शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को एकेडमिक क्रेडिट से जोड़ने वाला देश का पहला विश्वविद्यालय बना सीयूएचपी

कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने पौधारोपण कर की पहल

विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल के लिए मिलेंगे विशेष एकेडमिक क्रेडिट

प्रविष्टि तिथि: 08 OCT 2026 4:35PM by PIB Shimla
Press Release photo


धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUHP) ने पर्यावरण संरक्षण को शिक्षा और विद्यार्थियों की अकादमिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए एक अभिनव पहल की है। विश्वविद्यालय के शाहपुर परिसर में आयोजित विशेष पौधारोपण कार्यक्रम में कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने अपनी पूजनीय माता जी श्रीमती परमेश्वरी देवी की पावन स्मृति एवं सम्मान में पौधा रोपित कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की।

इसके साथ ही CUHP देश का पहला ऐसा विश्वविद्यालय बन गया है, जिसने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को विद्यार्थियों के एकेडमिक क्रेडिट से जोड़ने की पहल की है। कुलपति की इस भावनात्मक और प्रेरणादायी पहल से प्रेरित होकर शाहपुर परिसर के विद्यार्थियों ने भी अपनी-अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाए। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कुलपति ने कहा कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके संरक्षण, सुरक्षा और निरंतर देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए पौधों की उचित देखभाल और संरक्षण को अकादमिक मूल्यांकन से जोड़ा जाएगा तथा इसके लिए विशेष एकेडमिक क्रेडिट प्रदान किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे विद्यार्थियों की शिक्षा, जिम्मेदारी और जीवन-मूल्यों का हिस्सा बनाना है।

SS/RK


(रिलीज़ आईडी: 2320772) आगंतुक पटल : 7