कोयला मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

कोयला मंत्रालय आगामी 2 से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान-6 आयोजित करने के लिए तैयार

प्रविष्टि तिथि: 29 SEP 2026 5:25PM by PIB Delhi

केंद्रीय कोयला मंत्रालय आगामी 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक अपने सभी प्रशासनिक कार्यालयों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में विशेष अभियान-6 आयोजित करने जा रहा है। वेस्टेज टू वेल्थ यानी “कचरे से संपदा” के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप, एक माह चलने वाली इस पहल का मुख्य उद्देश्य ई-कचरे का वैज्ञानिक निपटान, कबाड़ की सफाई, कार्यालय स्थलों  का अनुकूलन और कार्यस्थल का डिजिटलीकरण भी है। इस अभियान के माध्यम से कुशल और नागरिक-केंद्रित शासन को सतत बढ़ावा दिया जाएगा।

इस दृष्टिकोण के व्यापक कार्यान्वयन और तैयारी सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं:

मंत्रालयस्तरीय समीक्षा--कोयला मंत्रालय की अपर सचिव श्रीमती रूपिंदर बराड़ ने 28 सितंबर 2026 को मंत्रालय के सभी प्रभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में अभियान के संचालन की रणनीति और लक्ष्य निर्धारित किए गए।

 

सार्वजनिक उपक्रमों और अधीनस्थ कार्यालयों की भागीदारी--कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री संजीव कुमार कासी ने 29 सितंबर 2026 को कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) और उसकी सहायक कंपनियों, एनएलसी इंडिया लिमिटेड (एनएलसीआईएल), कोयला नियंत्रक संगठन (सीसीओ) तथा कोयला खान भविष्य निधि संगठन (सीएमपीएफओ) के नोडल अधिकारियों के साथ एक अनुवर्ती समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

प्रमुख बिंदु और तैयारी संबंधी पहल पहचान और पृथक्करण अभियान--मंत्रालय अपने केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, कोयला नियंत्रक संगठन और कोयला खान भविष्य निधि संगठन के साथ मिलकर अनुपयोगी वस्तुओं, भौतिक कबाड़ और ई-कचरे की पहचान कर रहा है। इन वस्तुओं की व्यवस्थित समीक्षा, पृथक्करण और वैज्ञानिक निपटान के माध्यम से स्वच्छ कार्यस्थलों तथा परिसंपत्तियों के कुशल प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाएगा।

 

युवा नवाचार कार्यशाला

वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) ने डब्ल्यूसीएल कोयला विहार में कर्मचारियों के बच्चों के लिए “कचरे से संपदा कार्यशाला” आयोजित की। युवा प्रतिभागियों ने अनुपयोगी कचरे से अंतरिक्ष यान, रोबोट, कार और किलों सहित अनेक रचनात्मक नमूने तैयार किए। इस पहल ने युवाओं की भागीदारी के माध्यम से सतत चली आ रही प्रथाओं को उजागर किया।

 

स्वच्छता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा

कोयला नियंत्रक संगठन (सीसीओ) ने “स्वच्छता और विकसित भारत की परिकल्पना” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की। इस प्रतियोगिता के माध्यम से अधिकारियों के बीच सक्रिय संवाद और पर्यावरण संबंधी जागरूकता को प्रोत्साहित किया गया।

इन सभी संयुक्त प्रयासों के माध्यम से कोयला मंत्रालय मजबूत संस्थागत तंत्र को सुदृढ़ करने, प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने तथा स्वच्छ और हरित भारत के निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

******

पीके/ केसी/ आरटी/ एमएम


(रिलीज़ आईडी: 2316627) आगंतुक पटल : 107
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Telugu