सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत कल ‘सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ का आयोजन किया जाएगा


इस शिविर का उद्देश्य सफाई मित्रों के योगदान को पहचानने व सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराना है

दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री श्री बी.एल. वर्मा इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे

प्रविष्टि तिथि: 29 SEP 2026 5:17PM by PIB Delhi

वर्तमान में जारी ‘स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) 2026’ अभियान के तहत, भारत सरकार के  सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा कल राष्ट्रीय राजधानी में 'सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर' का आयोजन किया जाएगा।

‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक मनाया जा रहा है। इसका विषय स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत है।

इस शिविर का विषय है - ‘सम्मान सफाई मित्रों का, संकल्प स्वच्छ भारत का’। इस शिविर का उद्देश्य सफाई मित्रों के अहम योगदान को पहचानने व सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

यह शिविर हाइब्रिड मोड में आयोजित किया जाएगा। इसका वास्तविक कार्यक्रम जहां नई दिल्ली के डॉ. एस.पी.एम. सिविक सेंटर स्थित केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में होगा, वहीं  देश भर के शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी), ग्रामीण स्थानीय निकाय (आरएलबी) और संबंधित विभाग इसमें वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे।

दिल्ली सरकार की माननीया मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि होंगी, जबकि माननीय केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, माननीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री श्री बी. एल. वर्मा और एमसीडी, दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही विशिष्ट अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

इस कार्यक्रम में एमसीडी, दिल्ली के आयुक्त श्री संजीव खिरवार, सामाजिक न्याय एवं  अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. संदीप आर. राठौड़, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (एनएसकेएफडीसी) के प्रबंध निदेशक श्री पी. के. सिंह, विभाग और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ अन्य अधिकारी भी शामिल होंगे।

‘सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ सफाई कर्मचारियों तथा उनके परिवारों की सहायता हेतु  किए गए विभिन्न उपायों के लिए एक सिंगल-विंडो प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा।

यूएलबी और आरएलबी द्वारा की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों में सफाई मित्रों और उनके आश्रितों के लिए निवारक स्वास्थ्य जांच तथा स्क्रीनिंग सेवाएं शामिल होंगी। साथ ही, उपयुक्त व्यक्तिगत बचाव उपकरण (पीपीई) किट और सुरक्षा उपकरणों का वितरण एवं प्रदर्शन भी किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के तहत, ‘नेशनल एक्शन फॉर मैकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम (नमस्ते)’ योजना पर एक फिल्म भी दिखाई जाएगी। यह फिल्म नमस्ते स्कीम के लक्ष्यों और किए जाने वाले कार्यों पर प्रकाश डालेगी और सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान, कल्याण एवं  सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व को रेखांकित करेगी। इस फिल्म के प्रदर्शन से सुरक्षित एवं मशीनीकृत सफाई के तरीकों को बढ़ावा देने और सफाई मित्रों के कल्याण के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में जागरूकता भी बढ़ेगी।

यह शिविर सत्यापित किए गए कचरा बीनने वालों को ‘नमस्ते पहचान-पत्र’ वितरित करने में मदद करने और योग्य सफाई कर्मचारियों व उनके परिवारों को केन्द्र तथा राज्य सरकारों की कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने में सहायता करने पर भी ध्यान देगा। इनमें योग्यता के आधार पर आवास, नल से पानी का कनेक्शन, सफाई की सुविधाएं, बिजली, एलपीजी, स्वास्थ्य, जीवन एवं दुर्घटना बीमा, टीकाकरण, वित्तीय समावेशन और आजीविका में सहायता जैसी चीजें शामिल हैं।

इन उपायों के माध्यम से कवर की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं पहलों में पात्रता के अधीन पीएमएवाई, अमृत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, सौभाग्य, पीएम उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत/पीएम-जेएवाई, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, मिशन इंद्रधनुष, स्वच्छता उद्यमी योजना और पीएम जन धन योजना शामिल हैं।

इस कार्यक्रम में सफाई मित्रों को सार्वजनिक स्वास्थ्य, स्वच्छता और समुदायिक कल्याण में उनके अहम योगदान के लिए सम्मानित भी किया जाएगा। सफाई मित्र राष्ट्रीय कार्यक्रम के साथ-साथ देश भर में आयोजित स्थानीय गतिविधियों में भी हिस्सा लेंगे।

इस कार्यक्रम के तहत, प्रतिभागियों द्वारा एनएमबीए (नशा मुक्त भारत अभियान) से संबंधित शपथ भी लिया जाएगा। इसके जरिए वे नशा-मुक्त समाज बनाने और नशीले पदार्थों के सेवन के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाने के प्रति अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता को दोहराएंगे। यह शपथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करेगी तथा लोगों व समुदायों को ‘नशा मुक्त भारत’ के विजन में योगदान देने हेतु प्रोत्साहित करेगी।

यह पहल स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, कल्याण एवं सम्मान सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवा, सुरक्षा उपकरणों और सामाजिक सुरक्षा तक उनकी पहुंच को मजबूत करने के प्रति सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह सामूहिक भागीदारी की भावना और ‘स्वच्छ भारत’ व ‘विकसित भारत’ के विजन को भी मजबूत करती है।

*****

पीके/केसी/आरटी/आर / डीए


(रिलीज़ आईडी: 2316694) आगंतुक पटल : 44
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu