संचार मंत्रालय
डाक विभाग ने स्वच्छता, दक्षता और ग्राहक-केन्द्रित सेवाओं पर ध्यान केन्द्रित करते हुए ‘विशेष अभियान 6’ को अंतिम छोर तक पहुंचाया
प्रविष्टि तिथि:
01 OCT 2026 3:51PM by PIB Delhi
डाक विभाग ने ‘विशेष अभियान 6’ के कार्यान्वयन चरण की शुरुआत की है। यह चरण 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 के दौरान डाक विभाग के देशव्यापी विशाल नेटवर्क में चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता, कुशल रिकॉर्ड प्रबंधन, लंबित मामलों को कम करने और पर्यावरण के अनुकूल अपशिष्ट प्रबंधन को संस्थागत रूप देना है। इसमें ई-कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन और विभागीय संसाधनों के टिकाऊ उपयोग पर विशेष जोर दिया जाएगा।
विशेष अभियान 5 के दौरान, विभाग ने 1.30 लाख अभियान स्थलों को कवर किया, 1,00,000 लोक शिकायतों का निपटारा किया, 17,352 फाइलों व ई-फाइलों की समीक्षा करके उन्हें हटाया, कार्यालयों के भीतर 23,287 वर्ग फुट स्थान को खाली कराया और कबाड़ व बेकार सामानों को बेचकर 1.02 करोड़ रुपये अर्जित किए।
इन परिणामों को आगे बढ़ाते हुए, ‘विशेष अभियान 6’ का उद्देश्य इन कार्य-पद्धतियों को और अधिक संस्थागत बनाना तथा उन्हें संपूर्ण विभाग के रोजमर्रा के कामकाज में शामिल करना है।
‘विशेष अभियान 6’ के मुख्य फोकस क्षेत्र
‘विशेष अभियान 6’ के तहत, डाक विभाग ने निम्नलिखित लक्ष्य निर्धारित किए हैं:
- लोक शिकायतों एवं अपीलों के लंबित मामलों का निपटारा – ‘विशेष अभियान 6’ का लक्ष्य 1,50,000 शिकायतों और 1,500 अपीलों का समाधान करना है।
- देशभर में 1,35,000 स्थलों पर स्वच्छता अभियान।
इन लक्ष्यों का उद्देश्य संपूर्ण विभाग में दक्षता, स्वच्छता और तत्परता को बेहतर बनाने हेतु एक केन्द्रित एवं मापने योग्य ढांचा प्रदान करना है।
स्वच्छता: अंतिम छोर तक पहुंचने का दृष्टिकोण
डाक विभाग स्वच्छता के लिए अंतिम छोर तक पहुंचने का दृष्टिकोण अपना रहा है। इस दृष्टिकोण के तहत विभाग द्वारा डाकघर परिसर की वास्तविक साफ-सफाई से परे जाकर स्वच्छ प्रक्रियाओं, अधिक दक्षता, जवाबदेही एवं कर्मचारियों के बीच एक सांस्कृतिक पुनर्रचना को शामिल करते हुए स्वच्छता संबंधी प्रयासों का विस्तार किया जा रहा है।
इस अभियान में सभी प्रकार के डाकघर शामिल हैं, जिनमें ग्रामीण डाकघर शाखा (बीओ) भी हैं। इसका उद्देश्य दैनिक कामकाज में साफ-सफाई और काम करने के बेहतर तरीकों को शामिल करना है। इस पहल का लक्ष्य नागरिक-केन्द्रित सेवा, जिम्मेदार सेवा आपूर्ति और ग्राहकों के समग्र अनुभव को बेहतर बनाना है।
ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाना
डाक नेटवर्क को आधुनिक बनाने के अपने प्रयासों के तहत, डाक विभाग नई दिल्ली स्थित ‘स्कल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर' के साथ मिलकर तैयार किए गए डिजाइन मैनुअल के अनुसार डाकघर के भवनों के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण पर भी ध्यान दे रहा है।
इसका उद्देश्य महज सौंदर्यबोध में सुधार करने से परे जाकर ऐसे डाकघर बनाना है जो कार्यपरक हों, सुगम्य हों, ग्राहकों के लिए सुविधाजनक हों और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार हों।
विभाग ‘एन-जेन' डाकघर भी खोल रहा है। इन डाकघरों का आंतरिक एवं बाहरी हिस्सा साफ-सुथरा और आधुनिक है। इस कदम का उद्देश्य ऐसे आधुनिक डाक स्थल बनाना है जो अपेक्षाकृत अधिक आकर्षक और युवा ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप हों।
इसके अलावा, मौजूदा सुविधाओं को बेहतर बनाने एवं संपूर्ण डाक नेटवर्क में एक जैसी ब्रांडिंग को बढ़ावा देने हेतु एसपीए डाकघर का नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इन पहलों का उद्देश्य कामकाज, पहुंच और डाकघर आने वाले ग्राहकों के समग्र अनुभव को बेहतर बनाना है।
जन संपर्क - डाक चौपाल
‘विशेष अभियान 6’ के तहत, डाक विभाग नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने और सरकारी सेवाओं को लोगों के करीब लाने हेतु ‘डाक चौपाल’ का आयोजन कर रहा है। यह पहल डिजिटल इंडिया, वित्तीय समावेशन और अंत्योदय पर केन्द्रित है। इसमें सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नागरिकों को वित्तीय सेवाओं, बीमा, डीबीटी, पेमेंट्स बैंक, ई-कॉमर्स और निर्यात सेवाओं के साथ-साथ सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
एक-एक पत्र के जरिए, एक साफ-सुथरे कल की ओर कदम!

भारतीय डाक ने 17 सितंबर को ‘स्वच्छता अभियान 2026’ के अवसर पर एक ‘स्पेशल कैंसिलेशन’ शुरू किया। भेजे जाने वाले हर डाक के साथ एक महत्वपूर्ण संदेश का प्रसार करते हुए, यह स्पेशल कैंसिलेशन हमें “सबकी भागीदारी के साथ कचरे से आजादी” के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में प्रयास करने की याद दिलाता है।
सतत एवं संस्थागत स्वच्छता की ओर
‘विशेष अभियान 6’ स्वच्छता, दक्षता, स्थिरता और नागरिक-केन्द्रित सेवा प्रदान करने की व्यवस्था को संस्थागत रूप देने की डाक विभाग की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराता है। इस अभियान का उद्देश्य डाक विभाग के देशव्यापी नेटवर्क में इन तौर-तरीकों को बनाए रखना और नागरिकों के लिए सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है।
*****
पीके/केसी/आरटी/आर
(रिलीज़ आईडी: 2317843)
आगंतुक पटल : 31