संचार मंत्रालय
भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण द्वारा यूपी पश्चिम एलएसए के अंतर्गत अगस्त 2026 माह के दौरान काठगोदाम से देहरादून रेलवे मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता का आकलन किया गया
प्रविष्टि तिथि:
09 OCT 2026 5:49PM by PIB Delhi
भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण द्वारा हल्द्वानी, लालकुआँ, रुद्रपुर सिटी, रामपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद जंक्शन, हरिद्वार आदि से होकर गुजरने वाले काठगोदाम से देहरादून रेलवे मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता का आकलन किया गया।
भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण ने आम दूरसंचार उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए अगस्त 2026 माह के दौरान यूपी पश्चिम एलएसए के अंतर्गत काठगोदाम से देहरादून रेलवे मार्ग पर अपनी नियुक्त एजेंसी के माध्यम से किए गए स्वतंत्र ड्राइव परीक्षण के निष्कर्ष जारी किए हैं। इस ड्राइव परीक्षण का उद्देश्य दूरसंचार सेवा प्रदाताओं द्वारा प्रदान की जाने वाली मोबाइल नेटवर्क सेवाओं (वॉयस एवं डेटा दोनों) की रिअल टाइम गुणवत्ता का आकलन और सत्यापन करना है। स्वतंत्र ड्राइव परीक्षण के दौरान दर्ज की गई सेवा गुणवत्ता (क्यूओएस) के प्रमुख मानकों पर दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के प्रदर्शन के परिणाम उपभोक्ताओं को सूचित करने और दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को अपनी सेवाओं में सुधार के लिए प्रोत्साहित करने हेतु प्रकाशित किए जाते हैं। इन स्वतंत्र ड्राइव परीक्षणों को शहरों, हॉटस्पॉट, सार्वजनिक परिवहन केंद्रों आदि जैसे विविध उपयोग परिवेशों में सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के मोबाइल नेटवर्क के वास्तविक प्रदर्शन का आकलन करने के लिए तैयार किया गया है।
ये परीक्षण भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय, भोपाल के पर्यवेक्षण में किए गए। ड्राइव परीक्षण रिपोर्टों में प्रस्तुत निष्कर्ष, ड्राइव परीक्षण किए जाने के दिन/समय पर परीक्षणाधीन क्षेत्र/मार्ग में दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के प्रदर्शन को दर्शाते हैं
उत्तर प्रदेश पश्चिम एलएसए में 13 अगस्त 2026 से काठगोदाम से देहरादून रेलवे मार्ग पर 335.8 किलोमीटर की सिटी ड्राइव के अंतर्गत ड्राइव परीक्षण किए गए
ड्राइव परीक्षण मार्ग का मानचित्र: निम्नलिखित मानचित्र, मानचित्र में दर्शाए गए संकेतों के अनुसार सिटी ड्राइव, ऑपरेटरों के बीच कॉलिंग, हॉटस्पॉट और पैदल परीक्षणों को दर्शाने वाले ड्राइव परीक्षण मार्गों का समग्र विवरण प्रस्तुत करता है: -

आकलन किए गए प्रमुख मानदंड
- कवरेज अंतराल: नमूनों का प्रतिशत, जिनमें संबंधित प्रौद्योगिकी (2जी/ 3जी/ 4जी/ 5जी) के लिए निर्धारित न्यूनतम सिग्नल शक्ति से कम सिग्नल शक्ति दर्ज की गई
- वॉयस सेवाएँ: कॉल सेटअप सफलता दर (सीएसएसआर), कॉल ड्रॉप दर (डीसीआर), कॉल सेटअप समय, कॉल साइलेंस (म्यूट) दर, वाक् गुणवत्ता (एमओएस)
- कॉल साइलेंस (म्यूट) की घटनाएँ: कॉल के दौरान कॉल साइलेंस (म्यूट) की घटनाओं की संख्या
- डेटा सेवाएँ: डाउनलोड/अपलोड थ्रूपुट, विलंबता, जिटर, पैकेट ड्रॉप दर
काठगोदाम से देहरादून रेलवे मार्ग पर प्रमुख मानदंडों के आधार पर मोबाइल नेटवर्क के समग्र प्रदर्शन का सारांश नीचे दिया गया है: -
- कवरेज अंतराल - काठगोदाम से देहरादून रेलवे मार्ग पर ड्राइव परीक्षण के दौरान स्वचालित चयन मोड (5जी/4जी/3जी/2जी) में वॉयस परीक्षण के समय दर्ज की गई सिग्नल शक्ति के अंतर्गत, एकत्र किए गए कुल नमूनों में से कमजोर सिग्नल शक्ति वाले नमूनों की संख्या एयरटेल के लिए 2833/23986, बीएसएनएल के लिए 6638/23597, आरजेआईएल के लिए 1734/23643 और वीआईएल के लिए 2774/24080 थी। कवरेज अंतराल का विवरण संलग्न मानचित्र में दिया गया है।
- ड्रॉप हुई कॉलें - काठगोदाम से देहरादून रेलवे मार्ग पर सफलतापूर्वक स्थापित कॉलों में से ड्रॉप हुई कॉलों की संख्या एयरटेल के लिए 5/115, बीएसएनएल के लिए 24/129, आरजेआईएल के लिए 5/124 और वीआईएल के लिए 6/126 थी। ड्रॉप हुई कॉलों के स्थानों का विवरण संलग्न मानचित्र में दिया गया है।
- डेटा डाउनलोड और अपलोड थ्रूपुट
i) डेटा डाउनलोड प्रदर्शन (समग्र): काठगोदाम से देहरादून रेलवे मार्ग पर औसत डाउनलोड गति एयरटेल (5जी) के लिए 113.02 एमबीपीएस, बीएसएनएल (4जी) के लिए 10.84 एमबीपीएस, आरजेआईएल (5जी) के लिए 156.76 एमबीपीएस और वीआईएल (5जी) के लिए 36.32 एमबीपीएस दर्ज की गई। डाउनलोड थ्रूपुट का विवरण संलग्न मानचित्र में दिया गया है।
ii) डेटा अपलोड प्रदर्शन (समग्र): काठगोदाम से देहरादून रेलवे मार्ग पर औसत अपलोड गति एयरटेल (5जी) के लिए 16.60 एमबीपीएस, बीएसएनएल (4जी) के लिए 4.83 एमबीपीएस, आरजेआईएल (5जी) के लिए 18.18 एमबीपीएस और वीआईएल (5जी) के लिए 8.47 एमबीपीएस दर्ज की गई। अपलोड थ्रूपुट का विवरण संलग्न मानचित्र में दिया गया है।
ड्रॉप हुई कॉलों के स्थान संलग्न मानचित्र पर लाल बिंदु पर क्लिक करके देखे जा सकते हैं।
आईडीटी के दौरान ड्राइव परीक्षण मार्ग और कवर किए गए क्षेत्र का विवरण निम्नानुसार है: -
- रेलवे मार्ग - हल्द्वानी, लालकुआँ, रुद्रपुर सिटी, रामपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद जंक्शन, हरिद्वार आदि से होकर काठगोदाम से देहरादून तक।
संलग्नक देखने के लिए यहाँ क्लिक करें
***
पीके/केसी/आरटी/पीके/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2321546)
आगंतुक पटल : 43