स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
कल विश्व दृष्टि दिवस पर आँखों की जाँच के बाद एम्स जारी करेगा नि: शुल्क नेत्र स्वास्थ्य पासपोर्ट
प्रविष्टि तिथि:
07 OCT 2026 5:56PM by PIB Bhopal
एम्स भोपाल का नेत्र रोग विभाग इस वर्ष 8 अक्टूबर 2026 को विश्व दृष्टि दिवस मनाएगा। एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ) नरेन्द्र कोतवाल (रि) के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आम जनता को जागरूक करने के लिए एक अभूतपूर्व स्वास्थ्य पहल शुरू की जा रही है।
“एम्स की अनोखी पहल” के अंतर्गत इस वर्ष एम्स भोपाल द्वारा विशेष रूप से तैयार किया गया आई हेल्थ पासपोर्ट (नेत्र स्वास्थ्य पासपोर्ट) जारी किया जाएगा। यह सुविधा मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के मूल निवासियों के लिए होगी। “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर विश्व दृष्टि दिवस (8 अक्टूबर) के दिन एम्स भोपाल की नेत्र ओपीडी (नेत्र रोग बाह्य रोगी विभाग) में आने वाले पहले 100 मरीजों (मध्य प्रदेश के निवासी) को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस विशेष अभियान में मरीजों को ओपीडी की लंबी कतारों में लगकर पर्चा (पंजीकरण पर्ची) बनवाने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं होगी। मरीज सीधे वॉक-इन (सीधे प्रवेश) के माध्यम से ओपीडी में आकर अपनी आँखों की विस्तृत जाँच करा सकेंगे और अपना व्यक्तिगत आई हेल्थ पासपोर्ट प्राप्त कर सकेंगे।
आम जनता की सुविधा और आसान समझ के लिए संस्थान तीन प्रमुख जाँचें पूरी तरह निःशुल्क करा रहा है। पहली जाँच विजन टेस्ट है, यानी बिना चश्मे के और सबसे उपयुक्त चश्मे के साथ देखने की क्षमता की जाँच। इससे चश्मे के नंबर की शुरुआती परख होती है। दूसरी जाँच एनसीटी (नॉन-कॉन्टैक्ट टोनोमेट्री) है। इसमें आँख को छुए बिना हवा के हल्के दबाव से आँख के अंदरूनी दबाव की जाँच की जाती है। यह काला पानी (ग्लूकोमा) की स्क्रीनिंग (शुरुआती जाँच) में काम आती है। तीसरी जाँच ऑटोरैफ (ऑब्जेक्टिव रिफ्रैक्शन) है। इसमें आधुनिक कंप्यूटरीकृत मशीन आँखों की फोकसिंग क्षमता और दृष्टि दोष की स्वचालित जाँच करती है।
आई हेल्थ पासपोर्ट आपके स्वास्थ्य दस्तावेज की तरह काम करेगा। इसमें आँखों की जाँच के सभी बुनियादी आँकड़े, यानी दृष्टि, दबाव और रिफ्रैक्शन (चश्मे के नंबर की माप), दर्ज रहेंगे। इसे संभालकर रखने से भविष्य में जब भी आप किसी चिकित्सक के पास जाएंगे, आपकी आँखों का पिछला चिकित्सा रिकॉर्ड एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेगा। विश्व दृष्टि दिवस हर वर्ष अक्टूबर में पूरी दुनिया में आँखों की सुरक्षा, अंधापन निवारण और दृष्टि दोष के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए मनाया जाता है।
***
MG/PD/AV
(रिलीज़ आईडी: 2320277)
आगंतुक पटल : 18