गृह मंत्रालय
जेल प्रशासन में वर्दीधारी महिलाओं का 5वां राष्ट्रीय सम्मेलन समापन सत्र
प्रविष्टि तिथि:
10 OCT 2026 10:51PM by PIB Bhopal
पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (BPR&D) द्वारा केंद्रीय पुलिस प्रशिक्षण अकादमी (CAPT), भोपाल में आयोजित जेल प्रशासन में वर्दीधारी महिलाओं पर दो दिवसीय 5वां राष्ट्रीय सम्मेलन आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन के समापन समारोह में डॉ वरुण कपूर, भा.पु.से. महानिदेशक जेल मध्य प्रदेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। 8-9 अक्टूबर 2026 तक चले इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की महिला जेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ वरिष्ठ जेल प्रशासकों, शिक्षाविदों और विषय विशेषज्ञों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सम्मेलन के द्वितीय दिवस का शुभारंभ "Gender-Responsive Corrections: From Best Practices to Institutional Reform" विषय आधारित सत्र से हुआ, जिसकी अध्यक्षता डॉ. सौम्या मिश्रा, IPS, महानिदेशक जेल तेलंगाना ने की। सत्र में प्रो. नीना पांडे, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं सुश्री पल्लवी कदम, अपर अधीक्षक यरवड़ा केंद्रीय कारागार पुणे ने लैंगिक संवेदनशील एवं समावेशी कारागार प्रशासन पर अपने विचार रखे।
तत्पश्चात "Model Prison Manual 2016: From Guidelines to Contemporary Practice" एवं "Incarcerated Mothers and Children: From Custody to Care and Continuity" विषयों पर विशेषज्ञ सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य, महिला बंदियों के अधिकार, मातृत्व एवं बाल कल्याण से संबंधित सुधारात्मक पहलों पर विस्तृत चर्चा हुई।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ वरुण कपूर, भा.पु.से. महानिदेशक जेल मध्य प्रदेश ने सुधारात्मक प्रशासन में महिलाओं की बढ़ती और नेतृत्वकारी भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक जेल प्रणाली को अधिक मानवीय, सुरक्षित और पुनर्वास-केंद्रित बनाने में महिला अधिकारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने राज्य सरकारों और संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाकर जेल सुधारों को और गति देने पर बल दिया।
BPR&D- CAPT, भोपाल के निदेशक श्री अनिल किशोर यादव भा.पु.से. द्वारा स्वागत भाषण दिया गया। BPR&D के महानिरीक्षक (अनुसंधान एवं सुधारात्मक प्रशासन) श्री जितेंद्र सिंह मीणा, भा.पु.से. द्वारा दो दिवसीय सम्मेलन की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
इस सम्मेलन का शुभारंभ माननीय केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री श्री बंडी संजय कुमार द्वारा दिनाँक 08 अक्तूबर 2026 को किया गया । BPR&D और CAPT, भोपाल के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी गणमान्य अतिथियों, वक्ताओं और देश भर से पधारे प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह सम्मेलन जेल सेवाओं में महिलाओं के नेतृत्व, पेशेवर क्षमता, और संस्थागत कल्याण को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ है। कार्यक्रम का समापन मुख्य अतिथि को स्मृति-चिन्ह भेंट, DIG, CAPT भोपाल द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव, राष्ट्र गीत व राष्ट्रगान एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।
***
(रिलीज़ आईडी: 2321852)
आगंतुक पटल : 17