कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
प्रधानमंत्री जी ने 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में भारतीय दल के प्रतिनिधियों से बातचीत की
कौशल शिक्षण संस्थानों की महत्ता पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री जी ने कहा कि ये आईआईटी और आईआईएम से कमतर नहीं हैं
प्रधानमंत्री जी ने सुझाव दिया कि जिस तरह प्रौद्योगिकी बेहतर हो रही है, युवाओं को नए कौशल अपनाने और अपनी वर्तमान योग्यता को अपग्रेड करना ही चाहिए
प्रधानमंत्री जी ने भारत को कौशल मानव संसाधन के वैश्विक केंद्र के तौर पर स्थापित करने हेतु साझा प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया
प्रतिभागियों ने नए उपकरण, सॉफ्टवेयर, तकनीकी प्रणाली और कार्य प्रक्रियाओं को अपनाने के अपने अनुभव साझा किए
प्रविष्टि तिथि:
09 OCT 2026 5:30PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 2026 में शंघाई में हुई वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल के प्रतिनिधियों से 7, लोक कल्याण मार्ग में आज बातचीत की।
चर्चा के दौरान, प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता के अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने वैश्विक मंच पर अपने राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व व्यक्त किया। प्रतिभागियों ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान नए उपकरण, सॉफ्टवेयर, तकनीकी प्रणालियां और कार्य की प्रक्रियाओं को अपनाने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने सरकार की ओर से कौशल विकास की दिशा में किए गए कार्य के बारे में भी बताया जो युवाओं की मदद कर रहा है।
प्रधानमंत्री जी ने वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने उनसे कौशल विकास को आगे ले जाने का आग्रह किया।
विशेष कौशल की महत्ता को रेखांकित करते हुए, प्रधानमंत्री जी ने कहा कि जिस तरह प्रौद्योगिकी तेजी से विकास कर रही है, युवाओं को नए कौशल अर्जित करने, मौजूदा क्षमताओं को अपग्रेड करने और उभरती तकनीकों को अपनाने पर लगातार काम करना ही चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों से अंतर्राष्ट्रीय बाजार के जरूरतों के अनुसार कौशल का विकास करने और अपने अनुभवों व परामर्श के माध्यम से भारत के कौशल प्रशिक्षण पारिस्थितिकी तंत्र में सुधार करने में सहयोग करने का अनुरोध किया। उन्होंने भारत को कौशल मानव संसाधन का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए सरकार प्रशिक्षण संस्थानों के साथ युवाओं को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री जी ने कौशल विकास के लिए एक अलग मंत्रालय स्थापित करने के उद्देश्य पर जोर दिया और कहा कि कौशल प्रशिक्षण संस्थानों का महत्व आईआईटी और आईआईएम से बिल्कुल भी कम नहीं है। उन्होंने प्रतिभागियों को भारत की कौशल प्रशिक्षण प्रणाली को बेहतर बनाने में मदद करने के लिए सरकार के साथ अपने अनुभव और सुझाव साझा करने हेतु प्रोत्साहित किया।
वर्ल्डस्किल्स विश्व की अग्रणी अंतर्राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता है, जो प्रतिभागी देशों और क्षेत्रों के युवा पेशेवरों को व्यावसायिक और तकनीकी कौशल की एक विस्तृत श्रृंखला में उत्कृष्टता प्रदर्शित करने का एक मंच प्रदान करती है। 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता, वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026, 22 से 27 सितंबर 2026 तक शंघाई के राष्ट्रीय प्रदर्शनी और सम्मेलन केंद्र में आयोजित की गई थी। भारतीय दल ने 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता, शंघाई 2026 में 10वां स्थान प्राप्त किया और 6 रजत पदक और उत्कृष्टता के लिए 20 पदक जीते। अब तक के सबसे बड़े दल ने भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें 70 प्रतिभागी 63 कौशल श्रेणियों में भाग ले रहे थे।
इस संवाद में कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जयंत चौधरी और शिक्षा राज्य मंत्री व भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
***
पीके/केसी/आरटी/एमएम/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2321611)
आगंतुक पटल : 22