संस्‍कृति मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान का समापन


विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों, प्रतियोगिताओं एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

प्रविष्टि तिथि: 03 OCT 2026 10:02PM by PIB Bhopal

इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, में दिनांक 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का समापन राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री पंडित लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर हुआ। अभियान के दौरान संग्रहालय परिसर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता एवं सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के अंतर्गत संग्रहालय परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें प्लास्टिक, अनुपयोगी सामग्री एवं स्क्रैप को एकत्रित कर परिसर की साफ-सफाई की गई। इसके अतिरिक्त छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ के लिए ‘मेकिंग आर्ट फ्रॉम वेस्ट’ (कबाड़ से कला) प्रतियोगिता, केन्द्रीय विद्यालय बैरागढ़ के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता, संग्रहालय कर्मियों एवं म्यूजियोलॉजी विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, ‘एक दिन, एक घंटा श्रमदान’, संग्रहालय परिसर में पौधरोपण तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण विषयक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिताओं के विजेता हुए पुरस्कृत

पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता में कु. किंजल सिकरवार एवं प्रिय कुमारी को प्रथम पुरस्कार, श्री अभय कुशवाहा को द्वितीय पुरस्कार तथा स्नेह साहू एवं जासमीन खात्री को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं कु. मुस्कान एवं साक्षी पाठक को संयुक्त रूप से सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसी प्रकार ‘कबाड़ से कला’ प्रतियोगिता में कु. निगम कुमारी एवं श्री प्रदीप कुमार मलिक को प्रथम, श्री अनुभव मिश्र एवं कु. पायल चौरसिया को द्वितीय तथा कु. प्रिय मौर्य एवं कु. श्रुची संगोली को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। श्री नमन कुमार एवं श्री समीर महाराणा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। सभी विजेताओं को संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे द्वारा प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

स्वच्छता ही सेवा अभियान के समापन अवसर पर 02 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री पंडित लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के छायाचित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सभी ने वर्षभर स्वच्छता बनाए रखने एवं स्वच्छता के प्रति निरंतर जागरूक रहने की शपथ भी ली।

इस अवसर पर संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे ने महात्मा गाँधी के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गाँधी जी ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम को सत्य और अहिंसा जैसे नए मूल्यों से जोड़ा। उन्होंने कहा कि विश्व के अनेक पराधीन देशों ने स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए युद्ध और हिंसा का सहारा लिया, जबकि भारत के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने सत्य और अहिंसा के मार्ग को अपनाकर स्वतंत्रता आंदोलन को एक विशिष्ट दिशा प्रदान की।

प्रो. पांडे ने कहा कि स्वच्छता भारतीय ग्रामीण जीवन की परंपरा और व्यवहार का अभिन्न हिस्सा रही है, किंतु महात्मा गाँधी ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता को विशेष महत्व देते हुए इसे राष्ट्रीय चेतना से जोड़ा। उन्होंने सीमित संसाधनों में सादगीपूर्ण जीवन जीने तथा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश दिया। गाँधी जी की स्वराज की संकल्पना में गाँवों को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर संसाधनों के विकास एवं उपयोग पर विशेष जोर दिया गया था।

समापन अवसर पर संग्रहालय के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता रही। ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के माध्यम से संग्रहालय ने स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे निरंतर व्यवहार एवं सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया।

***


(रिलीज़ आईडी: 2318799) आगंतुक पटल : 20