सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने डॉ. एंगम पामे (आईआईएस), अपर महानिदेशक (एडीजी), श्री नांपिबौ मारिनमई (आईआईएस), निदेशक और श्री एच. लियानवेला, एमटीएस के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया


अधिकारियों ने मिजोरम में ड्यूटी के दौरान एक भयंकर सड़क हादसे में जान गंवाई

प्रविष्टि तिथि: 02 OCT 2026 6:58PM by PIB Delhi

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने मिजोरम में एक भयंकर सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सूचना और प्रसारण जगत के तीन सदस्यों के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। 1 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक ड्यूटी पर जा रहे अधिकारियों को ले जा रहा वाहन एक गहरी खाई में गिर गया।

दिवंगत अधिकारियों में डॉ. एंगम पामे, आईआईएस, अपर महानिदेशक, प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) और केन्द्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), इंफाल; श्री नांपिबौ मारिनमई, आईआईएस, निदेशक (समाचार), दूरदर्शन केंद्र और आकाशवाणी, आइजोल; तथा श्री एच. लियानवेला, एमटीएस, केन्द्रीय संचार ब्यूरो, फील्ड कार्यालय, आइजोल शामिल हैं।

तीन सहकर्मियों के निधन से मंत्रालय को गहरा दुख पहुंचा है। उनका असामयिक निधन उनके संबंधित संगठनों के साथ-साथ देशभर में जनसंचार और सूचना प्रसार के कार्य में लगे अधिकारियों एवं पेशेवरों के परिवार के लिए भी अपूरणीय क्षति है।

नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान विद्यालय से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एमए की शिक्षा पूरी करने के बाद 58 वर्षीय डॉ. एंगम पामे ने वर्ष 1994 में भारतीय सूचना सेवा (आईआईएस) में प्रवेश किया था। तीन दशकों से अधिक लंबे अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने दिल्ली, इंफाल, पुणे और शिलांग में विभिन्न पदों पर कार्य किया तथा सरकारी संचार, मीडिया समन्वय और जनसंपर्क के क्षेत्र में योगदान दिया।

पीआईबी इंफाल के अपर महानिदेशक के रूप में डॉ. पामे ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में मीडिया संगठनों और सरकारी विभागों के साथ संचार एवं समन्वय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूर्वोत्तर क्षेत्र से भारतीय सूचना सेवा के ग्रुप ‘ए’ के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले अधिकारियों में से एक रहे डॉ. पामे अपने दायित्वों में व्यापक क्षेत्रीय अनुभव और क्षेत्र के विविध संचार परिदृश्य की गहरी समझ लेकर आए। डॉ. पामे मणिपुर के तामेंगलोंग जिले के ज़ेमे नागा समुदाय से थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी अजुना पामे, एक पुत्र और एक पुत्री हैं।

श्री नांपिबौ मारिनमई भारतीय सूचना सेवा के अधिकारी थे और दूरदर्शन केन्द्र तथा आकाशवाणी, आइजोल में निदेशक (समाचार) के पद पर कार्यरत थे। वे इंटर मीडिया पब्लिसिटी कोऑर्डिनेशन कमेटी (आईएमपीसीसी) के अध्यक्ष भी थे। इससे पहले उन्होंने भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय में जनसंपर्क अधिकारी के रूप में कार्य किया था, जहां वे रक्षा संबंधी जनसंपर्क, मीडिया रिपोर्टिंग और संचार से जुड़े कार्यों में शामिल रहे।

समाचार और सार्वजनिक प्रसारण के साथ अपने लंबे जुड़ाव के दौरान श्री नांपिबौ ने जनसंचार और सूचना प्रसार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। रक्षा जनसंपर्क और प्रसारण के क्षेत्र में उनके अनुभव ने संस्थानों और मीडिया के बीच संचार को सुगम बनाने में उन्हें सक्षम बनाया। उनकी व्यावसायिक प्रतिबद्धता, समर्पित सेवा तथा सहकर्मियों और मीडिया पेशेवरों के साथ उनके सौहार्दपूर्ण संबंधों को सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं।

श्री एच. लियानवेला, एमटीएस, केन्द्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), फील्ड कार्यालय, आइजोल, वर्ष 1998 में सरकारी सेवा में शामिल हुए थे। वे 52 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पौत्र हैं।

श्री गोजेंद्र डे, चालक, केन्द्रीय संचार ब्यूरो, फील्ड कार्यालय, आइजोल भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं और अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। वे होश में हैं और चिकित्सकीय निगरानी में हैं।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय शोक की इस घड़ी में तीनों अधिकारियों के शोकाकुल परिवारों, सहकर्मियों और मित्रों के साथ खड़ा है। सरकार के प्रति उनकी वर्षों की समर्पित सेवा और जनसंचार के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।

***

पीके/केसी/आरटी/केपी


(रिलीज़ आईडी: 2318394) आगंतुक पटल : 55
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Khasi , Urdu , Manipuri , Assamese , Malayalam