राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
एनएचआरसी, भारत 7-8 अक्टूबर, 2026 को बिहार में कथित मानवाधिकार उल्लंघन के मामलों की सुनवाई के लिए पटना में 'खुली सुनवाई और शिविर बैठक' आयोजित करेगा
कार्यवाही के दौरान संबंधित राज्य के अधिकारी और शिकायतकर्ता उपस्थित रहेंगे
राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मानवाधिकारों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जाएगी
नागरिक समाज, गैर-सरकारी संगठनों और मानवाधिकार रक्षकों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत भी निर्धारित है
प्रविष्टि तिथि:
05 OCT 2026 5:03PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी), भारत राज्य में कथित मानवाधिकारों के उल्लंघन के मामलों की सुनवाई के लिए 7-8 अक्टूबर, 2026 को ज्ञान भवन, पटना, बिहार में दो दिवसीय 'खुली सुनवाई और शिविर बैठक' आयोजित कर रहा है।
पहले दिन एनएचआरसी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति वी. रामसुब्रमण्यन और सदस्य न्यायमूर्ति (डॉ.) विद्युत रंजन सारंगी और श्रीमती विजया भारती सयानी शिकायतकर्ताओं और राज्य के संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में पूर्ण आयोग में मामलों की सुनवाई करेंगे।
अगले दिन, 8 अक्टूबर, 2026 को आयोग दो अलग-अलग पीठों में मामलों की सुनवाई करेगा। अध्यक्ष कथित बंधुआ मजदूरी के मामलों की सुनवाई करेंगे। इसके साथ ही, सदस्यों, न्यायमूर्ति (डॉ.) विद्युत रंजन सारंगी और श्रीमती विजया भारती सयानी की एक खंडपीठ अनुपालन संबंधी मामलों और मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन की अन्य शिकायतों से संबंधित मामलों की सुनवाई करेगी।
इसके बाद, आयोग की ओर से नागरिक समाज संगठनों, गैर-सरकारी संगठनों और मानवाधिकार रक्षकों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की जाएगी। समापन सत्र में, आयोग राज्य से संबंधित मानवाधिकार के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक आयोजित करेगा।
मानवाधिकारों के उल्लंघन के पीड़ितों को न्याय तक आसान पहुंच की सुविधा प्रदान करने के लिए एनएचआरसी, भारत 2007 से समय-समय पर विभिन्न राज्यों में शिविर बैठकें आयोजित करता रहा है।
***
पीके/केसी/आरटी/एसकेएस/एसवी
(रिलीज़ आईडी: 2319307)
आगंतुक पटल : 97