास तंत्र में एकीकृत करने में भी सक्षम बनाता है।
वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में एनआईएफटी प्रतिभागियों की सफलता संस्थान की इस निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है कि वह उच्चतम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम पेशेवरों को विकसित करे, साथ ही फैशन, प्रौद्योगिकी, रचनात्मकता, खुदरा और डिजिटल कौशल को एक साथ लाए।
एनआईएफटी ने अपने छात्रों, विशेषज्ञों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों, वस्त्र मंत्रालय और वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में उनकी तैयारी और भागीदारी में शामिल सभी लोगों को बधाई दी ।
*****
पीके/केसी/आरटी/एसएस/एचबी
(रिलीज़ आईडी: 2316447)
आगंतुक पटल : 141