पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल डिब्रूगढ़ से पहली अंतरराष्ट्रीय मालवाहक यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे


राष्ट्रीय जलमार्ग-2 के माध्यम से बोगीबील से ढाका तक पहली मेथनॉल मालवाहक यात्रा, स्वतंत्रता के बाद असम के नदी व्यापार में एक नए अध्याय के सूत्रपात का प्रतीक

प्रविष्टि तिथि: 04 OCT 2026 9:22PM by PIB Delhi

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री (एमओपीएसडब्ल्यू) सर्बानंद सोनोवाल कल, 5 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे डिब्रूगढ़ के बोगीबील टर्मिनल में डिब्रूगढ़ से पहली अंतरराष्ट्रीय मालवाहक यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा मुख्य अतिथि के रूप में इस समारोह में वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे।

इस पहली यात्रा में असम पेट्रो-केमिकल्स लिमिटेड (एपीसीएल) द्वारा उत्पादित मेथनॉल को बोगीबील से बांग्लादेश के ढाका स्थित पनगांव बंदरगाह तक राष्ट्रीय जलमार्ग-2 (ब्रह्मपुत्र नदी) तथा भारत-बांग्लादेश प्रोटोकॉल मार्ग (आईबीपीआर) के माध्यम से ले जाया जाएगा। स्वतंत्रता के बाद यह पहली बार होगा जब डिब्रूगढ़ से किसी विदेशी बंदरगाह के लिए माल की खेप जलमार्ग से भेजी जाएगी।

स्वतंत्रता से पहले कई पीढ़ियों तक, ब्रह्मपुत्र नदी ऊपरी असम को विश्व के बाजारों से जोड़ने वाली मुख्य कड़ी  हुआ करती थी और डिब्रूगढ़ इस क्षेत्र के प्रमुख नदी बंदरगाहों में से एक था। कल का शुभारंभ उस संपर्क की पुनः शुरुआत का प्रतीक है। यह पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए अंतर्देशीय जलमार्गों को परिवहन के किफायती, पर्यावरण-अनुकूल और अधिक कुशल साधन के रूप में विकसित करने के सरकार के प्रयास को दर्शाता है।

इस समारोह में असम सरकार के परिवहन मंत्री चरण बोरो, असम सरकार के श्रम कल्याण मंत्री रामेश्वर तेली तथा असम सरकार के उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उद्यम मंत्री बिमल बोरा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इस समारोह में सांसद तेराश गोवाला (राज्यसभा); विधायक प्रशांत फुकन (डिब्रूगढ़), चक्रधर गोगोई (खोवांग), संजय किशन (माकुम), सुरेन फुकन (दिगबोई), बिनोद हजारिका (चाबुआ-लाहोवाल), भास्कर शर्मा (मरघेरिटा), तरंगा गोगोई (नाहरकटिया) और पुलक गोहेन (तिनसुकिया), भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के अध्यक्ष सुशील कुमार लोहानी तथा एपीसीएल के अध्यक्ष बिकुल चंद्र डेका की उपस्थिति भी अपेक्षित है।

इस कार्यक्रम का आयोजन पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय तथा आईडब्ल्यूएआई द्वारा असम सरकार और एपीसीएल के सहयोग से किया जा रहा है।

समारोह का सीधा प्रसारण आईडब्ल्यूएआई के आधिकारिक यूट्यूब चैनल, “IWAI_ShipMin”, पर किया जाएगा। अधिक जानकारी iwai.gov.in तथा X, लिंक्डइन, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर आईडब्ल्यूएआई के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से उपलब्ध रहेगी।

***

पीके/केसी/आरटी/आरके


(रिलीज़ आईडी: 2318953) आगंतुक पटल : 91
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English