कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय
गांधी जयंती पर गोवा में CM सावंत संग केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने की स्वच्छता सेवा, विपक्ष को लिया आड़े हाथों
हम चला रहे स्वच्छता अभियान, कांग्रेस देश में फैला रही गंदगी; राहुल गांधी पर बरसे शिवराज सिंह चौहान
लोकतंत्र नहीं, यह अराजकता, झूठ और अशांति फैलाव अभियान : राहुल गांधी की सियासत पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह का तीखा वार
विदेश में देश को बदनाम करने वालों के मुंह से लोकतंत्र की बात शोभा नहीं देती; शिवराज सिंह चौहान का कांग्रेस पर करारा प्रहार
इमरजेंसी थोपने और 50 सरकारें गिराने वाले आज लोकतंत्र का रोना रो रहे; पोंडा में गरजे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह
'गोल्डन गोवा' के विकास पर बोले शिवराज सिंह- पूरा देश कह रहा है 'वेल डन गोवा, वेल डन प्रमोद सावंत
'हर घर नल, बिजली और पक्की छत' : गोवा में बचे सिर्फ 595 कच्चे मकान, शिवराज ने CM को सौंपी अंतिम पक्के आवासों की सौगात
'गोवा फ्रेश' ब्रांड और पिंक ऑटो की सौगात : खेत में किसान का पसीना, नौजवानों की ब्रांडिंग से विश्व बाजार में चमकेगा गोवा- शिवराज सिंह
गोवा के किसानों को नई सौगात : राज्य में जल्द खुलेगा एक और नया कृषि विज्ञान केंद्र, शिवराज सिंह ने दी मंजूरी
प्रविष्टि तिथि:
02 OCT 2026 7:42PM by PIB Bhopal
पोंडा (गोवा)/नई दिल्ली, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गोवा में विकास, सेवा और सुशासन के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत के साथ राज्य में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत झाड़ू थामकर श्रमदान किया, प्रसिद्ध 'योग सेतु' का भ्रमण किया और पोंडा (बेतोड़ा) स्थित सनग्रेस गार्डन्स में 'स्वयंपूर्ण गोवा' की छठी वर्षगांठ पर लगे विभिन्न विकास व उत्पाद स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान जनसभा और मीडिया से चर्चा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने दो टूक कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार स्वच्छता अभियान चला रही है और घर-घर जाकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दे रही है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस देश में राजनीतिक गंदगी, झूठ और अराजकता फैलाने में लगी है। उन्होंने कांग्रेस के 'लोकतंत्र बचाओ' के नारे को ढोंग बताते हुए कहा कि यह वास्तव में 'अराजकता फैलाव, गलतफहमी फैलाव, अशांति फैलाव और देश को बदनाम करो अभियान' है। 50 से अधिक बार चुनी हुई सरकारों को गिराने और आपातकाल थोपने वालों के मुंह से लोकतंत्र की बात शोभा नहीं देती।

स्वच्छता श्रमदान, योग सेतु भ्रमण और स्टॉलों का अवलोकन
गांधी जयंती के अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान गोवा प्रवास पर रहे। उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नायक और अन्य सहयोगियों के साथ 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया और झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने गोवा के प्रसिद्ध 'योग सेतु' का भ्रमण कर राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, योग संस्कृति और अधोसंरचना की सराहना की।

पोंडा के बेतोड़ा स्थित सनग्रेस गार्डन्स में आयोजित 'स्वयंपूर्ण गोवा' की छठी वर्षगांठ समारोह में पहुँचकर शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत के साथ विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों द्वारा लगाए गए पैवेलियन व स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉलों पर प्रदर्शित स्थानीय कृषि उत्पादों, हस्तशिल्प और महिलाओं द्वारा तैयार वस्तुओं की जानकारी ली और लाभार्थियों से सीधा संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

