रेल मंत्रालय
हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’ का आयोजन कर यात्रियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति किया गया जागरूक
यात्रियों से अपील कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक आदतों का हिस्सा बनाएं, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से बचें तथा रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें
प्रविष्टि तिथि:
09 OCT 2026 9:26PM by PIB Dehradun
मुरादाबाद मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत आज दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के साथ ‘रेल जन संवाद’ का आयोजन किया गया। इस जन संवाद का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देना तथा रेलवे स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों से संवाद स्थापित कर उन्हें सिंगल यूज़ प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। यात्रियों को समझाया गया कि प्लास्टिक कचरा पर्यावरण प्रदूषण का एक प्रमुख कारण है, जो भूमि एवं जल स्रोतों को दूषित करने के साथ-साथ प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को भी नुकसान पहुँचाता है। इसके साथ ही यात्रियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा इसके विकल्प के रूप में कपड़े अथवा अन्य पुनः उपयोग योग्य थैलों एवं पर्यावरण अनुकूल वस्तुओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

रेल जन संवाद के माध्यम से यात्रियों से अपील की गई कि वे यात्रा के दौरान स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करें, प्लास्टिक एवं अन्य कचरा इधर-उधर न फेंकें तथा निर्धारित कूड़ेदानों का ही उपयोग करें। यात्रियों को यह भी संदेश दिया गया कि रेलवे स्टेशन को स्वच्छ बनाए रखना केवल रेलवे प्रशासन की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक यात्री एवं नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत आयोजित इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा रेलवे परिसर में स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण हितैषी वातावरण को प्रोत्साहित करना है।
यात्रियों से अपील है कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक आदतों का हिस्सा बनाएं, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से बचें तथा रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
(रिलीज़ आईडी: 2321587)
आगंतुक पटल : 12