रेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM)-2026 के अंतर्गत योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित

यात्रियों को एकल उपयोग प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों, कचरा पृथक्करण एवं स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक

स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM)-2026 के अंतर्गत योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित

यात्रियों को एकल उपयोग प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों, कचरा पृथक्करण एवं स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक

प्रविष्टि तिथि: 09 OCT 2026 9:20PM by PIB Dehradun

आज दिनांक 09.10.2026 को मुरादाबाद मंडल के योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं ठोस अवशिष्ट प्रबंधन (SWM)-2026 के अंतर्गत यात्रियों के साथ ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना तथा रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने हेतु उनके सुझाव एवं प्रतिक्रियाएँ प्राप्त करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को एकल उपयोग प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए इसके उपयोग से बचने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही यात्रियों को चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग एवं कचरे के उचित पृथक्करण के महत्व के बारे में समझाया गया। उन्हें गीले एवं सूखे कचरे सहित विभिन्न प्रकार के कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने तथा स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। यात्रियों को बताया गया कि कचरे का सही पृथक्करण और उसका उचित निस्तारण स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में यात्रियों से रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं के संबंध में संवाद किया गया। इस दौरान यात्रियों से सुविधाओं में और अधिक सुधार करने हेतु उनके सुझाव एवं प्रतिक्रियाएँ प्राप्त की गईं, ताकि यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके और उनकी रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं सुखद बनाने की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जा सकें।
मुरादाबाद मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा यात्रियों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
मुरादाबाद मंडल रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे एकल उपयोग प्लास्टिक से बचें, कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा रेलवे स्टेशन एवं रेल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें। स्वच्छ रेल परिसर, स्वस्थ पर्यावरण और बेहतर यात्री सुविधाओं के निर्माण में प्रत्येक यात्री की भागीदारी महत्वपूर्ण है।


(रिलीज़ आईडी: 2321582) आगंतुक पटल : 7