'हम स्वच्छता अभियान चला रहे, कांग्रेस देश में गंदगी फैला रही'; राहुल पर हमला
स्वच्छता श्रमदान के बाद मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "पूज्य बापू ने देश को स्वच्छता का मूल मंत्र दिया था और बापू के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने इसे धरातल पर उतारकर जन-आंदोलन बनाया। मोदी जी ने हाथ में झाड़ू उठाई, तो पूरे हिंदुस्तान ने उठाई। आज 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक पूरे देश में व्यापक 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान चलाया जा रहा है। गोवा की स्वच्छता देखकर मन प्रसन्न हो जाता है। हम तो स्वच्छता अभियान चला रहे हैं, 'स्वयंपूर्ण गोवा' के तहत हमारी सरकार घर-घर जाकर, द्वार पर पहुँचकर सुविधाओं और सेवाओं का लाभ दे रही है; लेकिन कांग्रेस पूरे देश में गंदगी फैलाने का काम कर रही है।"

राहुल गांधी और कांग्रेस के अभियान की बखिया उधेड़ते हुए उन्होंने कहा, "ये लोकतंत्र बचाओ की बात करने वाले असल में लोकतंत्र नहीं बचा रहे हैं। यह 'अराजकता फैलाव अभियान', 'झूठ फैलाव अभियान', 'गलतफहमी फैलाव अभियान', 'देश को बदनाम करो अभियान' और 'देश में अशांति फैलाव अभियान' है, जिसे राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस चला रही है। लोकतंत्र की बात वो क्या करेंगे जिन्होंने बार-बार लोकतंत्र को कुचला है? 50 से ज्यादा बार निर्वाचित सरकारें भंग कीं, आपातकाल लगाकर लाखों लोगों को जेलों में ठूँस दिया और मुख्यमंत्रियों को कपड़ों की तरह बदला-उनके मुंह से लोकतंत्र का शब्द शोभा नहीं देता।"

