कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा साधना श्रृंखला 2026 के तहत उत्तर-पूर्वी राज्यों के लिए द्वितीय क्षेत्रीय कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे
क्षमता निर्माण आयोग 9 अक्टूबर 2026 को गुवाहाटी में एक कार्यशाला का आयोजन करेगा, जिसका उद्देश्य प्रशिक्षण संस्थानों के रूपांतरण, अनुकूलनशील विकास के सुदृढ़ीकरण और राष्ट्रीय उन्नति के लिए मानवीय योग्यता को बढ़ावा देना है
प्रविष्टि तिथि:
07 OCT 2026 12:09PM by PIB Delhi
क्षमता विकास आयोग (सीबीसी) द्वारा आयोजित साधना श्रृंखला 2026 की द्वितीय क्षेत्रीय कार्यशाला 9 अक्टूबर 2026 को असम के गुवाहाटी में आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का उद्घाटन असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा करेंगे और इसमें पूर्वोत्तर क्षेत्र के सभी आठ राज्यों - असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा - के हितधारक शामिल होंगे। सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों के प्रमुख और संकाय सदस्य, विषय विशेषज्ञ, उद्योग भागीदार और अन्य हितधारक भी विचार-विमर्श में भाग लेंगे।
साधना श्रृंखला 2026, राष्ट्रीय सिविल सेवा क्षमता निर्माण कार्यक्रम के अंतर्गत सिविल सेवा प्रशिक्षण संस्थानों को क्षमता निर्माण संस्थानों में परिवर्तित करने के उद्देश्य से क्षमता विकास आयोग द्वारा आयोजित चार क्षेत्रीय कार्यशालाओं की एक राष्ट्रव्यापी श्रृंखला है। 29-30 सितंबर 2026 को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित उद्घाटन कार्यशाला के बाद, गुवाहाटी कार्यशाला इस श्रृंखला की द्वितीय कार्यशाला होगी।
यह कार्यशाला प्रतिभागी राज्यों और प्रशिक्षण संस्थानों को अपने अनुभव साझा करने, संस्थागत परिवर्तन में अवसरों और चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने और अपनी क्षमता निर्माण प्रणालियों को सुदृढ़ करने के लिए व्यावहारिक उपायों की पहचान करने के लिए एक मंच प्रदान करेगी। प्रस्तावित सुधारों को राज्य-विशिष्ट कार्य योजनाओं में रूपांतरित करने पर विशेष बल दिया जाएगा। इनमें संस्थागत शासन में सुधार, संकाय क्षमताओं को सुदृढ़ करने और प्रशिक्षण संस्थानों को डिजिटल रूप से सशक्त एवं भविष्य के लिए तैयार करने के उपाय शामिल होंगे।
राष्ट्रीय परामर्श से क्षेत्रीय कार्रवाई तक
प्रशिक्षण संस्थान भविष्य के लिए तैयार, उत्तरदायी और नागरिक-केंद्रित सिविल सेवा की आधारशिला हैं और विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। आयोग ने पिछले एक वर्ष में क्षेत्रीय कार्य बल की बैठकों, 2 से 8 अप्रैल 2026 तक आयोजित साधना सप्ताह और मई 2026 में क्षमता निर्माण को संस्थागत रूप देने पर राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन सहित व्यापक परामर्श यात्रा की है।
इन परामर्शों ने प्रशिक्षण संस्थानों को स्वतंत्र प्रशिक्षण प्रदाताओं से कार्यनीतिक, योग्यता-आधारित क्षमता निर्माण संस्थानों में विकसित करने के लिए एक एकीकृत ढाँचे की आवश्यकता पर बल दिया। इसी गति को आगे बढ़ाते हुए, साधना श्रृंखला संस्थागत सुधार पर राष्ट्रीय संवाद को क्षेत्रीय स्तर तक ले जाने का प्रयास करती है। इसमें राज्यों और प्रशिक्षण संस्थानों को प्रस्तावित सुधारों को प्रासंगिक संदर्भ में ढालने और उन्हें व्यावहारिक प्राथमिकताओं में परिवर्तित करने के लिए शामिल किया जाता है।
