सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

स्वच्छता एवं राष्ट्रीय पोषण अभियान पर पचीपल्या में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित

प्रविष्टि तिथि: 07 OCT 2026 5:01PM by PIB Jaipur

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केन्द्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय सवाई माधोपुर द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पचीपल्या सवाई माधोपुर में राष्ट्रीय पोषण अभियान एवं स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी श्री जितेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं के स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से मोटे अनाज तथा मौसमी फल एवं सब्जियों का दैनिक भोजन में अधिक से अधिक सेवन करने का आह्वान किया। विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापक श्री राकेश जांगिड़ ने स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत लोगों से अपने घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों एवं संस्थानों की नियमित साफ-सफाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहाँ स्वच्छता है, वहाँ ईश्वर का वास है। उन्होंने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता को आवश्यक बताया। केन्द्रीय संचार ब्यूरो, सवाई माधोपुर के प्रभारी अधिकारी श्री नेमीचंद मीणा ने राष्ट्रीय पोषण अभियान एवं स्वच्छता अभियान 6.0 के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घर एवं कार्यालयों में अनुपयोगी एवं कबाड़ वस्तुओं का पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को केन्द्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय कार्यालय सवाई माधोपुर की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के सहयोग से जन जागरुकता रैली का आयोजन किया गया रैली में छात्र-छात्राओं द्वारा स्वच्छता एवं पोषण पर आंगनबाड़ी से नाता जोड़ो, कहो कुपोषण भारत छोड़ो, हम सब ने मिलकर ठाना है, भारत को स्वच्छ बनाना है इत्यादि स्लोगन के माध्यम से ग्रामीणजन को स्वच्छता व पोषण पर संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता की शपथ भी ली। कार्यक्रम में विद्यालय के श्री विकास मीणा, श्री अशपाक खान, श्री चंद्र प्रकाश शर्मा, श्री अनीश मोहम्मद इत्यादि गणमान्य उपस्थित रहे केंद्रीय संचार ब्यूरो के श्री राजवीर मीना, श्री लालाराम चौधरी ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया।


(रिलीज़ आईडी: 2320209) आगंतुक पटल : 47