उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर बीआईएस भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा इंदौर में हितधारक सम्मेलन आयोजित

प्रविष्टि तिथि: 08 OCT 2026 2:57PM by PIB Bhopal

भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), भोपाल शाखा कार्यालय (BPBO) द्वारा विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर 7 अक्टूबर 2026 को रेडिसन ब्लू, इंदौर में हितधारक सम्मेलन (Stakeholders Conclave) का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व मानक दिवस की थीम “SDG 7: Affordable and Clean Energy” (सतत विकास लक्ष्य-7: सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा) थी। कार्यक्रम में 100 से अधिक हितधारकों ने भाग लिया, जिनमें उद्योग संघों, व्यापारियों, बीआईएस लाइसेंसधारियों, शैक्षणिक संस्थानों, ज्वैलर्स, गैर-सरकारी संगठनों (NGOs), RSTs, उपभोक्ता अधिकार समूहों तथा अन्य संबंधित संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे।

कार्यक्रम में श्री शंकर लालवानी, माननीय सांसद, इंदौर मुख्य अतिथि तथा सुश्री जसबीर कौर सासन, अध्यक्ष, उपभोक्ता शिकायत निवारण आयोग, इंदौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मंच पर प्रो. (डॉ.) एम.के. गोयल, बीआईएस चेयर, आईआईटी इंदौर; श्री मोहम्मद रिजवान, निदेशक एवं प्रमुख, बीआईएस भोपाल शाखा कार्यालय तथा श्री मोहम्मद तौसीफ, वैज्ञानिक-ई/निदेशक, बीआईएस भोपाल शाखा कार्यालय उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष अतिथियों के रूप में श्री राजेश गर्ग, अध्यक्ष, डिटर्जेंट्स एंड सर्फैक्टेंट एसोसिएशन; श्री संजय जैन, ज्वैलर्स डेवलपमेंट वेलफेयर एसोसिएशन तथा श्री मुकेश कुमार अमोलिया, राष्ट्रीय अध्यक्ष, जागरूक उपभोक्ता समिति भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात श्री मोहम्मद रिजवान ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का औपचारिक स्वागत किया तथा विश्व मानक दिवस और हितधारक सम्मेलन के महत्व एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में सुश्री जसबीर कौर सासन ने उपभोक्ता शिकायतों एवं सेवा प्रदाताओं के साथ होने वाले विवादों के निवारण में बीआईएस मानकों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने भवन संहिता तथा स्वर्ण आभूषणों की हॉलमार्किंग जैसे क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि मानक उपभोक्ता हितों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्य अतिथि श्री शंकर लालवानी ने अपने उद्घाटन संबोधन में गुणवत्तापूर्ण उत्पादों एवं सेवाओं के निर्माण तथा एक सुदृढ़ गुणवत्ता पारिस्थितिकी तंत्र (Quality Ecosystem) के विकास में बीआईएस मानकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण संस्कृति को बढ़ावा देना माननीय प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को ‘गुणवत्ता प्रतिज्ञा (Quality Pledge)’ भी दिलाई। इस अवसर पर वर्ष 2025–26 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार बीआईएस लाइसेंसधारियों को सम्मानित किया गया।

उद्घाटन सत्र के पश्चात तकनीकी सत्र आयोजित किया गया। प्रो. (डॉ.) एम.के. गोयल, बीआईएस चेयर, आईआईटी इंदौर ने “Shared Vision for a Better World: Spotlight on SDG 7 – Affordable and Clean Energy” विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने सभी के लिए सस्ती, विश्वसनीय, टिकाऊ एवं आधुनिक ऊर्जा की उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला तथा स्वच्छ ऊर्जा को प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन से भी जोड़ा। इसके अतिरिक्त श्री रामजी तिवारी, सिग्नेट इंडस्ट्रीज तथा श्री सौरभ सारथे, गोरानी इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अपनी-अपनी संस्थाओं द्वारा SDG 7 – सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में उठाए गए कदमों एवं पहलों के बारे में प्रस्तुतियां दीं।

श्री मोहम्मद तौसीफ, वैज्ञानिक-ई/निदेशक, बीआईएस भोपाल शाखा कार्यालय ने बीआईएस के कार्यों, विभिन्न पहलों तथा प्रमाणन से संबंधित गतिविधियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने विभिन्न दिशा-निर्देशों में हाल ही में किए गए परिवर्तनों की जानकारी भी प्रतिभागियों के साथ साझा की।

कार्यक्रम में एक प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें ज्वैलर्स, उपभोक्ता संगठनों तथा अन्य हितधारकों द्वारा बीआईएस प्रमाणन, मानकों, उपभोक्ता अधिकारों एवं संबंधित विषयों पर पूछे गए प्रश्नों का श्री मोहम्मद रिजवान द्वारा उत्तर दिया गया।

कार्यक्रम का समापन श्री आशुतोष राय, वैज्ञानिक-सी/उप निदेशक, बीआईएस भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा प्रस्तुत औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। हितधारक सम्मेलन ने बीआईएस, उद्योग, उपभोक्ता संगठनों एवं अन्य हितधारकों को एक साझा मंच प्रदान किया तथा गुणवत्ता, सतत विकास, उपभोक्ता संरक्षण एवं सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।

***


(रिलीज़ आईडी: 2320714) आगंतुक पटल : 17