संसदीय कार्य मंत्रालय
संसदीय कार्य मंत्रालय में हिंदी पखवाड़े का सफल आयोजन संपन्न
प्रविष्टि तिथि:
30 SEP 2026 4:47PM by PIB Delhi
संसदीय कार्य मंत्रालय में 14 से 30 सितंबर, 2026 के दौरान ‘हिंदी पखवाड़ा’ अत्यंत उत्साह के साथ मनाया गया। 14 सितंबर, 2026 को हिंदी दिवस के अवसर पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री की ओर से एक शुभकामना संदेश जारी किया गया।
हिंदी पखवाड़े के दौरान मंत्रालय में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें हिंदी टंकण, हिंदी श्रुतलेखन, गैर-हिंदी भाषियों के लिए प्रश्नोत्तरी, हिंदी टिप्पण-आलेखन, हिंदी अनुवाद, तथा हिंदी निबंध और कविता लेखन प्रतियोगिता आदि शामिल थीं। अधिकारियों और कर्मचारियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
30 सितंबर, 2026 को आयोजित समापन समारोह के दौरान संसदीय कार्य मंत्रालय के अपर सचिव ने कर्मचारियों को अपना अधिक से अधिक कार्य हिंदी में निपटाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि कर्मचारियों को केवल हिंदी पखवाड़े के दौरान ही नहीं, बल्कि पूरे साल हिंदी में काम करने का प्रयास करना चाहिए।

[डॉ. सत्य प्रकाश, अपर सचिव, संसदीय कार्य मंत्रालय कर्मचारियों को संबोधित करते हुए]
सचिव, संसदीय कार्य मंत्रालय ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की नीति केवल भाषा के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे शासन-प्रशासन, विज्ञान और आधुनिक तकनीक की मुख्यधारा से जोड़ने की है। उन्होंने सभी से सरल और सहज हिंदी का प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाषा जितनी सरल और बोधगम्य होगी, वह उतनी ही प्रभावी होगी।

[श्री निकुंज बिहारी धल, सचिव, संसदीय कार्य मंत्रालय कर्मचारियों को संबोधित करते हुए]

[मंत्रालय की हिंदी ई-पत्रिका “संसदीय सरिता” का विमोचन]
इस अवसर पर सचिव द्वारा मंत्रालय के अधिकारियों/कर्मचारियों की रचनाओं से युक्त एक हिंदी ई-पत्रिका ‘संसदीय सरिता’ का विमोचन किया गया जो मंत्रालय के अधिकारियों/कर्मचारियों की रचनात्मक प्रतिभा और परिपक्वता का सुंदर संकलन है। इस ई-पत्रिका को मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। ई-पत्रिका के विमोचन के साथ-साथ सचिव और अपर सचिव ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कार विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए।

***
ISA
(रिलीज़ आईडी: 2317051)
आगंतुक पटल : 80