पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय
इंडिया एनर्जी वीक 2027
प्रविष्टि तिथि:
07 OCT 2026 5:13PM by PIB Patna
इंडिया एनर्जी वीक (IEW) भारत का प्रमुख ऊर्जा आयोजन है और विश्व के सबसे तेजी से विकसित हो रहे ऊर्जा मंचों में से एक है, जो ऊर्जा सुरक्षा, सतत विकास एवं नवाचार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद को आगे बढ़ाने हेतु नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधियों, निवेशकों, नवप्रवर्तकों तथा प्रौद्योगिकी प्रदाताओं को एक मंच पर एकत्रित करता है। 28 से 31 जनवरी 2027 तक कोलकाता में आयोजित होने वाला इंडिया एनर्जी वीक 2027 इस वर्ष "Unlocking Innovation, Securing Energy, Shaping Tomorrow" के दृष्टिकोण को साकार करते हुए वैश्विक ऊर्जा मूल्य श्रृंखला में नवीनतम तकनीकी प्रगति, नवाचारों एवं ऊर्जा क्षेत्र की उभरती संभावनाओं को प्रदर्शित करेगा।"
इंडिया एनर्जी वीक 2027 की देशव्यापी तैयारियों के अंतर्गत, इंडियनऑयल ने भारत के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में से एक आईआईटी पटना में IEW 2027 कर्टेन रेजर एवं नवाचार संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। यह पहल उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करने तथा युवा शोधकर्ताओं, नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप्स को ऊर्जा संक्रमण की दिशा में योगदान देने हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से की गई। छात्रों, संकाय सदस्यों एवं उभरते उद्यमियों के साथ संवाद के माध्यम से कार्यक्रम का लक्ष्य स्वच्छ ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, जैव ईंधन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) एवं डिजिटल प्रौद्योगिकियों जैसे क्षेत्रों में अभिनव समाधानों को बढ़ावा देना तथा भारत के ऊर्जा भविष्य के निर्माण में अकादमिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका को सुदृढ़ करना था।
इस कार्यक्रम की गरिमामयी उपस्थिति में अजय यादव, आईएएस, सचिव, ऊर्जा विभाग, बिहार सरकार एवं अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड; ए.के. सामन्तराय, कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख, इंडियनऑयल बिहार राज्य कार्यालय तथा राज्य स्तरीय समन्वयक, तेल उद्योग, बिहार; सत्य प्रकाश, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, बरौनी रिफाइनरी, इंडियनऑयल; प्रो. ए.के. ठाकुर, डीन (प्रशासन)-सह-पंजीयक, आईआईटी पटना; अजय सिंह, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, भारत प्लस इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड; आईआईटी पटना के विशिष्ट संकाय सदस्य, प्रतिष्ठित ग्राहक एवं चैनल पार्टनर उपस्थित रहे।
कर्टेन रेजर कार्यक्रम में छात्रों, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो नवाचार आधारित भारत की ऊर्जा परिवर्तन यात्रा के प्रति बढ़ती प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ए.के. सामन्तराय, कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख, इंडियनऑयल बिहार राज्य कार्यालय तथा राज्य स्तरीय समन्वयक, तेल उद्योग, बिहार ने भविष्य उन्मुख ऊर्जा समाधानों के विकास हेतु उद्योग और अकादमिक जगत के बीच सशक्त साझेदारी की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने भारत को वैश्विक ऊर्जा नेतृत्व की दिशा में अग्रसर करने में नवाचार, प्रौद्योगिकी और युवा प्रतिभाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया तथा छात्रों एवं नवाचारकर्ताओं से भारत की ऊर्जा परिवर्तन यात्रा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन अकादमिक संस्थानों, उद्योग और स्टार्टअप्स के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने की सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ हुआ। साथ ही, इंडिया एनर्जी वीक 2027 के लिए उत्साह और गति को और सुदृढ़ किया गया, जो नवाचार, साझेदारी और सतत ऊर्जा भविष्य के निर्माण हेतु वैश्विक स्तर पर एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरने जा रहा है।
(रिलीज़ आईडी: 2320218)
आगंतुक पटल : 45