प्रशिक्षण संस्थान रूपांतरण की दिशा में
आयोग क्षेत्रीय कार्यशालाओं के माध्यम से राज्य सरकारों, प्रशिक्षण संस्थानों और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर एक व्यापक प्रशिक्षण संस्थान परिवर्तन ढांचा विकसित करने के लिए काम कर रहा है जो देश भर में विविध आवश्यकताओं और संस्थागत वास्तविकताओं के प्रति उत्तरदायी हो।
इन परामर्शों का मुख्य उद्देश्य संस्थागत शासन और नेतृत्व को सुदृढ़ करना, परिचालन प्रभावशीलता तथा सहयोग में सुधार करना, संकाय और संस्थागत दक्षताओं का निर्माण करना एवं डिजिटल परिवर्तन तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाने में सक्षम बनाना है। इसका एक प्रमुख लक्ष्य प्रशिक्षण संस्थानों को आपूर्ति-आधारित प्रशिक्षण से मांग-आधारित, भूमिका-आधारित और योग्यता-आधारित क्षमता निर्माण की ओर अग्रसर करना है।
यह रूपरेखा संस्थागत परिवर्तन के लिए एक साझा दिशा प्रदान करेगी, जिसमें अलग-अलग राज्यों और संस्थानों के अनुभवों, प्राथमिकताओं और संदर्भों का भी ध्यान रखा जाएगा। कार्यशालाओं के माध्यम से प्रतिभागी राज्यों को प्राथमिकताएं निर्धारित करने और इन सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए व्यावहारिक रूपरेखा तैयार करने में भी सहायता मिलेगी।
इस परिवर्तन का क्रियान्वयन साधना सप्ताह 2026 के दौरान शुरू किए गए एकीकृत नवयुग राष्ट्रीय प्रशिक्षण पहल (उन्नति) पोर्टल पर आधारित होगा। 700 से अधिक प्रशिक्षण संस्थानों को एक साझा डिजिटल मंच पर जोड़कर, उन्नति क्षमता निर्माण की मांग और संस्थागत आपूर्ति के बीच के अंतर को पाटने का प्रयास करता है। यह पोर्टल क्षमता विकास योजनाओं (सीबीपी) से उत्पन्न होने वाली दक्षता आवश्यकताओं को पूरा करने में प्रशिक्षण संस्थानों को सक्षम बनाने के माध्यम से संस्थागत दृश्यता, सहयोग, संसाधन साझाकरण और निरंतर, डेटा-सूचित सुधार को बढ़ावा देगा।
गुवाहाटी में आयोजित होने वाली यह कार्यशाला परामर्श बैठक, विजयवाड़ा में शुरू किए गए सहयोगात्मक कार्य को आगे बढ़ाएगी। इन परामर्श बैठकों से प्राप्त अंतर्दृष्टि और अनुशंसा प्रशिक्षण संस्थान परिवर्तन ढांचे को अंतिम रूप देने में सहायक होंगी, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि यह विभिन्न राज्यों के संस्थागत संदर्भों और आवश्यकताओं को प्रतिबिंबित करे।
साधना श्रृंखला के माध्यम से क्षमता विकास आयोग प्रशिक्षण संस्थानों के एक जुड़े हुए त्वरित और उत्तरदायी इकोसिस्टम को बढ़ावा देना चाहता है, जो प्रशासनिक अधिकारियों को नागरिकों के लिए बेहतर परिणाम देने के लिए आवश्यक दक्षताओं से सुसज्जित करने में सक्षम हो और राष्ट्रीय सिविल सेवा विकास निर्माण कार्यक्रम तथा विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप हो।

******
पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/वाईबी
(रिलीज़ आईडी: 2320116)
आगंतुक पटल : 48