जनजातीय कार्य मंत्रालय
ट्राइफेड, जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जयपुर में 13 से 20 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा "आदि बाज़ार" "आदि बाज़ार" - जनजातीय शिल्प, संस्कृति और आजीविका की भावना का उत्सव
प्रविष्टि तिथि:
09 OCT 2026 12:36PM by PIB Jaipur
ट्राइफेड, जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार, जनजातीय समुदायों के पारंपरिक उत्पादों, आदिवासी हस्तशिल्प, हथकरघा एवं अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों के विकास, प्रचार-प्रसार एवं विपणन के माध्यम से जनजातीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
इसी क्रम में, ट्राइफेड, जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यालय, जयपुर, राजस्थान द्वारा दिनांक 13 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक के. के. स्क्वायर मॉल, सी स्कीम, जयपुर में "आदि बाज़ार जनजातीय शिल्प, संस्कृति और आजीविका की भावना का उत्सव" आयोजित किया जा रहा है। इस विशेष जनजातीय मेले का शुभारंभ 13 अक्टूबर 2026 को होगा।
आदि बाज़ार में लगभग 25 स्टॉलों के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों के जनजातीय कारीगरों एवं शिल्पकारों द्वारा तैयार हस्तशिल्प, कला, पेंटिंग, वस्त्र, आभूषण, मीनाकारी, बांस एवं बेंत शिल्प तथा जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जाएगी। मेले में विभिन्न राज्यों की विशिष्ट जनजातीय एवं पारंपरिक कलाओं और उत्पादों को एक ही मंच पर देखने एवं खरीदने का अवसर आमजन को मिलेगा।
प्रदर्शित प्रमुख उत्पादों में राजस्थान के बगरू प्रिंट वस्त्र एवं जयपुर ब्लू पॉटरी के सजावटी उत्पाद, गुजरात के बंधेज/बांधनी वस्त्र, कर्नाटक की बिदरी कला के घरेलू सजावटी उत्पाद, छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा की डोकरा कला, मध्य प्रदेश के बाघ प्रिंट वस्त्र, तमिलनाडु की टोडा बुनाई, उत्तरपूर्वी राज्यों के बांस एवं बेंत के उत्पाद, हिमाचल प्रदेश की पट्टू ऊनी बुनाई, महाराष्ट्र की वारली पेंटिंग, ओडिशा की सोरा पेंटिंग तथा मणिपुर की लॉन्गपी (ब्लैक पॉटरी) बनाने वाले जनजातीय कारीगरों द्वारा उक्त सामान की प्रदर्शनी एवं बिक्री हेतु भाग लिया जाएगा।
ट्राइफेड द्वारा आयोजित यह "आदि बाज़ार" प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के "आत्मनिर्भर भारत" एवं "वोकल फॉर लोकल" के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से जनजातीय कारीगरों एवं शिल्पकारों को उनके उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने, स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा कारीगरों की आय में वृद्धि के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
ट्राइफेड द्वारा देशभर में प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन (PMJVM) एवं प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (PM JANMAN) के अंतर्गत विभिन्न पहलों के माध्यम से जनजातीय समुदायों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इन योजनाओं के तहत गठित वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से जनजातीय समुदायों के लघु वनोपज/कृषि उपज उत्पादों में मूल्यवर्धन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं विपणन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
"आदि बाज़ार " का प्रमुख उद्देश्य जनजातीय कारीगरों एवं शिल्पकारों को सीधे बाजार से जोड़ना, दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत कारीगरों के उत्पादों को उपभोक्ताओं तक पहुंचाना तथा उनकी आजीविका एवं आय के अवसरों को सुदृढ़ करना है। यह आयोजन देश की समृद्ध जनजातीय कला एवं संस्कृति को आमजन के समक्ष प्रस्तुत करने के साथसाथ जनजातीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
आदि बाजार कार्यक्रम का उद्घाटन 13 अक्टूबर 2026 को सायं 5:00 बजे श्री गोपाल शर्मा, विधायक, सिविल लाइंस, जयपुर द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में तथा श्री दीपेश शर्मा, महासचिव, राजस्थान हाई कोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर द्वारा विशिष्ट अतिथि के रूप में किया जाएगा।
(रिलीज़ आईडी: 2321217)
आगंतुक पटल : 56