उन्होंने आगे कहा, "ये वही लोग हैं जिन्होंने विदेश में जाकर देश को बदनाम करने की साजिशें की हैं। ये झूठ के चाहे जितने बादल फैला लें, सत्य का सूर्य इनको तितर-बितर कर देगा। नरेंद्र मोदी जी लोगों के दिलों पर राज करते हैं। गोवा जैसे राज्यों में जहाँ भाजपा की सरकार है, वहाँ तीव्र विकास हो रहा है। कांग्रेस को असल दर्द इसी विकास और जनता के कल्याण का है। जब ये जनता के बीच चुनावी मैदान में हरा नहीं पाते, तो हताशा में झूठे आरोप और झूठे नैरेटिव गढ़ते हैं, लेकिन इनका झूठ कभी चलने वाला नहीं है।"
हारते हैं तो चुनाव आयोग मुर्दाबाद, जीतें तो जिंदाबाद- यही इनका असली चरित्र
समारोह के मंच से शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस की चुनावी दोहरी मानसिकता पर प्रहार करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी भारत के लिए भगवान का वरदान हैं, जो बिना रुके, बिना विश्राम किए दिन-रात विकसित भारत के निर्माण में जुटे हैं। जनता मोदी जी से प्यार करती है, यही प्रचंड लोकप्रियता विपक्ष को रास नहीं आ रही। जब मतदाता सूची से मृत व्यक्तियों या गैर-नागरिकों के नाम काटे जाते हैं, तो इन्हें तकलीफ होती है। कर्नाटक, तेलंगाना या हिमाचल जीत जाएं तो 'हम जीते जिंदाबाद' और हार जाएं तो 'चुनाव आयोग मुर्दाबाद'। यह लोकतंत्र बचाने की लड़ाई नहीं, बल्कि डूबती कांग्रेस और परिवार को बचाने की अंतिम छटपटाहट है।"
उन्होंने कांग्रेस के स्थानीय संगठन पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के अच्छे नेता और समर्पित कार्यकर्ता कांग्रेस की दुर्गति देखकर भाजपा में आ चुके हैं। कांग्रेस में जो नेता लगातार जिला पंचायत और विधानसभा का चुनाव हारते रहे, पार्टी ने उन्हें ही प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठा दिया क्योंकि उन्हें पहले से पता है कि भविष्य में भी हार ही मिलनी है।
'गोल्डन गोवा' का डंका, पूरा देश कह रहा-'वेल डन गोवा, वेल डन प्रमोद सावंत'
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गोवा के तेज विकास और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मनोहर पर्रिकर जी ने गोवा के विकास की जो मजबूत आधारशिला रखी थी, मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने उस पर सुशासन और समृद्धि का भव्य महल खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश कह रहा है- 'वेल डन गोवा, वेल डन प्रमोद सावंत'; क्योंकि पूरे हिंदुस्तान में सबसे अधिक प्रति व्यक्ति आय (Per Capita Income) आज गोवा की है। यहाँ की सड़कें, नए फ्लाईओवर्स, मनोहर पर्रिकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और जुआरी ब्रिज का इंफ्रास्ट्रक्चर आधुनिक भारत का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
G-O-A का नया मंत्र और 'गोवा फ्रेश' ब्रांड का शुभारंभ
शिवराज सिंह चौहान ने गोवा को Growth (समृद्धि), Opportunity (अवसर) और Achievement (उपलब्धि) का संगम बताया। उन्होंने कहा कि गोवा 'अतिथि देवो भव:' और 'वसुधैव कुटुंबकम्' की जीवंत संस्कृति की मिसाल है। कार्यक्रम में उन्होंने स्थानीय कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए 'गोवा फ्रेश' ब्रांड का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि गोवा की जलवायु, माटी, धान, नारियल और काजू बेमिसाल हैं। किसान खेतों में पसीना बहा रहे हैं और स्थानीय युवा व बच्चे 'गोवा फ्रेश' के लोगो और पैकेजिंग से इसकी विश्वस्तरीय ब्रांडिंग कर रहे हैं।
महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्वयं सहायता समूह (SHG) की बहनों द्वारा संचालित 'पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो' की सराहना की और इसे आत्मनिर्भर नारी शक्ति का प्रतीक बताया।
नारियल और काजू क्रांति के लिए केंद्र का पूरा बजट, KVK को जल्द मंजूरी
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने गोवा के राज्य वृक्ष नारियल और विश्वप्रसिद्ध काजू के विकास के लिए बड़े नीतिगत कदमों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पुराने बागों के जीर्णोद्धार और नए क्षेत्रों में विस्तार के लिए केंद्र सरकार ने विशेष कोकोनट प्रमोशन स्कीम बनाई है। वे जल्द ही केंद्र के कृषि अधिकारियों की पूरी टीम के साथ गोवा आकर किसानों के बीच बैठकर विस्तृत कार्ययोजना बनाएंगे। साथ ही ICAR और नवगठित बोर्डों के सहयोग से काजू की उत्पादकता बढ़ाने हेतु अत्याधुनिक तकनीक और आर्थिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि RKVY, कृषि उन्नति और MIDH योजनाओं के तहत तय 50 करोड़ रुपये के बजट में से 23 करोड़ पहले ही जारी किए जा चुके हैं और वे शेष राशि का स्वीकृति पत्र भी साथ लाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत द्वारा रखे गए नए कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) के प्रस्ताव को भी जल्द स्वीकृति देने का ऐलान किया।
हर गरीब को पक्की छत : बचे हुए 595 कच्चे मकानों की भी स्वीकृति
ग्रामीण विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गोवा ने हर घर नल, हर घर बिजली, हर घर शौचालय और वित्तीय समावेशन में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा, "आज हम देशभर में कच्चे मकानों का हिसाब लगा रहे थे। गोवा में गहन सर्वेक्षण के बाद भी केवल 595 कच्चे घर ही बाकी पाए गए, क्योंकि अधिकांश जनता पहले ही पक्के मकानों में पहुंच चुकी है। मैं आज इन बचे हुए 595 कच्चे मकानों को भी पक्का बनाने का स्वीकृति पत्र लेकर आया हूँ। अब गोवा में कोई भी नागरिक कच्चे मकान में नहीं रहेगा।"
उन्होंने कहा कि बहनों को 'गृह आधार' योजना और वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों को सीधे चौखट पर सुविधाएं पहुंचाने वाला 'सरकार तुमच्या दारी' अभियान पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'अंत्योदय' का सबसे जीवंत स्वरूप है, जहाँ सरकार खुद चलकर जनता के द्वार तक पहुंचती है।
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने गोवा की जनता और मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत को 'स्वयंपूर्ण गोवा' की छठी वर्षगांठ की बधाई देते हुए गोवा के चहुंमुखी विकास में केंद्र के पूर्ण सहयोग का संकल्प दोहराया।
**
(रिलीज़ आईडी: 2318363)
आगंतुक पटल : 20