युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
वन्दे मातरम कैंप में युवाओं ने ध्यान, नशा मुक्ति, उद्यमिता, सामाजिक परिवर्तन एवं राष्ट्रीय एकता पर किया संवाद
- विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता में दिखाई अभिव्यक्ति और प्रस्तुतीकरण क्षमता
- ‘उद्यमिता और नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर युवाओं से हुआ संवाद
- लोक संस्कृति, सामाजिक बदलाव और युवा नेतृत्व पर आयोजित हुए सहभागितापूर्ण सत्र
प्रविष्टि तिथि:
05 OCT 2026 7:38PM by PIB Dehradun
वंदे मातरम कैंप 2026-27 के अंतर्गत बीते शुक्रवार को युवाओं के लिए ध्यान, नशा मुक्ति, उद्यमिता, सामाजिक परिवर्तन, लोक संस्कृति, युवा नेतृत्व और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों पर विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने इन सत्रों में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने विचार साझा किए।
_20261005194237_7e3e39.jpeg)
कार्यक्रम की शुरुआत राज्य निदेशक श्री राहुल डबराल द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा ध्यान एवं मेडिटेशन सत्र आयोजित किया गया। सत्र में प्रतिभागियों को मानसिक एकाग्रता, आत्म-अनुशासन और सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया गया।
इसके पश्चात युवाओं में ड्रग्स एवं सब्सटेंस एब्यूज की समस्या और इसके दुष्प्रभावों पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, जिम्मेदार और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कैंप के दौरान विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतिभागियों को मौके पर विषय प्रदान किए गए, जिन पर उन्होंने निर्धारित समय में अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता ने युवाओं की अभिव्यक्ति क्षमता, आत्मविश्वास, मौलिक सोच, विषय की समझ और प्रस्तुतीकरण कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।
अगले सत्र में अधिवक्ता श्री ललित जोशी ने नशामुक्त युवा शक्ति की भूमिका को राष्ट्र के विकास से जोड़ते हुए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
_20261005194259_a29bfa.jpeg)
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रभावना से जुड़े लोकगीतों के माध्यम से भारतीय लोक संस्कृति एवं स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों को जाना। लोकगीतों के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय भावना की अभिव्यक्ति को भी साझा किया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता श्री अवधेश शर्मा ने उत्तराखण्ड की जमीनी वास्तविकताओं और युवाओं द्वारा लाए जा रहे सामाजिक बदलाव पर प्रतिभागियों के साथ संवाद किया। उन्होंने स्थानीय स्तर की सामाजिक चुनौतियों को समझने तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन की संभावनाओं पर विचार साझा किए।
इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता श्री मोहित बिष्ट ने ‘मेरा युवा भारत संगठन’ विषय पर सत्र लिया। उन्होंने युवाओं की संगठनात्मक सहभागिता, सामूहिक प्रयासों और सामाजिक गतिविधियों में युवा शक्ति की भूमिका पर चर्चा की।
वन्दे मातरम् कैंप के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रभावना, सामाजिक जिम्मेदारी, स्वस्थ जीवनशैली, उद्यमिता, लोक संस्कृति और युवा नेतृत्व जैसे विभिन्न आयामों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न राज्यों से आए युवाओं की सहभागिता ने इस कार्यक्रम को अंतरराज्यीय संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का मंच भी प्रदान किया।
कार्यक्रम में उपनिदेशक श्री अविनाश कुमार सिंह, जिला युवा अधिकारी श्री रोशन कुमार, सहायक निदेशक श्री बृजेश कौशिक सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
(रिलीज़ आईडी: 2319357)
आगंतुक पटल : 10