संचार मंत्रालय
केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यशोभूमि में आईएमसी 2026 की अंतिम तैयारियों की समीक्षा की
“स्केल विदआउट बाउंड्रीज” थीम के साथ, आईएमसी 2026 भारत के दूरसंचार एवं डिजिटल परिवर्तन व बढ़ते वैश्विक प्रौद्योगिकी नेतृत्व को करेगा प्रदर्शित
1.5 लाख से ज्यादा लोगों की उपस्थिति, 500+ प्रदर्शकों व भागीदारों, 600+ स्टार्ट अप्स एवं 900+ विचारकों के आने की उम्मीद
वैश्विक सहयोग एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 2,000+ तकनीकी उपयोग के मामलों, 120+ सत्रों और 700+ निवेशक बैठकों का होगा आयोजन
प्रविष्टि तिथि:
05 OCT 2026 9:00PM by PIB Delhi
केंद्रीय संचार और उत्तर पूर्व क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने 8 अक्टूबर, 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इसके उद्घाटन से पहले अंतिम तैयारियों की समीक्षा के लिए आज द्वारका के यशोभूमि स्थित इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) 2026 स्थल का दौरा किया।

दौरे के दौरान, केंद्रीय मंत्री ने प्रदर्शनी क्षेत्र का विस्तृत जायजा लिया, भाग ले रहे स्टार्टअप्स और प्रदर्शकों से बातचीत की, तथा दूरसंचार विभाग (डीओटी), सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) और साझीदार एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता की। उन्होंने मीडिया को भी संबोधित किया और आईएमसी 2026 के दायरे, महत्वाकांक्षा और वैश्विक महत्व को रेखांकित किया।

केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि “इंडिया मोबाइल कांग्रेस का 10वां संस्करण आ चुका है। भारतीय टेलीकॉम कनेक्टिविटी का भारी उत्साह, ऊर्जा, धड़कती हुई क्षमताएं और सिद्ध मॉडल यहाँ मौजूद है। इसी कनेक्टिविटी पर तकनीक के नए क्षितिज तलाशे जा रहे हैं। आइए, इस अनुभव का हिस्सा बनिए, जहाँ हजारों प्रदर्शक, सैकड़ों कंपनियाँ और नए उत्पाद देखने को मिलेंगे क्योंकि भारत एक सेवा प्रदाता राष्ट्र से उत्पादक राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।”

“स्केल विदाउट बाउंड्रीज़” थीम के साथ आईएमसी 2026 सहयोग, निवेश और ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए एक वैश्विक मंच प्रदान करते हुए, दूरसंचार, डिजिटल कनेक्टिविटी और तकनीकी नवाचार में भारत की उल्लेखनीय प्रगति को प्रदर्शित करेगा।
भारत के दूरसंचार और डिजिटल इकोसिस्टम ने हाल के वर्षों में महत्वपूर्ण वृद्धि देखी है। देश में अब 101 करोड़ ब्रॉडबैंड ग्राहक और 10 करोड़ से अधिक इंटरनेट ग्राहक हैं, जबकि 5 जी सेवाएं 99.9 प्रतिशत जिलों को कवर करती हैं और 85 प्रतिशत आबादी तक पहुंचती हैं। इसके अलावा, देश भर में डिजिटल कनेक्टिविटी के तेजी से विस्तार को दर्शाते हुए, 98.7 प्रतिशत गांवों में 4जी कनेक्टिविटी उपलब्ध है।

भारत अपनी खुद की स्वदेशी 4जी स्टैक विकसित करने वाला दुनिया का पांचवां देश भी बन गया है, जो तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में देश की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और उन्नत दूरसंचार प्रौद्योगिकियों के डिजाइन, विकास तथा उनके कार्यान्वयन में इसकी क्षमताओं को मजबूत करता है।
प्रमुख कार्यक्रमों में तीसरा अंतर्राष्ट्रीय 6जी संगोष्ठी, सीटीओ एवं सीईओ गोलमेज सम्मेलन, सेमीकंडक्टर और कोर कंपोनेंट सप्लाई चेन पर चर्चा, एआई युग के लिए टेलीकॉम स्टैक, टेलीकॉम उत्पाद विनिर्माण, सैटेलाइट कम्युनिकेशंस, 5 जी मोनेटाइजेशन, टेलीकॉम और क्वांटम कन्वर्जेंस, 5जी इनोवेशन हैकाथॉन, स्टार्टअप वर्ल्ड कप, साइबर सुरक्षा शिखर सम्मेलन और समावेशिता, कौशल विकास तथा रोजगार सृजन पर केंद्रित पहल शामिल हैं।
आईएमसी 2026 में मुख्य भाषण, गोलमेज सम्मेलन, पैनल चर्चा, कार्यशालाएं, हैकाथॉन, प्रदर्शन, शोकेस, द्विपक्षीय बैठकें और प्लेनरी सेशन शामिल होंगे, जो सरकारों, उद्योग, अकादमिक जगत, स्टार्टअप्स और तकनीकी नवप्रवर्तकों के बीच सहयोग के लिए एक मंच प्रदान करेंगे।
इस आयोजन में “इन्वेस्टिंग इन द नेक्स्ट बिलियन डिजिटल कनेक्शन” पर मंत्रिस्तरीय कार्यक्रम, “द सॉवरेन इन्फ्लेक्शन एंड द फ्यूचर ऑफ टेलीकॉम” पर सीईओ गोलमेज सम्मेलन, एआई फॉर गुड, साइबर सिक्योरिटी समिट, 6जी सिंपोजियम, स्टार्टअप वर्ल्ड कप इंडिया 2026, 5जी नेटवर्क के लिए एआई एजेंटों पर आईटीयू बिल्ड-ए-थॉन, एआई सेफ्टी इंडिया-यूके पैनल, रोबोटिक्स फॉर यूथ चैलेंज और अन्य वैश्विक तकनीकी कार्यक्रम भी शामिल होंगे।

2026 के इस संस्करण में 2,000+ तकनीकी उपयोग के मामले और 120 से अधिक सत्र होंगे, जो व्यवसायों, नीति निर्माताओं, शोधकर्ताओं और तकनीकी नवप्रवर्तकों को विचारों का आदान-प्रदान करने तथा नई साझेदारियों की खोज करने के अवसर प्रदान करेंगे।
इस आयोजन में 300 से अधिक निवेशकों, इनक्यूबेटरों, एक्सीलेटरों और वेंचर कैपिटल फर्मों के एक साथ आने की उम्मीद है, जिसमें 700 से अधिक निवेशक बैठकें होंगी, जिससे स्टार्टअप्स और प्रौद्योगिकी उद्यमों को वैश्विक पूंजी, मेंटरशिप और बाजारों तक पहुंच बनाने के अवसर मिलेंगे।
पीके/केसी/आरटी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2319438)
आगंतुक पटल : 75