सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रामनगर बंजारा बस्ती कोटा में राष्ट्रीय पोषण माह एवं स्वच्छता अभियान 6.0 पर जागरुकता कार्यक्रम

प्रविष्टि तिथि: 08 OCT 2026 4:05PM by PIB Jaipur

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केन्द्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा की ओर से महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से सुटिया तलाई स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, रामनगर बंजारा बस्ती कोटा में राष्ट्रीय पोषण माह एवं स्वच्छता अभियान 6.0 पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक श्री रामेश्वर लाल मीणा ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया गया, जिसका आज समापन दिवस है। इस वर्ष की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है। उन्होंने कहा कि संतुलित एवं विविध आहार, उचित पूरक आहार, स्वच्छ पेयजल और व्यक्तिगत स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर बच्चों, महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य में सुधार किया जा सकता है।


उन्होंने स्वच्छता अभियान 6.0 की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 2 से 31 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल कार्यालयों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लंबित कार्यों के निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित प्रबंधन, अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण तथा बेहतर एवं स्वच्छ कार्य वातावरण को बढ़ावा देना है।


महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला पर्यवेक्षक सुश्री महिमा सिगोदिया ने पोषण अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य कुपोषण को कम करना तथा बच्चों, महिलाओं एवं किशोरियों के पोषण स्तर में सुधार करना है। उन्होंने पोषण के साथ स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, स्तनपान और बच्चों की उचित देखभाल के महत्व पर भी प्रकाश डाला।


कार्यक्रम के दौरान पोषण एवं स्वच्छता विषय पर मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। महिलाओं को पोषण एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद बंजारा बस्ती में जागरुकता रैली निकालकर स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता अरोड़ा, सहायिका आशा वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।


(रिलीज़ आईडी: 2320752) आगंतुक पटल : 31